World News:कंबोडिया से लाए गए नौकरी घोटाले से बचाए गए 60 भारतीय; वियतनाम में टू लैम होंगे अगले राष्ट्रपति
कंबोडिया में धोखेबाज नियोक्ताओं के चंगुल से बचाए गए 60 भारतीयों के पहले जत्थे को भारतीय दूतावास ने स्वदेश भेज दिया है। दूतावास ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।अधिकारियों ने इनको 20 मई को जिनबेई-4 नामक स्थान से बचाया था। यह ऑपरेशन सिहानोकविले में अधिकारियों के समन्वय से चलाया गया था। भारतीय दूतावास ने हाल ही में नौकरी के लिए कंबोडिया जाने वाले लोगों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसने भारतीय नागरिकों को केवल विदेश मंत्रालय की ओर से अनुमोदित अधिकृत एजेंटों के माध्यम से रोजगार हासिल करने के लिए कहा है।
वियतनाम के सुरक्षा अधिकारी टू लैम होंगे देश के नए राष्ट्रपति
वियतनाम के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी टू लैम देश के नए राष्ट्रपति होंगे। टू लैम ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारी के पद पर रहते हुए अनेक पुलिस और खुफिया अभियानों का संचालन किया है। वहीं मानवाधिकार के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों का कहना है कि उस दौरान बुनियादी आजादी सिलसिलेवार ढंग से दबाई गई। खुफिया सेवा पर वैश्विक कानून तोड़ने के भी आरोप लगे हैं।
अमेरिका ने इस्राइल-फलस्तीन की सीधी बातचीत की वकालत की
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि वह इस बात से चिंतित हैं कि चीन रूस के रक्षा आधार को मदद प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाइडन प्रशासन ने अपने सहयोगियों और भागीदारों के साथ मिलकर इससे ठोस तरीके से निपटने के लिए कार्रवाई की है। उन्होंने यह टिप्पणी ब्रिटेन के रक्षा मंत्री के उस बयान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में की, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और ब्रिटेन के पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि चीन रूस को घातक हथियारों की मदद प्रदान कर रहा है।
'दो-राष्ट्र समाधान के लिए हो सीधी बातचीत'
सुलिवन ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस्राइल-फलस्तीन के मुद्दे पर कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का मानना है कि दो राष्ट्र समाधान के लिए सीधी बातचीत होनी चाहिए, न कि एकतरफा मान्यता दी जानी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका अन्य देशों द्वारा फलस्तीन राज्य को मान्यता देने से चिंतित है, सुलिवन ने कहा, प्रत्येक देश को अपना फैसला करने का अधिकार है। लेकिन इस पर अमेरिका की स्थिति स्पष्ट है। जैसाकि राष्ट्रपति बाइडन ने भी कहा है कि वह दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन करते हैं।
ताइवान के पास चीन ने संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया
चीनी सेना- पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के पूर्वी थिएटर कमांड ने ताइवान के आसपास संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। खबरों के मुताबिक गुरुवार सुबह 7:45 बजे (स्थानीय समय) से सैन्य अभ्यास की शुरुआत हुई।सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी सेना ताइवान जलडमरूमध्य , ताइवान द्वीप के उत्तर, दक्षिण और पूर्व में और किनमेन, मात्सु, वुकिउ और डोंगयिन द्वीपों के आसपास के क्षेत्रों में अभ्यास कर रही है। थिएटर कमांड के प्रवक्ता ली शी ने बताया, थिएटर कमांड की सेना, नौसेना, वायु सेना और रॉकेट बल सहित अन्य सैन्य बल भी संयुक्त अभ्यास में भाग ले रहे हैं। इसे तलवार-2024 ए नाम दिया गया है। ली ने कहा कि अभ्यास व्यापक युद्धक्षेत्र नियंत्रण, संयुक्त समुद्री-वायु युद्ध-तैयारी गश्त और प्रमुख लक्ष्यों पर संयुक्त और सटीक हमलों पर केंद्रित है।
कोविड रिपोर्टिंग करने वाली चीनी पत्रकार 4 वर्ष बाद रिहा
वुहान में कोरोना वायरस फैलने के शुरुआती दिनों में रिपोर्टिंग करने से जुड़े मामले में चार साल की सजा काटने के बाद चीनी पत्रकार झांग झान को जेल से रिहा कर दिया गया है। रिहाई के आठ दिन बाद एक वीडियो के जरिये इसकी जानकारी दी गई।
ब्रिटेन में सिख व्यवसायी पर रिश्वतखोरी का आरोप
ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी (एनसीए) द्वारा ब्रिटिश-सिख व्यवसायी पर लंदन की एक अदालत में एक विदेशी सार्वजनिक अधिकारी को रिश्वत देने का आरोप लगाया गया। 50 वर्षीय हरदीप सिंह को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। यहां उन पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया गया। अदालत ने हरदीप सिंह को जमानत पर रिहा किया है। इसके साथ ही उन्हें 20 जून को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है।
स्पेन अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन का 99वां सदस्य बना
नेपाल : कामी का रिकॉर्ड 30वीं बार एवरेस्ट फतह
10 दिन पहले ही 29वीं बार की चढ़ाई; उतरते समय लापता हुए ब्रिटिश व शेरपा
नेपाल स्थित दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट से उतरते समय हिलेरी स्टेप पर हुए एक हादसे में एक ब्रिटिश पर्वतारोही व एक नेपाली शेरपा लापता हो गए। मंगलवार सुबह दोनों नीचे उतर रहे थे।
आतंकवाद पर सहयोग बढ़ाएंगे भारत-ब्रिटेन
बैठक में दोनों पक्षों ने आतंकवाद की चुनौती से निपटने के तरीकों पर प्रमुखता से चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने आतंकवादी और चरमपंथी खतरों का आकलन साझा किया। इसमें कहा गया कि भारत और ब्रिटेन आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग को और गहरा करने पर सहमत हुए हैं। वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में आतंकवाद विरोधी मामलों के संयुक्त सचिव केडी देवल ने किया।
इमरान खान-बुशरा बीबी गैर इस्लामिक विवाह मामले में 29 मई को फैसला
पाकिस्तान की एक अदालत ने फैसला किया है कि गैर इस्लामिक विवाह मामले में 29 मई को अपना फैसला सुनाएगी। बता दें कि इस मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी कैद की सजा काट रहे हैं। अदालत में खान और बुशरा बीबी की सजा के खिलाफ अपील दायर की गई थी। ट्रायल कोर्ट ने इमरान खान और बुशरा बीबी को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इमरान खान और बुशरा बीबी ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को इस्लामाबाद जिला और सत्र न्यायालय में चुनौती दी थी।
माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के दौरान केन्या के पर्वतारोही की मौत
केन्या के पर्वतारोही चेरुइयोट किरुई की माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने के दौरान मौत हो गई। एवरेस्ट बेस कैंप के एक सरकारी अधिकारी खिम लाल गौतम ने बताया कि किरुई का शव माउंट एवरेस्ट पाया गया है। शव को कब बरामद किया जाएगा, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण शव को बेस कैंप तक लाना मुश्किल होगा। बता दें कि इस साल माउंट एवरेस्ट पर तीन पर्वतारोहियों की मौत हो गई है और चार अभी भी लापता हैं।
भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने पूरा किया मनीला का दौरा
भारतीय नौसेना के युद्धपोतों आईएनएस दिल्ली, आईएनएस शक्ति और आईएनएस किल्टन ने दक्षिण चीन सागर में भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की परिचालन तैनाती के हिस्से के रूप में मनीला की अपनी यात्रा पूरी की। रक्षा मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह यात्रा फिलीपींस के साथ भारत के मजबूत संबंधों और साझेदारी को और गहरा करने की उसकी प्रतिबद्धता को दिखाती है।
श्रीलंका की पुलिस ने गुरुवार को कहा कि उसने भारत में गिरफ्तार किए गए अपने चार नागरिकों के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है, जो इ्स्लामिक स्टेट (आईएस) के इशारे पर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के कथित मिशन पर था। पुलिस ने बताया कि कुख्यात ड्रग माफिया के बेटे को मलिगावट्टा के मध्य कोलंबो वार्ड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के आतंकवादी जांच विभाग में उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। इससे पहले अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटले हवाई अड्डे पर एक गोपनीय सूचना पर कार्रवाई के बाद गुजरता एटीएस ने रविवार को चार श्रीलंकाई नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उनकी जांच के लिए एक टीम का नेतृत्व करने के लिए एक वरिष्ठ उप महानिरीक्षख को नियुक्त किया गया था। जांचकर्ताओं ने बताया था कि चारों लोग 19 मई को कोलंबो से चेन्नई के लिए इंडिगो की उड़ान में सवार हुए थे।