द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ प्रस्तावित सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन को टर्मिनल स्टेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा। यहां मेट्रो यात्रियों के वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से अतिरिक्त जमीन मांगी है। गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत बसई से सेक्टर-101 तक स्पर लाइन बनाई जानी है। ऐसे में सेक्टर-101 में मेट्रो का टर्मिनल स्टेशन होगा। द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ इसकी लोकेशन होने के कारण यहां बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में स्टेशन के साथ पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जीएमआरएल की ओर से मेट्रो के अन्य स्टेशनों के लिए भी संबंधित विभागों से जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।