मध्य प्रदेश में चल रही रष्ट्रीय स्तरीय अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में हरियाणा की टीम ने सीआईएसईसी को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। टीम की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की और अगले चरण में जगह बनाई। पहले एकल मुकाबले में हरियाणा की सान्वी ने दमदार खेल दिखाया। उन्होंने पहला सेट 15-9 से जीतकर बढ़त बनाई। दूसरे सेट में उन्हें 12-15 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद निर्णायक सेट में सान्वी ने वापसी करते हुए 15-11 से जीत दर्ज की और हरियाणा को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद युगल मुकाबले में ज्योति और मिशिका की जोड़ी मैदान पर उतरी। दोनों खिलाड़ियों ने तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दो सेट 15-10 और 15-10 से जीत लिए। इस जीत के साथ हरियाणा ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर तीसरे दौर में प्रवेश किया। इससे पहले बुधवार को हरियाणा की टीम ने गुजरात को 2-1 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी। जिला सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। अब टीम की निगाहें अगले मुकाबले में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर हैं।