कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा कवरेज को बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। ईपीएफओ की अनिवार्य सदस्यता के लिए वेतन सीमा को ₹15 हजार से बढ़ाकर ₹25 हजार प्रति माह करने को मंजूरी दी गई है। इससे ऐसे कर्मचारियों को भी भविष्य निधि, पेंशन और जीवन बीमा जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जो मौजूदा वेतन सीमा के कारण ईपीएफओ के दायरे से बाहर रह जाते थे। सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, नई व्यवस्था से देशभर में 51 लाख से अधिक अतिरिक्त कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आएंगे। इनमें गौतमबुद्धनगर में एक लाख से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलने की बात कही गई है। नई वेतन सीमा संबंधी अधिसूचना 17 सितंबर 2026 को जारी की गई है।