कोरबा जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी पर सवार कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर और उनकी बहन ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। यह हादसा भिलाईबाजार तालाब के पास उस समय हुआ जब दोनों कुसमुंडा से वापस अपने घर लौट रहे थे। सही समय पर वाहन से नीचे कूद जाने के कारण दोनों हादसे में सुरक्षित बच गए और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
चलती स्कूटी से निकला धुआं
जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा से घर लौटते समय भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचते ही स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ा और वाहन में आग भड़क उठी। स्कूटी में आग लगते ही उस पर सवार भाई-बहन घबरा गए। उन्होंने तुरंत वाहन रोकने की कोशिश की और किसी तरह उससे नीचे कूद गए। दोनों के सुरक्षित हटते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने का मामला सामने आया था। उस दौरान भी स्कूटी पर सवार पूरा परिवार बाल-बाल बचा था। भिलाईबाजार की घटना में आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों के बीच चिंता काफी बढ़ रही है।