दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर और आर्ट्स फैकल्टी की ओर आने वाले रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से आर्ट्स फैकल्टी की तरफ जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात दिखाई दिए। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी है। मौके पर महिला पुलिसकर्मियों समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी सड़क पर लगातार गश्त करते और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते दिखे। कई स्थानों पर बैरिकेड लगाकर भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। वहीं, चुनावी माहौल के बीच छात्र और प्रत्याशियों के समर्थक भी आसपास सक्रिय नजर आए। सड़क पर जगह-जगह चुनावी पर्चे बिखरे दिखाई दिए। पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बीच छात्र अपने-अपने गंतव्य की ओर जाते नजर आए। चुनाव के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की निगरानी बनी हुई है