गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर इनडोर स्टेडियम में 12 से 18 नवंबर तक आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कूड़ो प्रतियोगिताओं में अंबाला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक जीते। शुक्रवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचने पर अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने विजेता खिलाड़ियों व हरियाणा के मुख्य प्रशिक्षक रेंशी हेमंत शर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कूड़ो इंटरनेशनल फेडरेशन इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय कूड़ो प्रतियोगिता, 7वें फेडरेशन कप और 18वीं अक्षय कुमार अंतरराष्ट्रीय कूड़ो प्रतियोगिता में प्रणीत सकलानी व गुंजन ने 3-3 स्वर्ण, अवनी ने 2 स्वर्ण व 1 रजत तथा सौम्या ने 1 स्वर्ण पदक जीता। इनके अलावा जपलीन कौर ने रजत, जबकि सीड़क सिंह सिद्धू, अर्चिशा ठाकुर, हिमांक, तृप्तमन, हितेश नरवाल, युवराज बिष्ट और परीशा ने कांस्य पदक अपने नाम किए।