भिवानी। क्षेत्र के गांव पहाड़ी के ग्रामीण जंगली सूअरों के आतंक से जूझ रहे हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी को पत्र लिखकर वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सूअरों का झुंड फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है। गांव और आसपास के खेतों व जोहड़ों में 20 से 25 जंगली सूअरों का एक झुंड लगातार घूम रहा है। ये सूअर रात के समय खेतों में घुस जाते हैं। वे किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इससे किसानों की महीनों की मेहनत बेकार हो रही है। सूअरों का व्यवहार हिंसक है। इस कारण ग्रामीण महिलाएं और स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे भी हमले के डर में रहते हैं। शाम के बाद ग्रामीणों का बाहर निकलना भी असुरक्षित हो गया है। पहाड़ी गांव के ग्रामीण सोमबीर, जयकिशन, महावीर ने बताया कि जंगली सूअर अब रिहायशी मकानों के पास भी आ रहे हैं। लोग रात के समय बाहर निकलने से डरते हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी से जल्द से जल्द वन विभाग की टीम को पहाड़ी गांव भेजने का आग्रह किया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में देरी हुई और कोई घटना घटी तो लोहारू प्रशासन जिम्मेदार होगा। संवाद