नोएडा में राह चलते किसी की गलत नजर हो या अचानक सामने आई कोई मुश्किल परिस्थिति, अब बेटियां घबराने के बजाय उसका मुकाबला करने के लिए तैयार होंगी। जरूरत पड़ने पर खुद को कैसे सुरक्षित रखना है और संकट के समय किस तरह हिम्मत और सूझबूझ से काम लेना है, इसकी सीख भंगेल स्थित कन्या इंटर कॉलेज की 200 से अधिक छात्राओं ने ली। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें आत्मरक्षा की अलग-अलग तकनीकें सिखाई गईं, ताकि वे किसी भी अप्रिय स्थिति में खुद का बचाव कर सकें। कार्यक्रम का मकसद छात्राओं के भीतर डर को कम कर आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।