World: वर्जीनिया विधानसभा चुनाव में दो भारतीय-अमेरिकियों की जीत; पाकिस्तान में 2025 का पहला पोलियो केस दर्ज
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना (77) और 96 अन्य लोगों का पासपोर्ट जुलाई में हुई हत्याओं में उनकी संलिप्तता के कारण रद्द कर दिया है। हसीना पिछले साल 5 अगस्त से भारत में रह रही हैं। छात्र आंदोलन के चलते अवामी लीग की सरकार गिर गई थी। उसके बाद वह बांग्लादेश से भारत आ गई थीं। बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने हसीना और कई पूर्व कैबिनेट मंत्रियों, सलाहकारों और सैन्य व नागरिक अधिकारियों के विरुद्ध मानवता के खिलाफ अपराध और नरसंहार के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
अमेरिका: वर्जीनिया राज्य विधानसभा चुनाव में दो भारतीय अमेरिकियों की जीत
अमेरिका के वर्जीनिया राज्य के विधानसभा चुनाव में दो भारतीय मूल के अमेरिकियों को जीत मिल है। दोनों नेता डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं। जे.जे.सिंह (44 वर्षीय) और कन्नन श्रीनिवासन (58 वर्षीय) ने मंगलवार को लाउडाउन काउंटी के के 26वें हाउस डिस्ट्रिक्ट और 32वें सीनेट डिस्ट्रिक्ट से जीत हासिल की। लाउडाउन टाइम्स-मिरर अखबार में यह जानकारी दी गई। सात जनवरी को हुए चुनावों में श्रीनिवासन ने 18,144 वोट हासिल किया, जो कुल मतों का 61 फीसदी है। वहीं, सिंह ने 6,112 वोट हासिल किए। यह भी कुल मतों का 61 फीसदी है।
ब्रिटेन में मौसम से संबंधित समस्याओं के कारण भारी बाढ़ की चेतावनी
इंग्लैंड में बाढ़ और बर्फबारी के कारण नदियां उफान पर हैं। मिडलैंड्स के कई गांवों में पानी भर गया है और खेत डूब गए हैं। एक साथ 200 से अधिक बाढ़ चेतावनियां जारी की गई हैं, जिसके चलते मंगलवार को तीन हवाईअड्डों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। गीले और बर्फीले मौसम के चलते यात्रा में और भी मुश्किलें आ सकती हैं, जो साल की शुरुआत से ही जारी हैं। लीसेस्टरशायर में रिवर सोअर के लिए गंभीर बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तरी इंग्लैंड और स्कॉटलैंड में बर्फबारी के कारण कई ट्रेन लाइनें और प्रमुख सड़कें भी बंद कर दी गई हैं। इसके अलावा, मैनचेस्टर, लिवरपूल और एबरडीन हवाईअड्डे के रनवे भी बर्फ हटाने के कारण कुछ समय के लिए बंद किए गए। सोमवार से मिडलैंड्स में बाढ़ के कारण डूबे घरों और फंसी कारों से दर्जनों लोगों को बचाया गया है। इस वर्ष के पहले दिन सैकड़ों स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। वहीं, ब्रिटेन के अधिकांश हिस्से में तेज हवाओं और बारिश के कारण नए साल के दिन कई समारोह और आतिशबाजी नहीं हो पाई। उत्तर इंग्लैंड में बाढ़ प्रभावित इलाके में एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसकी पहचान अभी की गई है। नॉर्थ यॉर्कशायर पुलिस ने उसके परिवार की तलाश शुरू कर दी है।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया इलाज के लिए लंदन गईं
इस बीच, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया इलाज के लिए मंगलवार को लंदन के लिए रवाना हुईं। जिया के एक सलाहकार ने इस बारे में बताया। खालिदा के सलाहकार जहीरुद्दीन स्वपन ने फोन पर बताया कि खालिदा जिया मंगलवार देर रात ‘एयर एंबुलेंस’ से हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुईं।
गौरतलब है कि अपदस्थ पीएम शेख हसीना के शासनकाल में 2001 से 2006 के बीच भ्रष्टाचार के दो मामले सामने आने पर जिया को 17 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। वहीं, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन के बाद नवंबर में एक मामले में जिया खालिदा को बरी कर दिया गया था।
जर्मनी में कंपनी के परिसर में गोलीबारी में दो लोगों की मौत
दक्षिण-पश्चिमी जर्मनी में एक कंपनी के परिसर में मंगलवार को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी की ये घटना शाम करीब 5:45 बजे हुई। यहां स्टटगार्ट के उत्तर में स्थित बैड फ्रेडरिकशाल में एक नकाबपोश व्यक्ति ने इस हमले को अंजाम दिया। पुलिस ने यह भी बताया कि अपराधी की तलाश जारी है।
फ्लोरिडा में विमान के लैंडिंग गियर में मिले दो शव
दक्षिण फ्लोरिडा हवाई अड्डे पर जेटब्लू विमान के लैंडिंग गियर के डिब्बे में दो शव बरामद किए गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शव सोमवार रात फोर्ट लॉडरडेल-हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर व्हील वेल क्षेत्र में पाए गए। जेटब्लू के प्रवक्ता ने बताया कि शवों को उड़ान के बाद नियमित रखरखाव निरीक्षण के दौरान खोजा गया। विमान न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रात 11 बजे फोर्ट लॉडरडेल पहुंचा था। मृतकों के नाम या उनके बारे में अन्य जानकारी मंगलवार को तुरंत जारी नहीं की गई।
इस्राइली हमलों में तीन फलस्तीनियों की मौत
इस्राइली सेना ने अपने कब्जे वाले पश्चिमी तट पर मंगलवार तक कई हमले किए, जिसमें फलस्तीन के तीन नागरिकों की मौत हो गई। सेना के मुताबिक, उत्तरी पश्चिमी तट के गांव तमुन में कुछ फलस्तीनियों ने सैनिकों पर गोलीबारी की, जिसके बाद हवाई हमले किए गए। सेना ने कहा कि उसने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से 20 से अधिक संदिग्ध लड़ाकों को गिरफ्तार किया है।
मेटा : ट्रंप के करीबी डाना व्हाइट और दो अन्य निदेशक मंडल में
वाशिंगटन। मेटा ने अपने निदेशक मंडल में तीन नए निदेशकों को शामिल किया है। इसमें अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफसी) के सीईओ और नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी मित्र डाना व्हाइट भी शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी ने निवेशक और माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व कार्यकारी अधिकारी चार्ली सॉन्गहर्स्ट के साथ-साथ एक्सोर के सीईओ जॉन एल्कैन को भी शामिल किया है। एक्सोर इटली के एग्नेली परिवार द्वारा नियंत्रित कंपनी है।
अमेरिका में दो भारतीय कंपनियों पर फेंटेनाइल की साजिश का आरोप
अमेरिका में दो भारतीय कंपनियों (रक्सटर केमिकल्स और एथोस केमिकल्स) पर ‘फेंटेनाइल’ रसायन वितरित व आयात करने के लिए आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगा है।
रक्सटर केमिकल्स के संस्थापक और वरिष्ठ कार्यकारी भावेश लाठिया को 4 जनवरी को न्यूयॉर्क में गिरफ्तार किया गया। न्यूयॉर्क के पूर्वी जिले के मजिस्ट्रेट जज जोसेफ ए. मारुटोलो ने लाठिया को मुकदमे के दौरान जेल में रखने का आदेश दिया है। यदि भावेश लाठिया दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें अधिकतम 53 साल जेल की सजा हो सकती है।
मोटापा रोधी दवाओं के जरिये मधुमेह रोगियों में सर्जरी बाद की दिक्कतें कम होने की संभावना
मोटापा रोधी दवाओं के जरिये मधुमेह रोगियों में सर्जरी बाद होने वाली जटिलताओं में कमी आ सकती है। शोधकर्ताओं ने यह दावा जीएलपी-1रिसेप्टर एगोनिस्ट नामक मोटापारोधी दवाओं पर शोध के बाद किया है। यह दवाएं वजन घटाने, रक्त शर्करा के स्तर में सुधार और इंसुलिन संवेदनशीलता को बढ़ाने में मदद करती हैं।
अमेरिका के वेइल कॉर्नेल मेडिसिन के शोधकर्ताओं ने 74,400 सर्जरी का विश्लेषण किया, जिसे एनल्स ऑफ सर्जरी पत्रिका में प्रकाशित किया है। इसके निष्कर्षों के अनुसार, मोटापारोधी दवाएं लेने वाले मरीजों में सर्जरी के एक महीने के भीतर अस्पताल में फिर से भर्ती होने का जोखिम काफी कम पाया गया है। इन दवाओं को नहीं लेने वालों की तुलना में यह जोखिम करीब 12 फीसदी तक कम रहा। टीम ने यह भी पाया कि सर्जरी के छह महीने के भीतर घाव के फिर से खुलने का जोखिम 29 फीसदी तक कम पाया गया। वहीं हेमेटोमा का जोखिम लगभग 56 प्रतिशत कम रहा।
भारत व यूरोपीय संघ स्वाभाविक साझेदार : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एंटोनियो कोस्टा को यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ स्वाभाविक साझेदार हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, कोस्टा ने मोदी को फोन किया और दोनों नेताओं ने पिछले दशक में भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी में हुई अहम प्रगति पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में मोदी ने कहा कि भारत व यूरोपीय संघ ने प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, डिजिटल स्पेस, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों सहित रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
भारत-मलयेशिया मिलकर करेंगे आतंकवाद का खात्मा
भारत और मलयेशिया ने मंगलवार को पहली द्विपक्षीय सुरक्षा वार्ता की। इस दौरान दोनों पक्षों ने आतंकवाद और कट्टरपंथ-विरोधी तथा समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
सुरक्षा वार्ता की सह-अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और मलयेशिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महानिदेशक राजा दातो नुशीरवान बिन जैनल आबिदीन ने की। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा कि वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने सुरक्षा, रक्षा और समुद्री क्षेत्रों में चल रहे द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। साथ ही आतंकवाद व कट्टरपंथ से निपटने के लिए आपसी सहयोग को गहरा करने पर भी सहमत हुए।
लोपेज-एफ्लेक में तलाक पर सहमति मंजूरी का अनुरोध
अमेरिकी अभिनेत्री, गायिका व फिल्म निर्माता जेनिफर लोपेज और अभिनेता बेन एफ्लेक के बीच तलाक को लेकर सहमति बन गई है। दोनों ने जज से उनके तलाक को मंजूरी देने का अनुरोध किया है। तलाक के लिए ज्यादातर वित्तीय विवरण सार्वजनिक रूप से दर्ज नहीं किए गए हैं लेकिन लोपेज या एफ्लेक में से कोई भी एक-दूसरे को भरण-पोषण नहीं देगा।
बाइडन प्रशासन ने अदालत से 9/11 हमलों के कथित मास्टरमाइंड के लिए याचिका सौदों को रोकने के लिए कहा
बाइडन प्रशासन ने एक संघीय अपील अदालत से 11 सितंबर, 2001 के हमलों में खालिद शेख मोहम्मद और दो सह-प्रतिवादियों के लिए एक याचिका समझौते को रोकने के लिए कहा है। यह अपील 9/11 के मास्टरमाइंड के आरोपी की निर्धारित दोषी याचिका से कुछ दिन पहले एक समझौते में आया है, जिसके तहत उसे मौत की सजा से बचा लिया जाएगा।
यह अपील ग्वांतानामो बे के सैन्य न्यायाधीश और एक सैन्य अपील पैनल द्वारा याचिका समझौते को खारिज करने के रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के प्रयास को खारिज करने के बाद आई है। उन्होंने कहा कि जुलाई में ग्वांतानामो के लिए पेंटागन के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा इसे मंजूरी दिए जाने के बाद उनके पास ऐसा करने की कोई शक्ति नहीं थी।
दक्षिण गाजा में इस्राइली हवाई हमलों में 17 की मौत
इस्राइल और हमास के बीच शुरू हुई जंग के थमने के फिलहाल आसार नहीं दिख रहे हैं। इस बीच, इस्राइली सेना ने मंगलवार को रातभर दक्षिणी गाजा में हवाई हमले किये। इन हमलों में 17 लोगों के मारे जाने की खबर है। मरने वालों में अधिकांश बच्चे और महिलाएं शामिल थीं। खान यूनिस के पास के नासिर अस्पताल में बाल वार्ड के निदेशक अहमद अल-फर्रा ने मारे गए लोगों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मरने वालों में आठ बच्चे और पांच महिलाएं भी शामिल थीं। इन सभी लोगों ने एक ही टेंट में आश्रय लिया था।
ऑस्ट्रेलिया के रॉटनेस्ट द्वीप के पास एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पर्यटकों सहित तीन लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार अपराह्न द्वीप से उड़ान भरने के दौरान विमान सेसना 208 कारवां दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें सात लोग सवार थे। उसने बताया कि महज एक यात्री है जिसे कोई चोट नहीं आई है।
यह विमान रॉटनेस्ट द्वीप से पर्थ लौट रहा था। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया राज्य के प्रमुख रोजर कुक ने बताया कि मृतकों में स्विट्जरलैंड की 65 वर्षीय पर्यटक (महिला), डेनमार्क का 60 वर्षीय पर्यटक (पुरुष) और पर्थ का एक निवासी शामिल है। यह व्यक्ति विमान का पायलट था। कुक ने कहा कि दुर्घटना की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है।ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने इन घटना को भयावह बताया।
थाई पुलिस ने कंबोडिया के विपक्षी नेता और पूर्व विधायक की बैंकॉक के पर्यटक क्षेत्र के गोली मारकर हत्या करने वाले संदिग्ध युवक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कंबोडिया नेशनल रेस्क्यू पार्टी के पूर्व विधायक लिम किम्या की मंगलवार शाम खोसन रोड पर एक मंदिर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बैंकॉक पुलिस के प्रमुख सियाम बूनसम ने कहा कि गोलीबारी करने के लिए संदिग्ध युवक को काम पर रखा गया था। युवक के खिलाफ वारंट जारी किया है।
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री अलेक्जेंडर शालेनबर्ग देश के अंतरिम नेता के रूप में काम करेंगे। ऑस्ट्रियाई राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी।
ईरान ने बुधवार को इटली की पत्रकार सेसिलिया साला को बुधवार को रिहा कर दिया। अब वह अपने घर लौट रही हैं। वह 19 दिसंबर से ईरान की हिरासत में थीं। इटली के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के कार्यालय ने बताया कि तेहरान से एक विमान में साला की वापसी हो रही है। उन्हें गहरी कूटनीतिक और खुफिया प्रयासों को बाद रिहा करने की अनुमति दी गई है। मेलोनी ने साला के माता-पिता को इस बारे में सूचना दी है। हालांकि, ईरानी सरकार की ओर से साला की रिहाई पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सेसिलिया साला (29 वर्षीय) दैनिक इतालवी समाचार पत्र 'इल फोग्लियो' की रिपोर्टर हैं। उन्हें 19 दिसंबर को तेहरान में हिरासत में लिया गया था। वह पत्रकार वीजा पर ईरान आई थीं। उन पर ईरान के कानूनों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था।
पाकिस्तान-बांग्लादेश संबंधों पर भारत में बांग्लादेश की पूर्व राजदूत मशफी बिन्ते शम्स ने कहा, भारत को बिल्कुल भी चिंतित नहीं होना चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान के साथ हमारे कई अनसुलझे मुद्दे अभी भी हैं। हम अभी भी पाकिस्तान को खुले दिल से स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। हमने शेख हसीना की सरकार के दौरान पाकिस्तान के साथ सीधे शिपिंग लिंक बनाने पर काम किया था, ताकि व्यापार लागत को कम किया जा सके। पाकिस्तान के साथ व्यापार कभी भी भी भारत के साथ व्यापार से आगे नहीं निकल सकता, क्योंकि भारत के साथ हमारे संबंध, हमारी सांस्कृतिक और भाषाई समानताएं बहुत मजबूत हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज दुबई में अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री मौलवी अमीर खान मत्ताकी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान को भारत की मानवीय मदद, द्विपक्षीय मुद्दों और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। भारत ने अफगानिस्तान की जनता को मानवीय और विकास कार्यों में मदद जारी रखने का संकल्प दोहराया। इसके साथ व्यापार को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी, जिसमें चाबहार बंदरगाह के माध्यम से सहयोग शामिल है। भारत अफगानिस्तान में स्वास्थ्य क्षेत्र और शरणार्थियों के पुनर्वास में भी अपना समर्थन प्रदान करेगा।
ग्रीस: पूर्वी द्वीप पर पकड़े गए 124 प्रवासी, बिना पहचान वाली स्पीडबोट का कर रहे थे इस्तेमाल
ग्रीस के अधिकारियों ने बुधवार को पूर्वी द्वीप करपाथोस पर 124 प्रवासियों को गिरफ्तार किया। ये प्रवासी बिना पहचान वाली स्पीडबोट का इस्तेमाल कर रहे थे। देश के तटरक्षक बल ने बताया कि 58 प्रवासी पूर्वी इजियन सागर में मुख्य बंदरगाह पर पकड़े गए, जबकि 66 प्रवासी एक दूरस्थ इलाके में पकड़े गए। जहां वे बिना पहचान वाली स्पीडबोट का इस्तेमाल कर रहे थे।
पाकिस्तान में 2025 का पहलो पोलियो मामला सामने आया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में एक तेरह महीने की बच्ची में पोलियो वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची में 25 नवंबर पोलियो के लक्षण दिखाई दिए थे। जांच में उसे वाइल्ड पोलियोवायरस टाइप-1 होने की पुष्टि हुई। एक मीडिया रिपोर्ट में बुधवार को जानकारी दी गई। साल 2024 में पाकिस्तान में पोलियो के कुल 68 मामले सामने आए थे, जिनमें से 21 मामले खैबर पख्तूनख्वा में दर्ज किए गए थे।
फ्रांस की दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने बुधवार को अपने पिता जीन-मैरी ले पेन को श्रद्धांजलि दी। वह राष्ट्रीय मोर्चा पार्टी के संस्थापक थे और मंगलवार को 96 की उम्र में उनका निधन हुआ। मरीन ने उन्हें राजनीति में एक योद्धा बताया। हालांकि, उनके और उनके पिता के बीच राजनीतिक मतभेद थे।
इस्राइली सैनिकों के गाजा से दो और बंधकों के शव बरामद किए हैं। रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने बताया कि यह शव यूसुफ अल जायदानी और उनके बेटे हमजा के हैं, जिन्हें 7 अक्तूबर 2023 के हमलों के बाद बंधक बनाया गया था। हालांकि, उन्होंने इस अभियान के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। इन दो शवों की वापसी के साथ इस्राइल और हमाल एक युद्धविराम समझौते पर विचार कर रहे हैं, जिसमें शेष करीब 100 बंधकों को रिहा करने की बात की जा रही है और गाजा में युद्ध को रोकने की उम्मीद जताई जा रही है।
ब्रिटेन में भारतीय मूल के दो व्यक्तियों को तस्करी के आरोप में दस साल से ज्यादा की सजा सुनाई गई है। दोनों आरोपी शफाज खान और चौधरी रशीद चार प्रवासी भारतीयों को छिपाकर ब्रिटेन लाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इन प्रवासियों एक वाहन में छिपाया हुआ था, जो गंदे टायरों से ढकी हुई थी। जब इन दोनों को सीमा सुरक्षा अधिकारियों ने पकड़ा, तो वाहन के अंदर प्रवासी भारतीय असुरक्षित और बुरी हालत में थे।