World: मार-ए-लागो में ट्रंप से मिलीं जॉर्जिया मेलोनी; रूस ने काला सागर में तेल रिसाव के बाद समुद्र तट साफ किए
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने रविवार को अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनके मार-ए-लागो, फ्लोरिडा निवास पर एक अनौपचारिक अचानक मुलाकात की। प्रधानमंत्री के कार्यालय की तरफ से भेजी गई तस्वीरों में मेलोनी और ट्रंप को मार-ए-लागो के गेट पर खिंचाते और रिसेप्शन रूम में बातचीत करते हुए दिखाया गया। इस तस्वीरे के पिछले हिस्से में एक क्रिसमस ट्री भी दिखाई दे रहा था। हालांकि इस मामले में उनके कार्यालय ने कोई बयान नहीं दिया। जॉर्जिया मेलोनी उन विदेशी नेताओं में से एक हैं, जिसमें कनाडा के जस्टिन ट्रूडो और हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन शामिल हैं, जिन्होंने 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले मुलाकात की है।
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी शहर तुर्बत में शनिवार को एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईडी) से हुए विस्फोट में चार व्यक्ति की मौत हो गई और 32 घायल हो गए। बलूच लिबरेशन आर्मी नामक एक समूह ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। पुलिस अधिकारी रोशन बलूच ने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर है और बाकी की हालत स्थिर है। हताहतों में से अधिकांश सैनिक हैं। आईडी सड़क के किनारे खड़ी एक कार में लगी थी और इसे रिमोट से संचालित किया गया। बलूचिस्तान प्रांत के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, जो लोग निर्दोष लोगों को निशाना बनाते हैं, वे इंसान कहलाने के लायक नहीं हैं।
गरीब देशों में 2050 तक तीन गुना बढ़ेंगे खाद्य पदार्थों के दाम
सख्त जलवायु नीतियों के बावजूद गरीब देशों में 2050 तक खाद्य पदार्थों के दाम काफी बढ़ सकते हैं। उपभोक्ताओं के लिए कीमतें 2.45 गुना और किसानों के लिए लागत 3.3 गुना तक बढ़ सकती है। हालांकि, गरीब देशों के किसानों के लिए यह वृद्धि कुछ कम हो सकती है, लेकिन फिर भी वहां लोगों के लिए पर्याप्त और पौष्टिक भोजन मुश्किल हो जाएगा। यह जानकारी जर्मनी के नेचर फूड में छपी है।
शोध लेखक डेविड मेंग चुइन चान ने कहा, जब अर्थव्यवस्थाएं विकसित होती हैं और खाद्य उत्पादन औद्योगिक रूप लेता है, तब किसानों को उपभोक्ताओं की खर्च राशि का कम हिस्सा ही मिलता है। यह वक्त बीतने के साथ और कम होता जाएगा।
अमेरिका इस्राइल को बेचेगा आठ अरब डॉलर के हथियार
बाइडन प्रशासन ने इस्राइल को प्रस्तावित 8 अरब डॉलर के हथियारों की बिक्री के बारे में अमेरिकी संसद को सूचित किया है। उसने इस्राइल के लिए समर्थन बनाए रखने की पुष्टि की। सौदे के लिए प्रतिनिधि सभा और सीनेट समितियों से अनुमोदन की जरूरत होगी।
उत्तरी चीन में शनिवार को एक खाद्य बाजार में आग लगने से 8 की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह घटना किआओक्सी जिले के खाद्य बाजार में हुई। यहां झांगजियाकौ शहर के लिगुआंग बाजार में आग शनिवार दोपहर को लगी और दोपहर 2.00 बजे तक इसे पूरी तरह से बुझा दिया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
भारत में प्रशिक्षण लेने आएंगे बांग्लादेश के 50 न्यायाधीश
रिश्तों में तल्खी के बीच ही बांग्लादेश के 50 न्यायिक अधिकारी प्रशिक्षण लेने के लिए भारत आने वाले हैं। ये न्यायाधीश 10 से 20 फरवरी तक भारत यात्रा करेंगे और इन 10 दिनों के दौरान भारतीय अकादमियों में प्रशिक्षण लेंगे।
कानून मंत्रालय ने अधीनस्थ न्यायालयों के 50 न्यायिक अधिकारियों को बांग्लादेश को बिना किसी खर्च के मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी और राज्य न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण लेने की अनुमति दी है। बांग्लादेशी अखबार प्रथम आलो में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, कानून मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट की सलाह पर बांग्लादेशी न्यायाधीशों के प्रशिक्षण की अनुमति दी है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च भारत सरकार वहन करेगी।
म्यांमार में स्वतंत्रता दिवस पर रिहा हुए 6,000 कैदी
म्यांमार की सैन्य सरकार ने शनिवार को ब्रिटेन से आजादी की 77वीं वर्षगांठ पर सामूहिक माफी के तहत 6,000 से अधिक कैदियों को रिहा कर दिया है और अन्य कैदियों की सजा कम भी की है। इनमें सैन्य शासन का विरोध करने वाले कुछ सियासी बंदी भी शामिल हैं।
बांग्लादेश : अवामी लीग के समय के चुनावों की होगी जांच
बांग्लादेश के चुनाव आयोग (ईसी) ने पिछले सभी चुनावों में अनियमितताओं और कमियों की जांच करने का फैसला किया है। इसमें 2014, 2018 और 2024 में अवामी लीग के शासन के दौरान विवादास्पद रहे तीन पूर्ववर्ती चुनाव भी शामिल हैं। ढाका ट्रिब्यून अखबार ने बताया कि एक बैठक के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिरउद्दीन ने सभी 10 क्षेत्रीय चुनाव अधिकारियों को चुनाव प्रणाली में गिरावट के पीछे के कारणों की जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
रविवार को ताजिकिस्तान में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने बताया कि भूकंप भारतीय समयानुसार दोपहर 12:26 बजे आया। भूकंप 130 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। इससे पहले 26 दिसंबर को ताजिकिस्तान में 4.5 तीव्रता का भूकंप आया था। वह भूकंप सुबह 5:44 बजे IST पर आया और 130 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया था।