फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Yevgeny Prigozhin: mysterious deaths in Russia who rebelled against Putin

रूस में रहस्यमयी मौतों का पुतिन कनेक्शन: कोई खिड़की से गिरा, किसी की लाश पेड़ पर मिली, किसी को दिया गया जहर

Thu, 24 Aug 2023 01:13 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Thu, 24 Aug 2023 01:13 PM IST
विज्ञापन
सार
Mysterious Deaths In Russia: पिछले एक साल के अंदर रूस के 10 से ज्यादा रइसों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर के संबंध किसी न किसी तरह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से रहे हैं। इनमें से कई तेल और गैस के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। आज हम आपको ऐसी ही कुछ रहस्यमयी मौतों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं...
loader
Yevgeny Prigozhin: mysterious deaths in Russia who rebelled against Putin
रूस के कई उद्योगपतियों की मौत हो चुकी है। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

पिछले दिनों रूस के शक्तिशाली राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की खिलाफत कर इसकी निजी सेना के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन दुनियाभर में चर्चा में रहे। अब प्रिगोझिन के रूस की राजधानी मॉस्को के उत्तर में एक विमान हादसे में मौत का दावा किया जा रहा है। हालांकि, रूसी सरकार ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। 


जानकारी के मुताबिक मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा एक एम्ब्रेयर बिजनेस जेट बुधवार शाम मॉस्को के उत्तर में टावर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 10 लोग सवार थे, सभी की मौत हो गई। वहीं इस दुर्घटना के बाद रूसी नागरिक उड्डयन के प्रमुख ने जेट के सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के नाम प्रकाशित किए, जिनमें येवगेनी प्रिगोझिन का भी उल्लेख था।


फिलहाल, संघीय वायु परिवहन एजेंसी दुर्घटना की जांच कर रही है। जांच समिति के मुख्य जांच विभाग ने हवाई परिवहन सुरक्षा और संचालन नियमों के संभावित उल्लंघन की आपराधिक जांच शुरू कर दी है। प्रिगोझिन की मौत की खबर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले एक साल के अंदर रूस के 10 से ज्यादा रईसों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर के संबंध किसी न किसी तरह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से रहे हैं। इनमें से कई तेल और गैस के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। आज हम आपको ऐसी ही कुछ रहस्यमयी मौतों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं...

एजेक्जेंडर ट्युलाकोव
एजेक्जेंडर ट्युलाकोव - फोटो : सोशल मीडिया
1. एजेक्जेंडर ट्युलाकोव: रूस और यूक्रेन जंग शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही गजप्रॉम तेल कंपनी से जुड़े दिग्गज व्यवसायी अलेक्जेंडर ट्युलाकोव का शव उनके घर के गैराज में फंदे पर झूलते हुए मिला था। पुलिस जब जांच को पहुंची तो कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर घुसने नहीं दिया। काफी देर बाद उन्हें पुलिस को अंदर जाने दिया गया। ठीक इसी तरह कुछ दिन बाद यूक्रेन के तेल व्यवसायी मिखाईल वाटफोर्ड की लाश भी गैराज में फांसी के फंदे पर मिली थी। 
 

मिखाइल वाटफोर्ड
मिखाइल वाटफोर्ड - फोटो : सोशल मीडिया
2. मिखाइल वाटफोर्ड: रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के कुछ दिन बाद 28 फरवरी को दक्षिण पूर्व इंग्लैंड के अपने घर में यूक्रेन के व्यवसायी मिखाइल वाटफोर्ड मृत मिले थे। वाटफोर्ड की लाश उनके घर के गैराज में फांसी के फंदे से मिली थी। 
 

व्लादिस्लाव अवायव
व्लादिस्लाव अवायव - फोटो : सोशल मीडिया
3. व्लादिस्लाव अवायव: 18 अप्रैल को रूसी गैस कंपनी के बैंक गजप्रॉमबैंक के पूर्व उपाध्यक्ष व्लादिस्लाव अवायव, उनकी पत्नी और बेटी की मॉस्को के एक अपार्टमेंट में मृत मिले थे। अपार्टमेंट अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर सबसे पहले पुलिस की नजर मरे हुए अवायव पर पड़ी जिनके हाथ में बंदूक थी। उनकी गर्भवती पत्नी और उनकी बेटी उनके बगल में फर्श पर थीं और दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी। अधिकारियों ने इसे पारिवारिक विवाद बताया। ठीक इसी तरह अगले ही दिन रूस के नेचुरल गैस कंपनी नोवाटेक के महाप्रबंधक सर्गेई प्रोटोसेन्या, उनकी पत्नी और उनकी बेटी की मौत हुई थी। 
 

4. सर्गेई प्रोटोसेन्या:  इसी साल 19 अप्रैल को स्पेन के कैटालोनिया में रूस के दिग्गज बिजनेसमैन सर्गेई प्रोटोसेन्या, उनकी पत्नी और बेटी की लाश मिली थी। प्रोटोसेन्या की लाश घर के बगीचे में लटकी मिली थी, जबकि पत्नी और बेटी की किसी धारदार हथियार से हत्या की गई थी। प्रोटोसेन्या के बेटे ने जब कई बार पिता को फोन किया और नहीं उठा तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस जब उनके घर पहुंची तो लाशों का ढेर देखकर दंग रह गई। सर्गेई प्रोटोसेन्या रूस के नेचुरल गैस कंपनी नोवाटेक के महाप्रबंधक थे। 
 

5. अलेक्जेंडर सुबोटिन: रूस की तेल कंपनी लुकोईल के पूर्व महाप्रबंधक अलेक्जेंडर सुबोटिन की मौत भी संदिग्ध हालत में हुई। इसी साल सात मई उनकी लाश मॉस्को के एक तहखाने में मिली थी। जांच हुई तो उनके शरीर में जहर मिला। पता चला कि किसी ने उन्हें जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला। मौत से पहले अलेक्जेंडर को खूब शराब और ड्रग्स भी दी गई थी। अलेक्जेंडर उसी कंपनी में थे, जिसके मालिक रविल मागनोव थे। अलेक्जेंडर के बाद ही रविल की भी संदिग्ध मौत हो गई थी। 
 

6. यूरी वोरोनोव: 19 जुलाई को सेंट पीटर्सबर्ग स्थित अपने घर के स्विमिंग पूल में 61 साल के यूरी वोरोनोव का मृत शरीर पानी में तैरता मिला था। यूरी रूस के बड़े व्यवसायी थे। वह एस्ट्रा शिपिंग कंपनी के सीईओ और संस्थापक थे। यूरी वोरोनोव के शरीर पर गोली का निशान मिला। पुलिस के मुताबिक किसी ने उनकी गोली मारकर हत्या की है। रूसी जांच एजेंसी ने बताया कि मृत शरीर मिलने से करीब 14 घंटे पहले उनकी मौत हुई थी। वोरोनोव की पत्नी ने पुलिस को बताया कि पैसे को लेकर बिजनेस पार्टनर के साथ उनका झगड़ा हुआ था।  
 

7. रविल मगनोव : इसी साल 31 अगस्त को रूस के सबसे बड़े तेल व्यवसायी और व्लादिमीर पुतिन के करीबी रविल मगनोव की मॉस्को के एक अस्पताल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। रविल की मौत भी अस्पताल की खिड़की से नीचे गिरने से हुई थी। हालांकि, तेल कंपनी ‘लुकोइल’ ने अपने बयान में कहा कि रविल मगनोव की मौत एक गंभीर बीमारी से हुई है। रविल ने राष्ट्रपति पुतिन की यूक्रेन युद्ध को लेकर आलोचना की थी। तीन मार्च 2022 को रविल मगनोव ने एक कार्यक्रम में रूस और यूक्रेन जंग पर कहा था कि बातचीत के जरिए जल्द से जल्द इस जंग को खत्म करना चाहिए। रविल की मौत के बाद उनकी कंपनी और रूसी मीडिया एजेंसी ने अलग-अलग बयान जारी कर दिए। 
 

8.  पावेल एंतोव : 65 साल के पावेल एंतोव रूस के सांसद थे और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पार्टी के सदस्य थे। दिसंबर 2022 में होटल के बाहर पावेल की लाश खून से लथपथ मिली थी। आशंका जताई जा रही थी कि होटल के तीसरी मंजिल की खिड़की से गिरने के चलते पावेल की मौत हुई। दिसंबर में ही पावेल के दोस्त और रूस के सांसद व्लादिमीर बिडेनोव उसी होटल में मृत पाए गए थे। वह होटल की पहली मंजिल पर अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े थे। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यूं तो पावेल रूस के राष्ट्रपति पुतिन की समर्थक पार्टी से थे, लेकिन यूक्रेन से युद्ध के बाद से उन्होंने पुतिन की खूब आलोचनाएं शुरू कर दीं थीं। उन्होंने रूस की तरफ से कीव पर की जा रहीं एयर स्ट्राइक्स को रूसी आतंक करार दिया था और कहा था कि हमले में यूक्रेनी नागरिकों की जान जा रही है। 
 

पुतिन के इन आलोचकों की भी हो चुकी है संदिग्ध मौत

अलेक्जेंडर लिट्विनेंको : केजीबी के पूर्व एजेंट और राष्ट्रपति पुतिन के आलोचक अलेक्जेंडर लिट्विनेंको की भी संदिग्ध मौत हो चुकी है। लिट्विनेंको के शरीर में रेडियोएक्टिव पोलेनियम जहर पाया गया था। लिट्विनेंको एफएसबी के डायरेक्टर थे, जिसे पुतिन संचालित करते थे। बाद में उन्होंने इसे छोड़ने के बाद पुतिन की जमकर आलोचना की थी। लिट्विनेंको ने 1991 में एक अपार्टमेंट में हुई बमबारी के लिए भी पुतिन को जिम्मेदार ठहराया था। इसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।  
 

अन्ना पोलितकोवस्काया : रूस की पत्रकार अन्ना पोलितकोवस्काया की 2006 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त अन्ना अपने अपार्टमेंट की लिफ्ट में थीं। उन्होंने एक किताब लिखी थी, जिसमें पुतिन की खूब आलोचना की गई थी। 
 

डेनिस वोरोनेंकोव : रूस के सांसद डेनिस वोरोनेंकोव की यूक्रेन की राजधानी कीव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। डेनिस पुतिन के आलोचक थे और विवाद बढ़ने पर वह रूस छोड़कर यूक्रेन चले गए थे। 2017 में एक होटल में उन्हें अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। डेनिस ही वह शख्स थे, जिन्होंने पुतिन की ओर से 2014 में क्रीमिया पर कब्जा करने को लेकर विरोध जताया था। 
 

मिखाइल लेसिन : 2017 में रूस के पूर्व प्रेस मंत्री मिखाइल लेसिन की वॉशिंगटन के एक होटल में पीट-पीटकर मार डाला गया था। 
 

बोरिस नेमत्सोव : रूस के विपक्षी दल के नेता बोरिस नेमत्सोव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बोरिस डिप्टी पीएम भी रह चुके थे। इसके अलावा पॉल क्लेब्निकोव, बोरिस बेरेज़ोव्स्की, स्टानिस्लाव मार्केलोव, अनास्तासिया बाबूरोवा, सर्गेई मैग्निट्स्की, नतालिया एस्टेमिरोवा, सर्गेई युशेनकोव, यूरी शेकोचिखिन समेत कई रूसी व्यवसायियों और नेताओं की संदिग्ध मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed