भिवानी। श्याम सेवा समिति की ओर से गोगामेड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिलानी रोड स्थित गोशाला के बाहर पांच दिवसीय नि:शुल्क भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भंडारा पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें गोगामेड़ी जाने वाले यात्रियों के लिए खाने-पीने, ठहरने और स्नान करने की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। भंडारे में लोहारू के उपमंडल अधिकारी नागरिक मनोज दलाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। एसडीएम मनोज दलाल ने कहा कि धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य करना सराहनीय है। समाज के लोगों द्वारा मिलकर यात्रियों के लिए भोजन, पानी, विश्राम और स्नान जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाना मानव सेवा का अच्छा उदाहरण है। पांच दिवसीय भंडारे की अध्यक्षता सुरेश डीडवानिया द्वारा की जा रही है।