गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने सोमवार को एमजी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने सिकंदरपुर में यातायात की स्थिति का जायजा लेते हुए इंजीनियरिंग विंग को अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। इसके लिए ट्रैफिक कंसल्टेंट से मौजूदा यातायात का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा और तकनीकी विकल्पों के आधार पर डीपीआर तैयार की जाएगी। सीईओ ने इफ्को चौक का निरीक्षण कर इंजीनियरिंग विंग को एनएचएआई के साथ समन्वय कर व्यापक पुनर्विकास की योजना तैयार करने को कहा। एमजी रोड पर मॉल के पास फुटओवरब्रिज बनाने की संभावना भी जांची जाएगी। जीएमडीए की ओर से एमजी रोड के लिए समर्पित गश्ती दल बनाए गए हैं। ये दल नियमित निगरानी कर अतिक्रमण दोबारा होने पर कार्रवाई करेंगे। सीईओ ने संबंधित विंगों को एमजी रोड पर पैदल सुरक्षा, साफ-सफाई, व्यवस्थित पार्किंग और विकसित बुनियादी ढांचे के रखरखाव से जुड़े कार्यों को एकीकृत तरीके से करने के निर्देश दिए।