जिले के गांव कालौद में शराब विवाद को लेकर हुए अनिल हत्याकांड में सीआईए द्वितीय भिवानी की टीम ने गांव देवसर पहाड़ी माता मंदिर के समीप से मुठभेड़ के बाद हत्या आरोपी को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। दरअसल हत्या आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगा और दो फायर कर डाले। इसी बीच पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो एक फायर आरोपी के पैर में जा लगा। पुलिस ने आरोपी से दो देशी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया है। डीएसपी अनूप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता विवेक ने पुलिस को बताया था कि 4 नवम्बर की रात करीब 11. 30 बजे वह अपने साथी अनिल के साथ पिकअप गाड़ी में बैठा हुआ था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर राजेश उर्फ मोटू, विकास उर्फ मोटिया, सोनू, निर्मल, कुलदीप और राहुल धनखड़ मौके पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार युवकों के हाथों में गंडासी, लोहे की नोजल, लाठी, बांस के डंडे और लकड़ी की फाटकी थी। विवेक का आरोप है कि आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। राजेश ने अनिल को गाड़ी से बाहर निकालकर उसके सिर पर गंडासी से वार किए, जबकि अन्य युवकों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पिकअप गाड़ी पर भी गंडासी से वार कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया और शीशे तोड़ दिए गए। एक युवक को चार गंभीर चोटें, अस्पताल में उपचार जारी शिकायत के अनुसार आरोपियों ने दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को पहले हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया था। जहां से उसे सपरा अस्पताल में रैफर किया गया था। सिवानी थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत तहत एफआईआर दर्ज की थी। हिसार के सपरा अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को 30 वर्षीय अनिल ने दम तोड़ दिया। इसी मामले में कालौद निवासी विकास उर्फ मोटिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू किया है।