गुरुवार देर रात द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित लोडिंग ट्रॉले ने तीन कारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे एवीएल-36 सोसाइटी के सामने हुआ। एक भारी लोडिंग ट्रॉला तेज गति से आ रहा था और अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रॉले ने सड़क पर चल रही तीन कारों को एक के बाद एक अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ट्रॉला एक कार को घसीटते हुए हाईवे किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में गिरी कार के परखच्चे उड़ गए, जिससे उसमें सवार लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना में दोनों टैक्सियों में सवार कई लोगों को चोटें आईं, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।