विदेश के समाचार: इस्राइली पीएम बोले- लेबनान में हमले जारी रखेंगे; लीबिया में फंसे 171 सोमाली प्रवासी घर लौटे
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इस्राइल ने हिजबुल्ला के खिलाफ एक और बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने सैन्य कार्रवाई नहीं रुकने का संकेत दिया और साफ किया कि लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने का अभियान जारी रहेगा। इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी नेतन्याहू के बयान के मुताबिक इस्राइली सेना ने ब्यूफोर्ट रिज और अली अल-ताहेर रिज पर हिजबुल्ला के प्रमुख आतंकवादी गढ़ों को नष्ट कर दिया है। हमारी नीति स्पष्ट है कि लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ढांचे पर हमले जारी रहेंगे। इस्राइल के लिए किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेतन्याहू ने इस्राइल के दुश्मनों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने अब भी सबक नहीं सीखा और दोबारा हमला करने का विकल्प चुना, तो उन्हें पहले से भी अधिक भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
लीबिया में फंसे 171 सोमाली प्रवासी घर लौटे
अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) की पहल पर एक विशेष चार्टर उड़ान के माध्यम से 171 सोमाली प्रवासियों को लीबिया से वापस घर भेजा गया। लीबिया में फंसे 171 सोमाली प्रवासियों में तीन नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। आईओएम ने बताया कि बेहतर जीवन की तलाश में प्रवासियों का ये समूह कई देशों से गुजरते हुए लीबिया पहुंचे थे। वहां मानव तस्करों के चंगुल में फंसने के बाद इन्हें शोषण, दुर्व्यवहार और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। प्रवासियों की विशेष फ्लाइट सबसे पहले उत्तरी सोमालिया के हरगेइसा में उतरी, जहां 42 प्रवासी उतरे। इसके बाद शेष यात्री राजधानी मोगादिशु पहुंचे, जहां अधिकारियों और उनके परिजनों ने उनका स्वागत किया।
दक्षिण अफ्रीका में भारतीय उच्चायोग ने बताया है कि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए केप टाउन पहुंचा। उच्चायोग के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार और केप टाउन में भारत की महावाणिज्य दूत रूबी जसप्रीत ने केप टाउन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और राज्यसभा प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल 13 से 19 सितंबर तक केपटाउन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचा है। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। दक्षिण अफ्रीका की संसद और सीपीए दक्षिण अफ्रीका शाखा की तरफ से आयोजित इस सम्मेलन का विषय 'बदलती विश्व व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करना: राष्ट्रमंडल नेतृत्व' रखा गया है।