फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम: कार चला रही महिला को होने लगा रक्तस्राव, पुलिस की ईआरवी टीम ने बचाई महिला की जान

गुरुग्राम पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी-265) टीम की त्वरित कार्रवाई से एक महिला की जान बचाई गई है। समय पर चिकित्सीय सहायता मिलने के कारण महिला की गंभीर स्थिति टल गई। पुलिस आयुक्त ने इस सराहनीय और मानवीय कार्य के लिए ईआरवी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। यह घटना मंगलवार, 29 सितंबर को सुबह करीब 5:45 बजे सेक्टर-23 गुरुग्राम क्षेत्र में हुई। एक 35 वर्षीय महिला अपनी कार से यात्रा कर रही थीं जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बेहोशी महसूस होने लगी तो उन्होंने अपने पति को फोन किया। महिला के पति मेदांता अस्पताल में लीवर की बीमारी के कारण उपचाराधीन थे। पति ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में संपर्क किया। सूचना मिलते ही ईआरवी-265 की पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। टीम ने पीड़िता को तुरंत निकटतम मनिपाल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि महिला को गर्भाशय में समस्या के कारण आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था। डॉक्टरों के अनुसार, यदि महिला को समय पर अस्पताल न पहुंचाया जाता तो उनकी स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी टीम दोबारा अस्पताल पहुंची। टीम में ईएएसआई दिनेश, ईएएसआई कृष्ण, सिपाही रवि कुमार और एसपीओ करतार सिंह शामिल थे। उन्होंने भर्ती पीड़िता की तबीयत के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में मौजूद पीड़िता के परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता की बहुत प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "जैसे ही 112/पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस टीम ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल पहुंचकर सहायता प्रदान की। गुरुग्राम पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई वास्तव में सराहनीय है।" पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई को संज्ञान में लिया गया। गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने ईआरवी-265 की पूरी टीम के सराहनीय कार्य के लिए उन्हें विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है। यह कदम पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाएगा। गुरुग्राम पुलिस आपात स्थितियों में नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें