हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन का 18वां प्रांतीय सम्मेलन रविवार को नई कमेटी के गठन और आगामी तीन वर्षों की आंदोलन की रणनीति तय करने के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन में प्रदेशभर के विभिन्न डिपो से 450 से अधिक डेलीगेट शामिल हुए। सम्मेलन में रोडवेज बेड़े में 10 हजार नई बसें शामिल करने और कर्मचारियों की भर्ती सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन के दूसरे दिन राज्य प्रधान ने यूनियन की गतिविधियों और कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हर तीन साल में होने वाले इस सम्मेलन में रोडवेज की समस्याओं और कर्मचारियों के हितों पर चर्चा की गई। नई कमेटी के चुनाव के साथ आगामी कार्यकाल के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रोडवेज की करीब 10 हजार बसों की कमी है। यदि इतनी बसें बेड़े में शामिल की जाती हैं तो लगभग 60 हजार बेरोजगार युवाओं को स्थायी रोजगार मिल सकता है और जनता को सुरक्षित एवं सस्ती परिवहन सुविधा मिलेगी। सम्मेलन में ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन के महासचिव ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की परिवहन नीतियों पर सवाल उठाए। सरकारी परिवहन में नई बसें और कर्मचारियों की भर्ती नहीं की जा रही है तथा सार्वजनिक परिवहन को मिलने वाली सब्सिडी भी बंद की जा रही है। उन्होंने कहा कि 10 हजार नई बसें उपलब्ध करवाने सहित अन्य मांगों का मांगपत्र केंद्र और राज्य सरकार को सौंपा जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर देशभर के परिवहन कर्मचारी आंदोलन करेंगे।