फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Nirav Modi UK trial Putin ICC warrant Asia Europe US UN West Asia Politics Crime and Global News

World News: नीरव मोदी की जेल बदलने से ब्रिटेन में मुकदमे की सुनवाई पर असर; पुतिन के खिलाफ ICC वारंट नहीं हटेगा

Sat, 06 Dec 2025 05:56 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 06 Dec 2025 05:56 PM IST
विज्ञापन
World Updates Nirav Modi UK trial Putin ICC warrant Asia Europe US UN West Asia Politics Crime and Global News
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी और भारत में वांछित फरार व्यापारी नीरव मोदी की जेल बदले जाने से ब्रिटेन में बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 80 लाख डॉलर के बकाया ऋण मामले की सुनवाई में नई जटिलताएं पैदा हो गई हैं। वकील ने लंदन हाईकोर्ट को बताया कि नीरव मोदी को अब एक छोटे सेल में दूसरे कैदियों के साथ रहना पड़ रहा है और उनके पास अपने कानूनी दस्तावेजों तक पर्याप्त पहुंच नहीं है, जिससे उनकी केस तैयारी प्रभावित हो रही है। 54 वर्षीय मोदी को हाल ही में एचएमपी थेम्साइड से एचएमपी पेंटनविले स्थानांतरित किया गया था, ताकि वह एक अलग ऋण मामले में अदालत में उपस्थिति दर्ज करा सकें। जज साइमन टिंकलर को बताया गया कि जनवरी 2026 में निर्धारित मुकदमे से पहले मोदी को अपनी गवाही और बचाव तैयार करने के लिए अधिक समय चाहिए। जज टिंकलर ने टिप्पणी की कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने से मोदी निष्पक्ष तरीके से अपनी बात पेश नहीं कर पाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि थेम्साइड जेल में मौजूद उनके सभी दस्तावेज तुरंत पेंटनविले जेल भेजे जाएं। अदालत ने मामले की अगली समीक्षा सुनवाई 19 दिसंबर को तय की है। ऑनलाइन सुनवाई में मोदी के वकील ने कहा कि बिना आईटी सुविधा, छोटे सेल और साझा डेस्क की वजह से उनके मुवक्किल को गंभीर असुविधा हो रही है। वहीं बैंक ऑफ इंडिया के वकील ने इस दलील का विरोध करते हुए कहा कि मोदी लगातार देरी की रणनीति अपना रहे हैं और भारत प्रत्यर्पण से पहले ही सुनवाई पूरी हो जानी चाहिए। 
विज्ञापन


2019 से ब्रिटेन में हिरासत में है मोदी: नीरव मोदी 2019 से ब्रिटेन में हिरासत में हैं और अब तक की सभी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं। भारत में उनके खिलाफ सबीआई, ईडी और गवाहों के साथ छेड़छाड़ से जुड़े तीन प्रमुख आपराधिक मामले लंबित हैं। 2021 में ब्रिटेन ने उनके प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी, लेकिन हाल ही में उनकी अपील दोबारा खोलने की अनुमति मिलने से प्रक्रिया एक बार फिर लंबी हो सकती है।
विज्ञापन


यूक्रेन युद्ध पर शांति वार्ता सफल हुई तो भी पुतिन के खिलाफ वारंट नहीं हटेगा : आईसीसी
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की उप अभियोजक नजहत शमीम खान ने कहा कि यूक्रेन युद्ध को लेकर शुरू हुई शांति वार्ताओं के सफल होने पर भी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट खत्म नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालत की जांच तभी रोकी जा सकती है जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद इसे अस्थायी तौर पर स्थगित करने का अनुरोध करे। खान ने कहा, जब एक बार जांच शुरू हो जाती है, तो हम अपने नियामक ढांचे के तहत ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय और शांति एक-दूसरे के पूरक हैं। स्थायी शांति के लिए जवाबदेही जरूरी है। बता दें कि बीते कुछ हफ्तों में अमेरिका, यूक्रेन और रूस के अधिकारी संभावित समझौते पर बातचीत के लिए कई दौर की बैठकों में शामिल हुए हैं। लेकिन खान ने कहा कि आईसीसी की प्रक्रिया इन वार्ताओं से प्रभावित नहीं होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

बाब-अल-मंदेब में मालवाहक जहाज पर समुद्री लुटेरों का हमला
दुबई के पास बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में शुक्रवार को एक मालवाहक जहाज पर संदिग्ध समुद्री लुटेरों ने हमला किया। ब्रिटिश सैन्य के यूके मेरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर के अनुसार, छोटे जहाजों ने बड़े पोत का दूर तक पीछा करने के बाद उस पर गोलीबारी की। निजी सुरक्षा कंपनी डायप्लस ग्रुप ने बताया कि जहाज पर दो बार हमला होने के बाद ही सवार सशस्त्र गार्डों ने जवाबी फायरिंग की। हालांकि, इस हमले में किसी भी क्रू को नुकसान नहीं पहुंचा है। बता दें कि यह मार्ग लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ता है। यहां पहले यमन के हूती विद्रोहियों और सोमालियाई समुद्री लुटेरों की गतिविधियां देखी गई थीं। फिलहाल गाजा संघर्ष में अस्थायी युद्धविराम के कारण हूती हमले रुके हुए हैं।

लंदन की गांधी प्रतिमा का मिनिएचर मॉडल यूके नीलामी में जाएगा
लंदन के ब्लूम्सबरी इलाके के ताविस्टॉक स्क्वायर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिष्ठित मूर्ति का 27 सेमी ऊंचा ब्रॉन्ज़ मिनिएचर मॉडल अगले हफ्ते इंग्लैंड में नीलामी के लिए पेश किया जाएगा। इसकी अनुमानित कीमत 6,000 से 8,000 पाउंड के बीच है। यह मिनिएचर पोलिश मूर्तिकार फ्रेडा ब्रिलियंट द्वारा बनाई गई मूर्ति का पहला पूरा मॉडल माना जाता है, जिसे 1968 में ताविस्टॉक स्क्वायर में स्थापित किया गया था। सितंबर में इस मूर्ति के आधार को जातीय अपमानजनक ग्रैफिटी से निशाना बनाया गया था, जिसे गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के लिए साफ किया गया।

नीलामी हाउस वुल्ले एंड वॉलिस के अनुसार, फ्रेडा ने पहली बार 1949 में गांधी की मूर्ति बनाने का विचार किया था, लेकिन इसे 1960 के दशक की शुरुआत में ही ताविस्टॉक स्क्वायर में बनाने का आदेश मिला। उन्होंने तीन पोज पर विचार किया खड़े, चलते और बैठे और अंततः इस क्रॉस-लेग्ड पोज को चुना, जिसे उन्होंने पारंपरिक और अंतरंग, छोटे लेकिन खूबसूरत स्क्वायर के लिए उपयुक्त बताया।

काठमांडू में SAARC प्रमुख की नेपाल के उपराष्ट्रपति  से मुलाकात
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन के महासचिव मोहम्मद गोलाम सरवार ने काठमांडू में नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने सदस्य देशों में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम, क्षेत्रीय सहयोग और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की। यह मुलाकात उपराष्ट्रपति के कार्यालय लैनचौर में हुई। इस दौरान यादव ने कहा कि नेपाल सरकार SAARC प्रमुख को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्वी एशिया में चीन की बढ़ती नौसैनिक तैनाती पर ताइवान और जापान ने जताई चिंता
ताइवान और जापान ने पूर्वी एशिया में चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों पर चिंता जताई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह चीन ने 100 से अधिक नौसैनिक और कोस्ट गार्ड जहाज तैनात किए, जो अब तक का सबसे बड़ा समुद्री शक्ति प्रदर्शन है। ताइपे में राष्ट्रपति प्रवक्ता करेन कुओ ने कहा कि यह गतिविधि ताइवान स्ट्रेट से लेकर साउथ चाइना सी और पश्चिमी प्रशांत तक फैल रही है, जो इंडो-पैसिफिक की स्थिरता के लिए खतरा है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने भी स्थिति पर कड़ी नजर रखने की बात कही है। इसके साथ ही सुरक्षा निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

सीरिया में अमेरिकी छापे में चूक के चलते आईएस अधिकारी की जगह मारा गया खुफिया एजेंट
पश्चिम एशियाई देश- सीरिया के डुमेयर में अमेरिकी छापे में चूक के चलते आईएस अधिकारी की बजाय एक खुफिया एजेंट मारा गया। अक्तूबर में एक अमेरिकी छापे में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के अधिकारी को निशाना बनाया गया था, लेकिन इसके बजाय वर्षों से आईएस में घुसपैठ कर खुफिया जानकारी जुटा रहे खुफिया एजेंट खालिद अल-मसूद की जान चली गई। परिवार और सीरियाई अधिकारियों ने बताया कि अल-मसूद अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की सरकार के लिए काम कर रहे थे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गलती आईएस-विरोधी अभियानों के लिए बड़ा झटका हो सकती है। इस बीच अमेरिकी सेनाओं ने दक्षिण सीरिया में आईएस के 15 हथियार भंडार को एक अभियान के तहत खत्म किया है।

स्पेन में स्वाइन फ्लू का प्रकोप, मलयेशिया में सूअर के मांस के आयात पर प्रतिबंध
मलयेशिया ने स्पेन में अफ्रीकन स्वाइन फ्लू (एएसएफ) के प्रकोप के बाद स्पेन से सूअर के मांस और उससे बने अधिकांश उत्पादों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। केवल रिपोर्ट उत्पादों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। वायरस पिछले महीने बार्सिलोना के पास जंगली सूअरों में पाया गया था और इसके बाद कई और मामले सामने आए। मलेशियाई वेटरनरी सर्विसेज विभाग ने कहा कि स्पेनिश सुअर तभी स्वीकार किया जाएगा जब उसके साथ 28 नवंबर या उससे पहले जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र हो।

30 से अधिक देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाने की तैयारी में अमेरिका
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नीत प्रशासन अपने यात्रा प्रतिबंधों को और विस्तारित करने की तैयारी कर रहा है। इसका असर 30 से अधिक देशों के नागरिकों पर पड़ेगा। इन देशों के लोगों की अमेरिका यात्रा पर रोक लग सकती है। गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा, यह कदम हाल ही में अफगानिस्तान के एक व्यक्ति द्वारा दो नेशनल गार्ड सदस्यों पर गोलीबारी के आरोप के बाद उठाया जा रहा है। यह विस्तार जून में घोषित उस प्रतिबंध का विस्तार होगा, जिसमें 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका आने पर पूर्ण रोक और सात अन्य देशों के लोगों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया गया था। नोएन ने पहले ही संकेत दिया था कि और देशों को सूची में शामिल किया जा सकता है। फॉक्स न्यूज चैनल की एंकर लॉरा इंग्राहम से बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद यह तय कर रहे हैं कि किन देशों को नई सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्तृत सूची जल्द ही सामने आ सकती है। फिलहाल विचार-विमर्श जारी है।

इलाज के लिए आज लंदन जाएंगी खालिदा
गंभीर रूप से बीमार बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया इलाज के लिए अब रविवार को लंदन जाएंगी। कतर की पेशकश वाली एयर एम्बुलेंस के ढाका नहीं पहुंच पाने के कारण यह देरी हुई है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की 80 वर्षीय प्रमुख जिया को 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था तथा वह बृहस्पतिवार देर रात या शुक्रवार तड़के लंदन रवाना होने वाली थीं।

84 देशों में साइबर खतरे की चेतावनी एपल ने भेजे अलर्ट
टेक कंपनी एपल ने दुनिया के 84 देशों के उपयोगकर्ताओं को साइबर खतरे की नई चेतावनियां जारी की हैं। कंपनी का कहना है कि जिन लोगों को नोटिफिकेशन भेजा गया है, वे संभवत: राज्य-समर्थित हैकर्स के निशाने पर हो सकते हैं। एपल नियमित रूप से ऐसे अलर्ट जारी करता है, लेकिन इस बार भी उसने यह नहीं बताया कि कितने उपयोगकर्ताओं को यह चेतावनी मिली है। एपल ने निगरानी या संभावित हमलों के तकनीकी विवरण साझा नहीं किए, लेकिन कहा कि यह कदम उपयोगकर्ताओं को साइबर जासूसी से बचाने की उसकी निरंतर कोशिशों का हिस्सा है। कंपनी अपनी सुरक्षा टीम से मिले संकेतों और जोखिम आकलन के आधार पर ही ऐसे अलर्ट भेजती है।

क्लाउडफ्लेयर नेटवर्क में खराबी से ठप रहीं लिंक्डइन-जूम साइटें
इंटरनेट अवसंरचना कंपनी क्लाउडफ्लेयर में खराबी के कारण शुक्रवार को लिंक्डइन व जूम सहित कई वैश्विक वेबसाइटें ठप रहीं। कंपनी ने कहा कि वह तकनीकी खामी की जांच कर रही है। क्लाउडफ्लेयर की तरफ से मुहैया कराई जा रही सेवाओं में तीन हफ्ते से भी कम समय में दूसरी बार खामी आई है। क्लाउडफ्लेयर ने दावा किया कि समस्या का समाधान हो गया है। वह क्लाउडफ्लेयर डैशबोर्ड और संबंधित एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के साथ समस्याओं की जांच कर रही है जो सॉफ्टवेयर प्रणाली को एक दूसरे के साथ समन्वय करने में सक्षम बनाते हैं। इस बीच, सोशल मीडिया मंच पर उपयोगकर्ताओं ने वेबसाइट इस्तेमाल करने में आने वाली समस्याओं की सूचना दी। 

यूरोपीय संघ ने एक्स पर लगाया 14 करोड़ डॉलर का जुर्माना
यूरोपीय संघ (ईयू) के नियामकों ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर डिजिटल नियमों का पालन नहीं करने के मामले में 12 करोड़ यूरो (लगभग 14 करोड़ डॉलर) का जुर्माना लगाया। यूरोपीय आयोग ने यह निर्णय दो साल पहले एक्स (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ शुरू की गई जांच के बाद लिया है। यह जांच 27 सदस्यीय ईयू के डिजिटल सेवा अधिनियम के तहत हुई।

इलाज के लिए आज लंदन जाएंगी खालिदा
गंभीर रूप से बीमार बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया इलाज के लिए अब रविवार को लंदन जाएंगी। कतर की पेशकश वाली एयर एम्बुलेंस के ढाका नहीं पहुंच पाने के कारण यह देरी हुई है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की 80 वर्षीय प्रमुख जिया को 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था तथा वह बृहस्पतिवार देर रात या शुक्रवार तड़के लंदन रवाना होने वाली थीं।

84 देशों में साइबर खतरे की चेतावनी एपल ने भेजे अलर्ट
टेक कंपनी एपल ने दुनिया के 84 देशों के उपयोगकर्ताओं को साइबर खतरे की नई चेतावनियां जारी की हैं। कंपनी का कहना है कि जिन लोगों को नोटिफिकेशन भेजा गया है, वे संभवत: राज्य-समर्थित हैकर्स के निशाने पर हो सकते हैं। एपल नियमित रूप से ऐसे अलर्ट जारी करता है, लेकिन इस बार भी उसने यह नहीं बताया कि कितने उपयोगकर्ताओं को यह चेतावनी मिली है। एपल ने निगरानी या संभावित हमलों के तकनीकी विवरण साझा नहीं किए, लेकिन कहा कि यह कदम उपयोगकर्ताओं को साइबर जासूसी से बचाने की उसकी निरंतर कोशिशों का हिस्सा है। कंपनी अपनी सुरक्षा टीम से मिले संकेतों और जोखिम आकलन के आधार पर ही ऐसे अलर्ट भेजती है।

क्लाउडफ्लेयर नेटवर्क में खराबी से ठप रहीं लिंक्डइन-जूम साइटें
इंटरनेट अवसंरचना कंपनी क्लाउडफ्लेयर में खराबी के कारण शुक्रवार को लिंक्डइन व जूम सहित कई वैश्विक वेबसाइटें ठप रहीं। कंपनी ने कहा कि वह तकनीकी खामी की जांच कर रही है। क्लाउडफ्लेयर की तरफ से मुहैया कराई जा रही सेवाओं में तीन हफ्ते से भी कम समय में दूसरी बार खामी आई है। क्लाउडफ्लेयर ने दावा किया कि समस्या का समाधान हो गया है। वह क्लाउडफ्लेयर डैशबोर्ड और संबंधित एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) के साथ समस्याओं की जांच कर रही है जो सॉफ्टवेयर प्रणाली को एक दूसरे के साथ समन्वय करने में सक्षम बनाते हैं। इस बीच, सोशल मीडिया मंच पर उपयोगकर्ताओं ने वेबसाइट इस्तेमाल करने में आने वाली समस्याओं की सूचना दी।

कतरी प्रधानमंत्री बोले- गाजा युद्धविराम नाजुक मोड़ पर, आगे बढ़ाने की कोशिश जारी
कतर के प्रधानमंत्री  शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने कहा कि गाजा में जारी युद्धविराम एक बेहद  नाजुक मोड़ पर है, क्योंकि पहले चरण के खत्म होने के बाद अब सिर्फ एक इस्राइली बंधक के अवशेष गाजा में बचे हैं। उन्होंने दोहा फोरम में बताया कि अमेरिका समेत अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ दूसरे चरण की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसे अभी पूर्ण युद्धविराम नहीं माना जा सकता क्योंकि इस्राइली सेना की वापसी, गाजा में स्थिरता और लोगों की आवाजाही बहाल होना बाकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed