फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Updates in Hindi Asia Europe US UK UN West Asia Pakistan China Politics Crime and Global events

World News: सूडान में हमले में 124 की मौत; मिस्र ने गाजा में दो दिन के संघर्ष विराम का दिया प्रस्ताव

Sun, 27 Oct 2024 03:14 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 27 Oct 2024 03:14 PM IST
विज्ञापन
World News Updates in Hindi Asia Europe US UK UN West Asia Pakistan China Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
अमेरिका ने ताइवान को दो अरब डॉलर (करीब 16 हजार 820 करोड़ रुपये) के हथियार बेचने को मंजूरी दे दी। ताइवान के नए राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने कहा कि वह देश के रक्षा उपायों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि चीन ने सैन्य खतरा बढ़ा दिया है। बता दें कि चीन ताइवान के तीन द्वीपों पर दावा करता है। मई में लाई के पदभार ग्रहण करने के बाद से बीजिंग ने हाल में दूसरी बार ताइवान को घेरकर युद्धाभ्यास किया था।
विज्ञापन


मिस्र के राष्ट्रपति का दावा- गाजा में दो दिन के संघर्ष विराम का दिया प्रस्ताव
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सीसी ने रविवार को कहा कि उनके देश ने गाजा में दो दिन के संघर्ष विराम का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने इस दौरान चार बंधकों को रिहा करने का आह्नान किया है। 
विज्ञापन


सूडान : आरएसएफ का भीषण हमला 124 की मौत, 100 से ज्यादा घायल
गृह युद्ध से जूझ रहे सूडान के अल गीजिरा प्रांत में अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के हमले में 124 लोगों की मौत हो गई व 100 से अधिक घायल हो गए। आरएसएफ ने अपने उच्च पदस्थ अधिकारी अबुगला केइकल के सेना के समक्ष आत्मसमर्पण का बदला लेने के लिए यह अब तक सबसे बड़ा हमला किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया में हल्के विमानों की टक्कर, 3 लोगों की मौत
सिडनी के दक्षिण-पश्चिम में शनिवार को दो हल्के विमान बीच हवा में टकराने के बाद वन क्षेत्र में गिर गए जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस, अग्निशमन व एम्बुलेंस दल सिडनी से दक्षिण-पश्चिम स्थित अर्ध-ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचे। टक्कर होने के बाद एक विमान में आग लग गई। ‘न्यू साउथ वेल्स पुलिस’ के कार्यवाहक अधीक्षक टिमोथी कैलमैन ने पुष्टि की कि दो लोगों को ले जा रहा सेसना 182 विमान एक अत्यंत हल्के विमान से टकरा गया था।
 

फिलीपींस में 'ट्रामी' तूफान का कहर, मरने वालों की संख्या 100 से ज्यादा हुई

फिलीपींस में उष्णकटिबंधीय तूफान 'ट्रामी' के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 100 से अधिक हो गई है। यह तूफान शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी फिलीपींस में आया था। पहले दिन 81 लोगों की मरने की खबर थी। फिलीपींस के राष्ट्रपति ने शनिवार को कहा कि कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। सरकार की आपदा-प्रतिक्रिया एजेंसी राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। एजेंसी के अनुसार 'ट्रामी' दक्षिण-पूर्व एशियाई द्वीपसमूह में इस साल का अब तक का सबसे घातक और विनाशकारी तूफान है।

मैक्सिको में बस दुर्घटना में 24 लोगों की मौत

मैक्सिको के राज्य जाकाटेकास में बस हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना शनिवार सुबह उस समय हुई, जब मकई ले जा रहे एक ट्रैक्टर ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। बस चिहुआहुआ राज्य के सीमावर्ती शहर सियुदाद जुआरेज जा रही थी। जाकाटेकास के गवर्नर डेविड मोनरियल ने सोशल मीडिया पोस्ट में हताहतों की पुष्टि की और पीड़ितों को सहायता प्रदान करने का वादा किया। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में बचाव दल और सुरक्षा बल शवों को निकालने का काम कर रहे थे।

जॉर्जिया चुनाव: आज परिणाम की आधिकारिक घोषणा होगी; जॉर्जिया ड्रीम पार्टी ने जीत का दावा किया

यूरोप और एशिया की सीमा पर बसे देश जॉर्जिया  में चुनाव पूरे हो चुके हैं। रविवार देर रात आई यूरो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक जॉर्जिया ड्रीम पार्टी ने इलेक्ट्रॉनिक मतों का 53 प्रतिशत हासिल कर लिया है। पार्टी ने बहुमत हासिल करने और चुनावों में जीत का दावा भी किया है। खबर के मुताबिक अब तक 90 प्रतिशत वोटों की गिनती हो चुकी है। 3.7 मिलियन की आबादी वाले इस दक्षिणी काकेशस देश के सियासी माहौल को देखते हुए यह जीत महत्वपूर्ण है। दावे से इतर अंतिम चुनाव परिणाम गैर-इलेक्ट्रॉनिक साधनों का उपयोग करके डाले गए वोटों की गिनती के बाद ही घोषित किए जाएंगे। रविवार की सुबह तक परिणाम सार्वजनिक किए जाने की संभावना है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार , चुनाव लड़ने वाली चार मुख्य विपक्षी पार्टियों- यूनाइटेड नेशनल मूवमेंट, स्ट्रॉन्ग जॉर्जिया , कोलिशन फॉर चेंज और गखारिया फॉर जॉर्जिया ने वोट के साथ छेड़छाड़ और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।

श्रीलंकाई नौसेना ने 12 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

श्रीलंका की नौसेना ने समुद्र में अवैध तौर पर मछली पकड़ने के आरोप में भारत के 12 मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी नौका भी जब्त कर ली है। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 12 और लोगों को गिरफ्तार किए जाने से द्वीपीय देश में इस साल ऐसी घटनाओं में पकड़े गए भारतीय नागरिकों की संख्या बढ़कर 462 हो गई है। श्रीलंका नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया और उत्तरी प्रांत जाफना के प्वाइंट पेड्रो तट से उनकी नौका भी जब्त की गई है। इसमें बताया गया कि पकड़े गए 12 मछुआरों को कांकेसंथुराई बंदरगाह ले जाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें मैलाडी मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया जाएगा।

बयान में कहा गया कि श्रीलंकाई नौसेना ने 2024 में अब तक द्वीप के समुद्री क्षेत्र में अवैध तौर पर मछली पकड़ने के आरोप में 462 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी 62 नौकाओं को जब्त किया है। श्रीलंका के मत्स्य मंत्रालय ने बताया कि दोनों पड़ोसियों के बीच बार-बार उत्पन्न होने वाली समस्या (मछुआरों द्वारा मछली पकड़ना) पर चर्चा करने के लिए 12 सदस्यीय भारतीय दल मंगलवार को यहां पहुंचेगा। दोनों देशों के मछुआरों को अनजाने में एक-दूसरे के समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करने के कारण अक्सर गिरफ्तार किया जाता है।
 

बांग्लादेश: शेख हसीना के दो सलाहकारों सहित 20 व्यक्तियों को न्यायाधिकरण ने किया तलब
बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने देश में जुलाई-अगस्त में विद्रोह के दौरान मानवता के खिलाफ कथित अपराधों और नरसंहार के सिलसिले में रविवार को पूर्व सेनाध्यक्ष जियाउल अहसान, 10 पूर्व मंत्रियों और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दो सलाहकारों सहित 20 व्यक्तियों को अगले महीने तलब किया है। देश की अंतरिम सरकार के अनुसार, विद्रोह के दौरान कम से कम 753 लोग मारे गए और हजारों घायल हुए, जिसे आईसीटी अभियोजन टीम और अंतरिम सरकार ने मानवता के खिलाफ अपराध एवं नरसंहार करार दिया। हसीना और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ अब तक आईसीटी की जांच एजेंसी और अभियोजन टीम के समक्ष मानवता के खिलाफ अपराध और नरसंहार की 60 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।

‘द डेली स्टार’ अखबार की खबर के अनुसार, आईसीटी ने संबंधित अधिकारियों को 18 नवंबर को 10 पूर्व मंत्रियों और पूर्व प्रधानमंत्री हसीना के दो सलाहकारों सहित 20 लोगों को अपने समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है। यह आदेश मुख्य अभियोजक मोहम्मद ताजुल इस्लाम के एक आवेदन के बाद न्यायमूर्ति एमडी गोलाम मुर्तुजा मजूमदार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय आईसीटी पीठ द्वारा जारी किया गया। ‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, आरोपियों की सूची में पूर्व मंत्री फारूक खान, राशिद खान मेनन, हसनुल हक इनु, जुनैद अहमद पलक, अब्दुर रज्जाक, शाहजहां खान, कमाल अहमद मजूमदार और गोलाम दस्तगीर गाजी शामिल हैं। खबर के मुताबिक, आरोपियों की सूची में प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व सलाहकार तौफीक-ए-इलाही और सलमान एफ रहमान, पूर्व सेना प्रमुख अहसान, पूर्व न्यायाधीश शमसुद्दीन चौधरी माणिक और पूर्व गृह सचिव जहांगीर आलम के भी नाम शामिल हैं। न्यायाधिकरण ने 17 अक्टूबर को हसीना और 45 अन्य लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था जिनमें उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय और उनके कई पूर्व कैबिनेट सदस्यों के नाम हैं।

भारत के रक्षा निर्यात के तीन शीर्ष ग्राहक अमेरिका, फ्रांस और आर्मेनिया: सूत्र
स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्यात को बढ़ावा देने के बीच अमेरिका, फ्रांस और आर्मेनिया भारत के शीर्ष तीन ग्राहक के रूप में उभरे हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भारत वर्तमान में दुनिया के सौ से अधिक देशों को सैन्य उपकरणों का निर्यात कर रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में शीर्ष तीन देशों में अमेरिका, फ्रांस और आर्मेनिया शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए रक्षा निर्यात और निर्माण पर जोर दिया है, ताकि आंतरिक और अंतरराष्ट्रीय जरूरतों को पूरा किया जा सके। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed