गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर सातवीं बार बना गड्ढा, दो लेन किया बंद - सड़क धंसने के बाद बेरिकेड्स लगाकर रास्ता रोका, एनएचएआई व जीएमडीए की टीम पहुंची गड्ढा देखने गुरुग्राम। सोहना रोड पर एसडी आदर्श स्कूल के सामने गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर फिर से बड़ा गड्ढा बन गया है। सड़क धंसने का यह सातवां मामला है। करीब दो हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढा बनने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सीवर व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां पर सड़क धंसने के पीछे सीवर लाइन में रिसाव, जमीन के नीचे मिट्टी का कटाव या निर्माण कार्य में खामी की आशंका है। हालांकि, सड़क धंसने का वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।