गुरुग्राम में महावीर चौक पर लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत ऑटो चालकों के लिए अलग से स्टैंड बनाया जाएगा। गौशाला ग्राउंड और रोडवेज डिपो के आसपास खड़े होने वाले ऑटो के लिए निर्धारित जगह तैयार की जाएगी। महावीर चौक शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां ऑटो के बेतरतीब खड़े होने से अक्सर यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है। ऑटो के लिए अलग स्टैंड बनने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा। नगर निगम और जीएमडीए की इस पहल का उद्देश्य चौक के आसपास यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना और वाहन चालकों को जाम से राहत दिलाना है।