गुरुग्राम शहर की सड़कों के किनारे ग्रीनबेल्ट विकसित करने और हरियाली को बनाए रखने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से दो बड़े कार्य कराए जाएंगे। सेक्टर-30/31, 40/41 और 31/40 की सेक्टर डिवाइडिंग रोड के ग्रीनबेल्ट में पौधरोपण और रखरखाव के कार्य पर करीब 1.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, सेक्टर-29 से 41, सेक्टर-88 से 98 और 99-115 क्षेत्र में मास्टर रोड के किनारे सफाई, पेड़ों की छंटाई और ग्रीनबेल्ट के रखरखाव के लिए करीब 4.20 करोड़ रुपये का कार्य प्रस्तावित है। जीएमडीए शहर की सड़कों के साथ ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज को हराभरा बनाने पर काम कर रहा है। इसके लिए मास्टर सड़कों के साथ हरियाली बढ़ाने पर जोर है। योजना का उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण में सुधार और प्रदूषण नियंत्रण करना है। योजना के तहत अमलतास, गुलमोहर, कचनार, स्पेथोडिया, टेबुबिया रोसिया, पिलखना, फिकस शीला और देसी अशोक समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।