गुरुग्राम शहर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने सीवर नेटवर्क की उन कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया है, जो वर्षों से आपस में जुड़ी ही नहीं थीं। आईआईटी गांधी नगर की रिपोर्ट के आधार पर शहर में ऐसे 84 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां सीवर लाइनें आपस में कनेक्ट नहीं हैं। इन मिसिंग लिंक के कारण सीवर का प्रवाह बाधित होने और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की बात सामने आई थी। अब नगर निगम ने इन प्वाइंट को जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल पटौदी चौक पर सीवर लाइन के मिसिंग प्वाइंट को जोड़ने का काम चल रहा है। निगम की टीम रिपोर्ट में चिन्हित अन्य स्थानों पर भी चरणबद्ध तरीके से काम कराने की तैयारी में है। अधिकारियों का कहना है कि सीवर नेटवर्क में जहां कनेक्टिविटी नहीं है, वहां लाइन को मुख्य नेटवर्क से जोड़ने के बाद पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है।