शहर के वार्ड नंबर 5, गुरु नानक गौशाला के समीप स्थित एक अंडे के गोदाम पर देर रात तेजधार हथियारों से लैस 4-5 लोगो द्वारा जानलेवा हमला करने और लूटपाट का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर 7, रतिया निवासी विपिन कुमार ने बताया की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई साहिल कुमार और अभिनव कुमार के साथ गोदाम के बाहर खड़े थे। उसी दौरान तेजधार हथियारों से लैस 4-5 अज्ञात युवक वहां आ धमके और उन्होंने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। तीनों ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। शिकायत में आरोप लगाया कि बदमाश लूटपाट के इरादे से आए थे। उनके भागने के बाद आरोपियों ने गोदाम के ताले तोड़कर चोरी करने का प्रयास भी किया। पीड़ित का कहना है कि उनकी उक्त आरोपियों से कोई पुरानी रंजिश या लेनदेन नहीं है। पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित है, जिसे जांच के लिए पुलिस को सौंपने की बात कही गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई है।