जिला नागरिक अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में एक गर्भवती के बेड पर बच्चा को जन्म देने और समय पर उपचार नहीं मिलने पर नवजात की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों ने डॉयल 112 पर सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की वहीं मृतक के पिता बैंक कॉलोनी निवासी कुलदीप ने चिकित्सक पर नवजात की हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं महिला चिकित्सक नहीं होने का भी आरोप लगाया है, जबकि डिलीवरी के बाद मौके पर पुरुष चिकित्सक मौजूद था। बैंक कॉलोनी निवासी कुलदीप ने बताया कि उसकी तीन बेटियां है। चौथा बच्चे की डिलीवरी के लिए पत्नी को जिला नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे उसकी पत्नी को जच्चा-बच्चा वार्ड में दर्द तेज हो गया। वहां मौजूद पुरुष चिकित्सक से कहा कि डिलीवरी होने वाली है तो चिकित्सक ने कहा कि एक माह बाद डिलीवरी होगी अभी बच्चा नहीं होगा। परिजनों के ज्यादा दबाव देने पर चिकित्सक ने प्राइवेट रंगीन अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिख दिया। इसी दौरान महिला ने बेड पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद अफरा तफरी मची तो बच्चे की सांसे नहीं चल रही थी। कुलदीप का आरोप है कि अगर उसकी पत्नी की समय रहते लेबर रुम में नियमित तरीके से डिलीवरी कराई जाती तो उसका बच्चा बच सकता था। लेकिन चिकित्सक की लापरवाही से नवजात की जान गई है। संबंधित पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर इसकी नैकलीजेंसी बोर्ड से जांच की प्रक्रिया शुरू की है।