फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   New York City passes bill to ban horse-drawn carriages following death of Indian teen in Central Park

न्यूयॉर्क में घोड़ागाड़ी पर लगेगी रोक: भारतीय किशोर की मौत के बाद बड़ा फैसला, विधेयक पारित; क्या है रोमांच लॉ?

Fri, 23 Oct 2026 10:05 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क। Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 23 Oct 2026 10:05 PM IST
सार

न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ी से गिरने के बाद भारतीय पर्यटक की मौत ने न्यूयॉर्क में पुरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। अब न्यूयॉर्क नगर परिषद ने घोड़ागाड़ी उद्योग को बंद करने वाले कानून को मंजूरी दे दी है। क्या 2028 तक घोड़ागाड़ियों का यह चलन पूरी तरह खत्म हो जाएगा? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
New York City passes bill to ban horse-drawn carriages following death of Indian teen in Central Park
न्यूयॉर्क में पूरी तरह खत्म हो जाएगा घोड़ागाड़ियों का चलन?  - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एक्स/ह्यूमन वर्ल्ड फॉर एनिमल्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूयॉर्क शहर में घोड़ागाड़ी की सवारी बंद करने के लिए एक विधेयक पारित किया गया है। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ी से जुड़ी एक दर्दनाक घटना में भारतीय किशोर की मौत हो गई थी। इसके बाद इस पर रोक लगाने की मांग फिर तेज हो गई थी। कई महीनों तक प्रयास किए गए। अब शहर की परिषद ने इस दिशा में कदम उठाया है।
विज्ञापन


न्यूयॉर्क नगर परिषद ने गुरुवार को 'रोमांच लॉ' को मंजूरी दी। इसके तहत सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। यह प्रक्रिया 1 जून 2028 तक पूरी होगी। साथ ही, उन कर्मचारियों के हितों की रक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी, जिनकी आजीविका लंबे समय से इस उद्योग पर निर्भर है।
विज्ञापन


विधेयक के पक्ष में 40 वोट पड़े। सात सदस्यों ने इसके खिलाफ मतदान किया। दो सदस्यों ने मतदान से दूरी बनाई। अब यह विधेयक हस्ताक्षर के लिए न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी के पास भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: जॉर्डन: चर्च में गोलीबारी में सात की मौत, कई लोगों के घायल होने की खबर; संदिग्धों की तलाश कर रहे सुरक्षा बल

क्यों बना यह कानून?
इस कानून का नाम रोमांच महाजन के नाम पर रखा गया है। 18 वर्षीय रोमांच भारत से घूमने आए थे। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ी से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसी घटना के बाद यह विधेयक पारित किया गया।

महाजन की मौत के तुरंत बाद नगर परिषद ने घोड़ागाड़ी उद्योग को लेकर सुनवाई की थी। इसमें इस उद्योग को बंद करने के लिए संभावित कानूनी कदमों पर विचार किया गया। परिषद ने घोड़ागाड़ी के मालिकों और संचालकों की राय भी ली।

नगर परिषद ने एक बयान में कहा कि इस विधेयक के जरिये अगले 19 महीनों में इस उद्योग को धीरे-धीरे बंद किया जाएगा। इसके साथ ही, कर्मचारियों और घोड़ों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से इस बदलाव के अनुकूल बनाने की व्यवस्था की जाएगी।

परिषद ने रोक लगाने के पक्ष में क्या कहा?
नगर परिषद की अध्यक्ष जूली मेनिन ने इस कानून के पारित होने को इतिहास बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि रोमांच महाजन की मौत दुखद थी और इसे रोका जा सकता था। इस घटना ने दशकों से उठ रही चिंताओं के बाद तत्काल कार्रवाई की जरूरत को सामने रखा।

उन्होंने कहा कि पशु कल्याण को लेकर लंबे समय से चिंताएं थीं। इसके अलावा, अत्यधिक गर्मी की स्थिति भी लगातार गंभीर होती जा रही है। सेंट्रल पार्क में भीड़ भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। यहां हर साल 4.2 करोड़ से अधिक लोग आते हैं। ऐसे में पुरानी व्यवस्था को जारी रखना अब टिकाऊ और सुरक्षित नहीं रह गया है। इससे घोड़ों और लोगों, दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।

मेनिन ने कहा कि 'रोमांच लॉ' को पारित करने के लिए हुआ यह ऐतिहासिक मतदान पशु कल्याण, सार्वजनिक सुरक्षा और कर्मचारियों के संरक्षण के प्रति नगर परिषद की प्रतिबद्धता दिखाता है। उन्होंने बताया कि परिषद ने तेजी से कार्रवाई की। इस दौरान घोड़ागाड़ी चालकों, पशु कल्याण के लिए काम करने वाले लोगों, शहर के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों की कई घंटों तक बात सुनी गई।

मेनिन ने कहा कि इसके बाद तैयार की गई योजना में इस उद्योग को बंद करने की समयसीमा तय की गई है। साथ ही, कर्मचारियों के लिए व्यापक बदलाव योजना तैयार की जाएगी। इससे उन मेहनती न्यूयॉर्कवासियों की आजीविका सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी, जो इस उद्योग पर निर्भर हैं।

कानून लागू होने के बाद क्या बदलेगा?
नगर परिषद के सदस्य क्रिस्टोफर मार्टे ने 'रोमांच लॉ' पेश किया था। इसके तहत 1 जून 2028 या उसके बाद घोड़ों, घोड़ागाड़ियों और घोड़ागाड़ी चालकों के लिए नए लाइसेंस जारी नहीं किए जाएंगे। इस तरह घोड़ागाड़ी उद्योग को धीरे-धीरे बंद कर दिया जाएगा। विधेयक के लागू होने की तारीख तक सक्रिय सभी लाइसेंस 31 मई 2028 को स्थायी रूप से समाप्त हो जाएंगे। इसके बाद उन्हें नवीनीकृत कराने की जरूरत नहीं होगी।

मार्टे ने कहा कि दशकों की बहस के बाद इस मुकाम तक पहुंचने में पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले लोगों के लगातार प्रयासों और महाजन परिवार के साहस की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अब घोड़ों को सुरक्षित तरीके से इस काम से हटाया जा सकेगा। साथ ही, कर्मचारियों को अपने भविष्य के लिए नए रास्ते बनाने में मदद मिलेगी।


पशु कल्याण से जुड़े संगठनों ने क्या कहा?
पशु कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन एनिमल वेलनेस एक्शन ने नगर परिषद के फैसले का स्वागत किया। संगठन ने कहा कि घोड़ागाड़ी उद्योग को बंद करने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के सबसे व्यस्त शहरी इलाकों में से एक में काम करने के दौरान घोड़ों को होने वाले खतरों से बचाने के लिए दशकों से प्रयास किए जा रहे थे।

एनिमल वेलनेस एक्शन और सेंटर फॉर अ ह्यूमेन इकोनॉमी के अध्यक्ष वेन पैसेल ने कहा कि यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत और उन लोगों के दृढ़ संकल्प का नतीजा है, जिन्होंने न्यूयॉर्क शहर के लिए अधिक मानवीय भविष्य की उम्मीद नहीं छोड़ी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed