भिवानी। गांव ढाणी श्यामा निवासी हरियाणा पुलिस के सिपाही 39 वर्षीय कपिल शर्मा की खेत में काम करते समय बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसा रविवार को खेत में सिंचाई के लिए पाइप लाइन बदलते समय हुआ। कपिल रविवार की छुट्टी होने के चलते अपने खेत में सिंचाई के लिए एल्यूमीनियम के पाइप बदल रहा था कि अचानक ऊपर से गुजर रही इलेवन केवी लाइन से छू गया। कपिल को करंट लगने के बाद अचेत अवस्था में अ स्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार कपिल शर्मा 2017 में हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही भर्ती हुआ था। रोहतक के सुनरिया में कांस्टेबल पद पर तैनात था। रविवार को छुट्टी होने के कारण वे अपने खेत में काम कर रहा था कि इसी दौरान ये हादसा हो गया। कपिल अपने परिवार का इकलौते सहारा था। उनके परिवार में पत्नी (गृहिणी), पांच वर्षीय बेटा ईशान और तीन वर्षीय बेटी रीशिता हैं। कपिल चार बहनों के इकलौते भाई था और भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। वर्ष 2014 में उनके पिता रघुबीर सिंह की हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। लोहारू पुलिस थाना के जांच अधिकारी राकेश ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई अनिल के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं कपिल शर्मा का अंतिम संस्कार गांव ढाणी श्यामा में पुलिस सम्मान के साथ हुआ। गांव के सरपंच राकेश शर्मा, पूर्व सरपंच मांगेराम शर्मा, मास्टर मनोहर लाल शर्मा, सोनू शर्मा, विष्णु शर्मा, सुशील शर्मा, महेंद्र शर्मा, धर्मबीर, मुकेश शर्मा ने हादसे पर दुख जताया। संवाद