शहर में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 196 तक पहुंच गया है। प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए नगर परिषद की ओर से विशेष मशीन के माध्यम से शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाया गया। नगर परिषद ने करीब 48 लाख रुपये की लागत से यह मशीन खरीदी है, जिसका उद्देश्य धूल के कणों को कम कर वायु गुणवत्ता में सुधार करना है। शनिवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में मशीन के माध्यम से पानी का छिड़काव किया गया। अधिकारियों के अनुसार, सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। हालांकि, प्रदूषण के स्तर में कमी लाने के लिए अन्य उपायों पर भी ध्यान देने की जरूरत है। वहीं, जिले में पराली जलाने के मामलों पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। अब तक पराली जलाने की पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें से तीन मामलों की पुष्टि हो चुकी है। शेष मामलों में संबंधित विभाग की ओर से जांच की जा रही है। पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भी लिखा गया है। प्रशासन की ओर से किसानों से फसल अवशेष नहीं जलाने की अपील की जा रही है।