गाजियाबाद जिले के निवाड़ी के गांव आसिफपुर उजैड़ा के ग्रामीणों ने तालाब पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण तालाब को कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर दस साल से तहसील के चक्कर काट रहें है। गांव आसिफपुर उजैड़ा के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पहुंच कर गांव में तालाब पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत उपजिलाधिकारी मोदीनगर से की। ग्रामीण विनोद कुमार ने बताया कि गांव में लगभग 14 बीघे का तालाब है। लगभग आधे तालाब पर दबंगों ने अवैध कब्जाकर पक्के मकान बना लिए है। तालाब पर अवैध कब्जा होने के कारण गांव में जल निकासी की समस्या हो रही है। बरसात में गांव जलभराव हो जाता है। रास्ते पानी से लबालब हो जाते है। रास्तों में जलभराव के कारण गांव में संक्रमण फैल जाता है। ग्रामीण कई बार गंभीर बीमारी की चपेट में आ चुके है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह लगभग दस साल से तालाब को कब्जा मुक्त करने की मांग को लेकर तहसील के चक्कर काट रहें है,मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने उन्हें जांच करा कार्रवाई का भरोसा दिया।