नवरात्रों के पावन अवसर पर ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की। शास्त्री कॉलोनी और बाजीगर मोहल्ले में आयोजित माता की चौकी व भगवती जागरण में उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया और भजनों की धुनों पर श्रद्धालुओं के साथ झूमते नजर आए। शास्त्री कॉलोनी रेजिडेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित माता की चौकी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री अनिल विज ने विधिवत माथा टेककर आरती की। इस दौरान कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर वह खुद को रोक नहीं पाए और भक्तों संग जमकर झूमे। सोसाइटी के पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। इससे पूर्व, उन्होंने एफसीआई गोदाम के पास बाजीगर मोहल्ले में 10वें विशाल भगवती जागरण में भाग लिया और ज्योति प्रचंड कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभी को नवरात्रों व विजयादशमी की बधाई दी। आयोजकों के अनुरोध पर उन्होंने अपनी स्वैच्छिक कोष से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। भाजपा नेताओं व स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया।