खोड़ा स्थित हिंडन छठ घाट पर रविवार दोपहर तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। घाट के आसपास बाजार भी सज गया। नगरपालिका के साथ स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर से घाट को लाइट और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया। छठी मैया के प्रति आस्था का ऐसा दृश्य देखने को मिला कि मनोकामना पूरी होने पर कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए तो कुछ नंगे पैर घाट तक पहुंचे। आस्था के इस माहौल के बीच श्रद्धालुओं को गंदे पानी और बदबू के बीच पूजा करनी पड़ी। खोड़ा निवासी रिंकू ने बताया कि पिछले साल घाट का पानी साफ था, लेकिन इस बार अब तक पानी की सफाई नहीं हुआ है। इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पानी में एक डूबकी लगाने के बाद ही एक घंटे तक पानी में खड़े होकर अर्घ्य देना होता है।