पीएनबी के ऐच्छर गांव स्थित सेक्टर-पाई शाखा में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले के पीड़ित खाताधारकों को अब मूलधन के बाद ब्याज की रकम वापस मिलने की उम्मीद जगी है। बैंक प्रबंधन ने खाताधारकों को ब्याज की रकम लौटाने के लिए एक समिति गठित की है। समिति ब्याज से संबंधित दावों और खातों का मिलान कर आगे की प्रक्रिया तय करेगी। बैंक में हुए घोटाले के बाद से खाताधारक अपनी जमा पूंजी वापस पाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे थे। बैंक प्रबंधन की ओर से अब तक 60 प्रभावित खाताधारकों में से 59 को उनकी रकम वापस की जा चुकी है। हालांकि, एक खाताधारक को अब भी अपनी रकम मिलने का इंतजार है। बैंक की ओर से शेष खाताधारक की रकम लौटाने की प्रक्रिया भी पूरी की जानी है। वहीं, अब तक जिन खाताधारकों को रकम वापस मिली है, उनमें से अधिकांश को केवल मूलधन ही लौटाया गया है। एफडी और जमा खातों पर मिलने वाला ब्याज अभी वापस नहीं किया गया है। इसको लेकर खाताधारक लगातार बैंक अधिकारियों से मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि बैंक में जमा रकम पर नियमानुसार मिलने वाला ब्याज भी उन्हें मिलना चाहिए। बैंक प्रबंधन ने अब इस दिशा में कदम उठाते हुए समिति बनाई है। समिति खाताधारकों के ब्याज से जुड़े मामलों की जांच करेगी। इसके बाद ब्याज की रकम लौटाने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। खाताधारकों को उम्मीद है कि समिति की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और उन्हें उनकी जमा पूंजी के साथ ब्याज की रकम भी वापस मिल सकेगी।