फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates West Asia Russia US Israel Hezbollah Pakistan India Nepal Sri Lanka UN latest news in hindi

World: ईरान को इस्राइल के जवाब पर CIA निदेशक की नजर, भारत-इटली की नौसेना का ऐतिहासिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास

Tue, 08 Oct 2024 03:40 AM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 08 Oct 2024 03:40 AM IST
विज्ञापन
World Updates West Asia Russia US Israel Hezbollah Pakistan India Nepal Sri Lanka UN latest news in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (यूकेपीएनपी) ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में कश्मीरियों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा। पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओजेके) में कश्मीरियों की रोज हत्याएं हो रही हैं।  लेकिन अपराधी न तो गिरफ्तार किए गए और न ही पीड़ित परिवार की मदद के लिए कोई कदम उठाया जा रहा है। पीओजेके के समाहनी, भीम्बर निवासी चौधरी दानिश को हाल में पाकिस्तान के लाला मूसा इलाके में एक कारखाने में काम करने के दौरान गोली मार दी गई थी। इस घटना का जिक्र करते हुए यूकेपीएनपी के केंद्रीय प्रवक्ता सरदार नासिर अजीज खान ने एक बयान में कहा, पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले क्षेत्रों में कश्मीरियों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने कहा, 2023 से अब तक पाकिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में दर्जनों कश्मीरी अपनी जान गंवा चुके हैं।

विज्ञापन


ट्रेकोमा को खत्म करने के लिए डब्ल्यूएचओ ने भारत को किया सम्मानित
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने ट्रेकोमा को सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या से खत्म करने के लिए मंगलवार को भारत को सम्मानित किया। इस क्षेत्र में नेपाल और म्यांमार के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत तीसरा देश बन गया है। इसके अलावा, डब्ल्यूएचओ ने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर को समाप्त करने अंतरिम लक्ष्यों को हासिल करने के लिए भूटान, हेपेटाइटिस बी पर नियंत्रण के लिए मालदीव और श्रीलंका और लिम्फेटिक फिलेरियासिस को समाप्त करने के लिए तिमोर-लेस्टे को भी सम्मानित किया।
विज्ञापन

 

नेपाल में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भारत ने सौंपी राहत सामग्री
नेपाल में हाल में आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों के लिए भारत ने सोमवार को आपातकालीन राहत सामग्री की खेप सौंपी। काठमांडो में भारतीय दूतावास के अनुसार, भारत सरकार की ओर से राहत सामग्री बांके के मुख्य जिला अधिकारी खगेंद्र प्रसाद रिजाल को सौंपी गई। 4.2 टन राहत सामग्री की खेप में तिरपाल, स्लीपिंग बैग, कंबल, क्लोरीन की गोलियां और पानी की बोतलें भारत से नेपालगंज पहुंचाई गई। 

एप स्टोर को प्रतिस्पर्धा के लिए खोले गूगल: अमेरिकी कोर्ट
एक अमेरिकी कोर्ट ने गूगल का स्वामित्व रखने वाली कंपनी अल्फाबेट इंक को निर्देश दिया है कि मोबाइल एप कारोबार में बदलाव करे व एंड्राइड यूजर्स को एप डाउनलोड के मामले में ज्यादा विकल्प दे। सान फ्रांसिस्को के अमेरिकी जिला जज जेम्स डोनाटो ने उन बदलावों को भी स्पष्ट किया जो गूगल को अपने बेहद लाभदायक प्ले स्टोर कारोबार को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए करने ही होंगे। इन बदलावों के बाद दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन सर्च इंजन गूगल को अपने प्ले स्टोर पर विरोधी कंपनियों के एंड्राइड एप्स को भी जगह देनी होगी। डोनाटो ने पहले की सुनवाई में कहा था कि वह आदेश को लागू करने और निगरानी करने के लिए तीन सदस्यीय अनुपालन और तकनीकी समिति की स्थापना करेगा। 2020 में दायर एक मुकदमे में गूगल पर प्ले स्टोर तक एंड्राइड एप्स की पहुंच और इनके जरिये पैसे के लेन-देन के मामले में एकाधिकार का आरोप लगा था। जूरी ने सुनवाई के दौरान गूगल पर लगाए गए आरोप को सही पाया था।

विज्ञापन

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से अमेरिका की अपील- अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा करें
अमेरिका ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा करने का आग्रह किया है, खासकर जब हिंदू समुदाय दुर्गा पूजा जैसे अपने सबसे बड़े त्योहार को मना रहे हैं। यह अपील पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे और अगस्त में भारत में उनके पलायन के बाद अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर बढ़ते हमलों के मद्देनजर की गई है।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने पत्रकारों से कहा, 'हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करना चाहते हैं, जैसा कि दुनिया भर में होता है।' मिलर कुछ धार्मिक कट्टरपंथियों द्वारा हिंदू समुदाय के लिए उत्पन्न खतरे पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे, क्योंकि वे अपना सबसे बड़ा त्योहार, दुर्गा पूजा मनाते हैं। भारत ने भी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से दक्षिण एशियाई देश में हिंदू समुदाय के लिए शांतिपूर्ण धार्मिक आयोजन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

श्रीलंका के मंत्री ने चीनी सैन्य प्रशिक्षण पोत के आगमन का किया समर्थन
श्रीलंका के नए विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने मंगलवार को सरकार के उस फैसले का समर्थन किया, जिसके तहत चीनी सैन्य प्रशिक्षण पोत को कोलंबो आने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश की कूटनीतिक गतिविधियों के तहत लिया गया है और इसके आने से कोई खतरा पैदा नहीं होगा। 
 
चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का प्रशिक्षण पोत पो लांग नौसैनिकों की पेशेवर क्षमताओं को बढ़ाने के उद्देश्य से कोलंबो बंदरगाह पहुंचा है। विजिथा ने कहा, हम सभी देशों के साथ संतुलित कूटनीतिक संबंध बनाए रखना चाहते हैं। हम सैन्य प्रशिक्षण पोतों को आने की अनुमति देकर खुश हैं। ये कोई खतरा नहीं है। जर्मनी और अमेरिका से भी सैन्य पोत श्रीलंका में आ चुके हैं। पिछली सरकार ने श्रीलंका के विशेष आर्थिक क्षेत्र में विदेशी वैज्ञानिक अनुसंधान सर्वेक्षण जहाजों को दी गई अनुमति पर रोक लगा दी थी। हेराथ ने जुलाई में कहा था कि श्रीलंका इस रोक की समीक्षा करेगा, ताकि यह तय किया जा सके कि इसे जारी रखना है या हटाना है। 

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री बोले- पुलिस ने मेरे साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार किया
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने कहा कि पुलिस ने हाल ही में उनके साथ आतंकवादी की तरह व्यवहार किया। हाल ही में इस्लामाबाद में पीटीआई की रैली हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने कई पीटीआई नेताओं की गिरफ्तारी की थी। इस दौरान, गंडापुर 'गायब' हो गए थे। गंडापुर ने आज प्रांतीय विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, अल्लाह उन लोगों को तबाह कर दे जो पीटीआई के सिद्धांत और इमरान खान के प्रति वफादार नहीं है। उनकी बातों पर भरोसा न करें, वे (सरकार) आपकी एकता और जुनून से डरते हैं। गंडापुर इमरान खान के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। 

अगले हफ्ते सऊदी अरब के साथ दो अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर होंगे: शहबाज शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि अगले हफ्ते सऊदी अरब के प्रतिनिधिमंडल के साथ दो अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब के निवेश मंत्री खालिद बिन अब्दुल अजीज अल-फलीह के नेतृत्व में पाकिस्तान आएगा, जो 9 से 11 अक्तूबर देश में रहेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में सरकारी और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। शरीफ ने कहा कि उनकी सरकार अर्थव्यवस्था को सुधारने का प्रयास कर रही है।  

राष्ट्रपति मुर्मू के पत्र पर चीन ने दी प्रतिक्रिया
चीन ने मंगलवार को कहा कि वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उप पत्र को महत्वपूर्ण मानता है, जो उन्होंने चीन के 75वें स्थापना दिवस के मौके पर अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग को लिखा था। चीन ने यह भी कहा कि वह भारत के साथ अच्छे और स्थिर संबंध बनाने के लिए तैयार है। राष्ट्रपति ने 27 सितंबर को शी जिनपिंग को भेजे पत्र में कहा था कि दोनों देशों को शांतिपूर्ण और स्थिर संबंध बनाने पर काम करना चाहिए। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस संदेश की सराहना करता है। उन्होंने कहा, हम भारत के साथ संवाद बढ़ाने और आपसी भरोसे को मजबूत करने के लिए तैयार हैं। 
 

ईरानी को जवाब देने के तरीकों पर विचार कर रहा इस्राइल: सीआईए प्रमुख
अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) के निदेशक विलियम बर्न्स ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि इस्राइल ईरान के खिलाफ किस तरह का कदम उठाएगा, इस पर विचार कर रहा है। सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। 

इस महीने की शुरुआत में ईरान ने इस्राइल पर सौ से ज्यादा मिसाइलों से हमला किया था। जिसके बाद इस्राइल ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस स्थिति ने पश्चिम एशिया में पूर्व युद्ध विराम की संभावना को कम कर दिया है। बर्न्स ने सोमवार को कहा कि मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में बढ़ने वाले तनाव का खतरा अब एक वास्तविक खतरा बन गया है। उन्होंने कहा, हालांकि अमेरिका का आकलन है कि न तो ईरान और न ही इस्राइल पूर्ण संघर्ष चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस्राइल ईरान के हालिया बैलिस्टिक मिसाइल हमले का जवाब देने के तरीकों पर सावधानी से विचार कर रहा है। 
  

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने अपने अर्जेंटीना के समकक्ष से की फोन पर बात
अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने अपने अर्जेंटीना के समकक्ष लुइस पेट्री से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों नेताओ ने अपने देशों के बीच रक्षा साझेदारी के महत्व पर जोर दिया। ऑस्टिन ने पेट्री को धन्यवाद दिया कि अर्जेंटीना ने यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह में शामिल होने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का यह संकल्प है कि वे एक लोकतांत्रिक, स्वतंत्र, और संप्रभु यूक्रेन का समर्थन करेंगे, ताकि वह अपनी रक्षा कर सके और रूसी आक्रामकता को रोक सके। उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध गहरे होने पर संतोष जताया। 

भारत-इटली की नौसेनाओं के कैरियर स्ट्राइक समूहों ने किया ऐतिहासिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास
भारत और इटली की नौसेना ने भारत के पश्चिम तट पर कैरियर स्ट्राइक ग्रुप (सीएसजी) का एक महत्वपूर्ण अभ्यास किया। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह अभ्यास एक अक्तूबर से शुरू हुआ 6 अक्तूबर को समाप्त हुआ। यह अभ्यास खास था, क्योंकि दोनों नौसेनाओं ने पहली बार सीएसजी का अभ्यास किया। सीएसजी एक प्रकार का समुद्री बल है। यह ऐसे जहाजों का समूह होता है जो एक साथ मिलकर काम करते हैं। ये जहाज किसी भी महासागर में, किसी भी मौसम और किसी भी समय काम कर सकते हैं। ये समूह नौसेनाओं के लिए महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि ये विभिन्न प्रकार के अभियानों में मदद करते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed