फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Gaza Asia Europe US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global events

World: नाइजीरिया की नाइजर नदी में नाव हादसा, 26 लोगों की मौत; इथियोपिया में निर्माणाधीन चर्च गिरने से 25 मौतें

Wed, 01 Oct 2025 06:31 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 01 Oct 2025 06:31 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Gaza Asia Europe US UK UN West Asia Nepal Bangladesh Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

नाइजीरिया में नाइजर नदी पर मंगलवार को एक यात्री नाव दुर्घटना में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उत्तर-मध्य नाइजीरिया के कोगी राज्य के इबाजी क्षेत्र में हुआ। कोगी राज्य के सूचना आयुक्त किंग्सले फैनवो ने बताया कि नाव में अधिकांश यात्री व्यापारी थे, जो पड़ोसी ईदो राज्य के एक बाजार में जा रहे थे। हादसे के कारण की तुरंत जानकारी नहीं मिली। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों और पूरे इबाजी क्षेत्र के लिए संवेदना व्यक्त की।

विज्ञापन


इथियोपिया में निर्माणाधीन चर्च गिरा, 25 की मौत
इथियोपिया के अमहारा क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया जब निर्माणाधीन चर्च अचानक गिर गया। हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना मेनजार शेनकोरा अरेरती मरियम चर्च में हुई, जहां श्रद्धालु सेंट मैरी के वार्षिक पर्व पर इकट्ठा हुए थे। स्थानीय अस्पताल के चिकित्सक सेयोम अल्टाए ने बताया कि मृतकों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 25 शव बरामद किए गए हैं और घायलों की संख्या सौ से अधिक है। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल ने रेड क्रॉस से मदद मांगी है। स्थानीय प्रशासक तेशाले तिलाहुन ने आशंका जताई कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। उन्होंने इसे समुदाय के लिए बड़ी त्रासदी बताया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और बचाव कार्य जारी है।
विज्ञापन


अमेरिका ने इराक में सैन्य मिशन का धीरे-धीरे खत्म करना शुरू किया
इराक में अमेरिकी सेना ने देश में अपने मिशन को धीरे-धीरे समाप्त करना शुरू कर दिया है। यह कदम पिछले साल इराक सरकार के साथ हुए समझौते के तहत उठाया गया है। अमेरिका और इराक ने पिछले साल सहमति व्यक्त की थी कि अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना, जो इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लड़ाई में लगी थी, सितंबर 2025 तक अपने मिशन को समाप्त करेगी। इसके तहत कई सैन्य ठिकानों से अमेरिकी सैनिक हटाए जाएंगे, जहां उन्होंने पिछले दो दशकों से मौजूदगी बनाए रखी थी। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि अमेरिका अपनी सैन्य गतिविधियों को कम करेगा। इसका उद्देश्य इराक के साथ दीर्घकालिक सुरक्षा साझेदारी स्थापित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और इराक “जिम्मेदार तरीके से संक्रमण सुनिश्चित करने” के लिए निकट समन्वय बनाए रखेंगे। एक वरिष्ठ इराकी सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि वापसी कुछ हफ्ते पहले बगदाद और पश्चिमी इराक के ऐन अल-आसद बेस से शुरू हो गई थी। कुछ सैनिक इरबिल में तैनात किए गए हैं, जबकि अन्य पूरी तरह देश छोड़ चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पांच से छह दिसंबर तक भारत आ सकते हैं पुतिन
भारत और रूस के बीच कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर की शुरुआत में भारत यात्रा पर आ सकते हैं। यानी पांच से छह दिसंबर के बीच वो भारत आ सकते हैं। उनकी यात्रा से पहले रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत आने की संभावना है। बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा और आर्थिक सहयोग पर महत्वपूर्ण वार्ता होगी। यह दौरा भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

पाकिस्तान में खदान धंसने से चार मजदूरों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक फॉस्फेट खदान धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा एबटाबाद जिले के रघुइया मल्कान क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, खदान का ढांचा अचानक धंस गया, जिससे कई मजदूर मलबे में दब गए। बचावकर्मियों ने मौके से तीन शव निकाले, जबकि घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में एक और मजदूर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

पाकिस्तान में तालिबान आतंकी को 33 साल की सजा
पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधी अदालत (एटीसी) ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के एक आतंकी को 33 साल जेल की सजा सुनाई है। पंजाब पुलिस के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) ने बुधवार को जानकारी दी कि आतंकी अदील बलोच को पंजाब में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दोषी पाया गया। 23 वर्षीय अदील बलोच लैयाह जिले का रहने वाला है, जो लाहौर से करीब 490 किलोमीटर दूर स्थित है। उसे मई महीने में एक छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया था। अदालत के विशेष न्यायाधीश जियाउल्लाह खान ने सजा सुनाते हुए 50,000 पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया। सीटीडी के अनुसार, अदील बलोच के पास से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह जिले में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। अदालत ने अभियोजन पक्ष के सबूतों के आधार पर उसे दोषी ठहराया।

इस्लामाबाद में अफगान विपक्ष का सम्मेलन
अफगान विपक्षी नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद में राजनीतिक कार्यालय स्थापित करने की मांग उठाई है। 29-30 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में 37 से अधिक अफगान प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें पूर्व सांसद फौजिया कूफी, पूर्व गवर्नर अहमद उल्लाह अलीजई और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। सम्मेलन में प्रतिनिधियों ने कहा कि तालिबान अफगान जनता का प्रतिनिधित्व नहीं करते और पाकिस्तान को विपक्षी गुटों को मंच देना चाहिए। फौजिया कूफी ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा प्रभाव रखता है और अफगान महिलाओं की आवाज़ को बुलंद करना जरूरी है। सम्मेलन का आयोजन जिनेवा स्थित "वीमेन फॉर अफगानिस्तान" और संयुक्त राष्ट्र महिला संगठन के सहयोग से हुआ। यह कार्यक्रम तालिबान शासन के खिलाफ पहला बड़ा विपक्षी जमावड़ा माना जा रहा है। अमेरिका ने अवैध रूप से उसके देश में प्रवेश करने वाले 120 ईरानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। आने वाले दिनों में उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने विदेश मंत्रालय में संसदीय मामलों के महानिदेशक हुसैन नौशाबादी के हवाले से बताया कि अमेरिका के साथ हुए समझौते के तहत लगभग 400 ईरानी स्वदेश लौटेंगे। इनका पहला जत्था एक या दो दिनों में तेहरान पहुंच जाएगा।

ब्रिटेन ने ईरान के 70 व्यक्तियों और संगठनों पर लगाया प्रतिबंध
ब्रिटेन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े करीब सत्तर लोगों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाया है। ये प्रतिबंध ऐसे समय में लगाए गए हैं, जब इस तरह की चिंता जताई जा रही है कि इस्लामी गणराज्य हथियार विकसित कर रहा है। ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 

इंडोनेशिया स्कूल हादसा: दो दिन बाद भी कम से कम 91 छात्र मलबे में दबे हैं
इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में सोमवार को अल-खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत गिरने से बड़ी त्रासदी हुई। हादसे के समय सैकड़ों छात्र नमाज अदा कर रहे थे। इमारत के अवैध विस्तार कार्य के दौरान ढह जाने से अब तक 91 छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने मंगलवार देर रात यह आंकड़ा पहले के 38 से बढ़ाकर 91 किया। अब तक 3 छात्रों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं। 300 से ज्यादा राहतकर्मी लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

विदेश मंत्री जयशंकर ने साइप्रस के स्वतंत्रता दिवस पर दी बधाई
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को साइप्रस को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत और साइप्रस के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती अब एक मजबूत साझेदारी में बदल रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जयशंकर ने लिखा, 'साइप्रस के विदेश मंत्री, वहां की सरकार और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई। हमारी साझा मूल्यों पर आधारित पुरानी दोस्ती अब एक मजबूत भागीदारी का रूप ले रही है।

इस साल जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइप्रस का ऐतिहासिक दौरा किया था। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों देशों ने एक संयुक्त घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए, जिसमें रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने का रोडमैप तय किया गया। भारत के विदेश मंत्रालय और साइप्रस सरकार ने भी इस नई साझेदारी को लेकर साझा बयान जारी किए। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि दोनों देश यूरोपीय संघ (ईयू) और भारत के संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

साइप्रस 2026 की शुरुआत में यूरोपीय संघ की परिषद की अध्यक्षता संभालने वाला है। ऐसे में भारत और साइप्रस दोनों ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि वे 2025 के अंत तक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे। इसे दोनों पक्षों ने आर्थिक और रणनीतिक रूप से बेहद अहम कदम बताया।  

जयशंकर ने चीन के राष्ट्रीय दिवस पर शुभकामनाएं दीं
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को चीन के स्थापना दिवस के मौके पर वहां के लोगों और चीनी विदेश मंत्री वांग यी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि वह भारत और चीन के संबंधों को स्थिर करने और फिर से मजबूत बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाने की उम्मीद करते हैं। जयशंकर ने अपने पोस्ट में लिखा, चीनी जनवादी गणराज्य की स्थापना दिवस के मौके पर पोलित ब्यूरो सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी और चीन के लोगों को शुभकामनाएं। हमारे संबंधों को स्थिर और पुनर्निर्माण करने के काम को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।

हर साल एक अक्तूबर को चीन का राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। इस साल चीन अपनी 76वीं वर्षगांठ मना रहा है। इससे पहले सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा के दौरान उन्होंने तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के मौके पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से द्विपक्षीय बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने पिछली मुलाकात के बाद से संबंधों में आई प्रगति का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत में कहा कि भारत और चीन के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता जरूरी है। दोनों नेताओं ने इस बात पर संतोष जताया कि पिछले साल तनाव वाले इलाकों से सेनाओं की वापसी सफलतापूर्वक हो चुकी है और तबसे सीमा पर शांति बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा विवाद का हल निष्पक्ष, व्यवहारिक और दोनों देशों के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक नजरिए से किया जाना चाहिए। इस महीने की शुरुआत में विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत में जो अहम फैसले लिए गए, उन पर भी दोनों नेताओं ने सहमति जताई और आगे भी उनके प्रयासों का समर्थन करने का वादा किया।

म्यूनिख: बम धमकी के बाद खाली किया गया ओक्टोबरफेस्ट मेले का मैदान
म्यूनिख में एक धमाके के बाद बम की धमकी मिलने पर पुलिस ने बुधवार सुबह ओक्टोबरफेस्ट मेले के मैदान को बंद कर दिया। शहर के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

बुधवार सुबह हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसे म्यूनिख पुलिस ने घरेलू विवाद का परिणाम बताया। अभी स्पष्ट नहीं है कि मृतक संदिग्ध अपराधी था या कोई और। एक अन्य व्यक्ति जो सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा नहीं माना जाता था, लापता है।  

पुलिस ने मेले के मैदान में अन्य विस्फोटक उपकरणों की जांच की और वहां काम कर रहे लोगों से इलाके को खाली करने को कहा। इस साल का ओक्टोबरफेस्ट 20 सितंबर को शुरू हुआ था और पांच अक्टूबर को खत्म होगा। यह दुनिया का सबसे बड़ा बीयर महोत्सव है, जिसमें आमतौर पर लगभग 6 मिलियन लोग आते हैं।


अमेरिका: कोर्ट ने ट्रंप द्वारा नियुक्त नेवादा की कार्यवाहक यूएस अटॉर्नी को पद से अयोग्य ठहराया
अमेरिका के एक जिला जज ने मंगलवार को नेवादा की कार्यवाहक यूएस अटॉर्नी सिगल चट्टाह को कई आपराधिक मामलों की निगरानी करने से अयोग्य करार दिया। जज ने कहा कि वह वैध रूप से पद पर नहीं हैं और उनकी नियुक्ति की अवधि जुलाई में ही समाप्त हो चुकी थी।

जज डेविड जी. कैंपबेल ने अपने आदेश में कहा कि चट्टाह का यूएस अटॉर्नी के रूप में कार्य करना संघीय कानून का उल्लंघन है, क्योंकि 120 दिनों से अधिक समय तक किसी कार्यवाहक यूएस अटॉर्नी को बिना राष्ट्रपति की सिफारिश और सीनेट की मंजूरी के पद पर नहीं रखा जा सकता। हालांकि जज ने चार आपराधिक मामलों की सुनवाई रद्द नहीं की, लेकिन उन्होंने सरकारी वकीलों को सात दिनों के भीतर कोर्ट को यह सूचित करने का आदेश दिया कि चट्टाह अब उनके काम को निर्देशित नहीं कर रही हैं।

चीन के लिए जासूसी में शीर्ष जर्मन राजनेता के पूर्व सहायक को जेल
जर्मनी की दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर डचलैंड (एएफडी) के एक शीर्ष नेता के पूर्व सहायक को चीन के लिए जासूसी करने के आरोप में पांच साल जेल की सजा सुनाई गई। एक अधिकारी ने बताया कि जर्मन गोपनीयता नियम के मुताबिक, अभियुक्त की पहचान जियान जी के रूप में हुई है। वह पूर्व सांसद मैक्सिमिलियन क्राह के साथ काम करते हुए यूरोपीय संसद की जानकारी चीनी खुफिया एजेंसियों के साथ साझा कर रहा था।

नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन विस्फोट मामले में एक और यूक्रेनी गिरफ्तार
पोलैंड में नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन विस्फोट मामले में एक और संदिग्ध यूक्रेनी को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले अगस्त में इटली में एक यूक्रेनी पकड़ा गया था। 2022 में समुद्र के नीचे हुए विस्फोट में रूस और जर्मनी के बीच स्थित इन पाइपलाइनों को भारी नुकसान पहुंचा था। पोलिश रेडियो के अनुसार, वोलोडिमिर जेड को मध्य पोलैंड के प्रुस्जकोव में पुलिस ने हिरासत में लिया और वारसॉ जिला अभियोजक कार्यालय भेज दिया।

संसदीय चुनावों में राष्ट्रपति ब्राइस क्लोटेयर ओलिगी न्गुएमा की पार्टी को सर्वाधिक सीटें
मध्य अफ्रीकी देश गैबोन में 2023 की सैन्य तख्तापलट के बाद हुए पहले संसदीय चुनावों में राष्ट्रपति ब्राइस क्लोटेयर ओलिगी न्गुएमा की पार्टी डेमोक्रेटिक यूनियन ऑफ बिल्डर्स (UDB) ने सबसे अधिक 55 सीटें जीतीं। आंतरिक मंत्रालय द्वारा जारी अस्थायी नतीजों के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति अली बोंगो की पार्टी गैबोनीज डेमोक्रेटिक पार्टी (PDG) को केवल 3 सीटें मिलीं। कुछ क्षेत्रों में दोनों ने संयुक्त रूप से 4 सीटें जीतीं। 77 सीटों पर 11 अक्टूबर को दूसरा चरण होगा, जहां अधिकतर मुकाबला UDB और PDG में है। न्गुएमा ने अप्रैल में राष्ट्रपति चुनाव जीतकर संवैधानिक लोकतंत्र की वापसी का संकेत दिया था।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग विस्फोटों में नौ लोगों की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वज़ीरिस्तान जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग धमाकों में नौ लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में अशांगी लगड़ गांव में सड़क पर पड़े बम जैसे वस्तु से टकराने पर पांच ग्रामीण मारे गए। धमाके के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने सुरक्षा बलों से अविस्फोटित बम हटाने की मांग की। सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। दूसरे मामले में वाना के वाचा खावोरा क्षेत्र में चार आतंकी आईईडी लगाते समय विस्फोट में मारे गए, जिनमें कमांडर यार मुहम्मद मुस्लिम भी शामिल था।

फ्रांस में दक्षिण अफ्रीका के राजदूत का शव बरामद, पेरिस में मृत पाए गए
फ्रांस में दक्षिण अफ्रीका के राजदूत इमैनुएल नकोसिनाथी मथेथ्वा (नाथी मथेथ्वा) का शव बरामद हुआ। मंगलवार सुबह पेरिस के पश्चिमी हिस्से में स्थित एक लक्ज़री होटल की इमारत के नीचे 58 वर्षीय मथेथ्वा मृत पाए गए। सोमवार रात लापता बताए गए अफ्रीकी राजदूत की पत्नी को उनका चिंताजनक संदेश मिला जिसमें उन्होंने माफी मांगते हुए आत्महत्या की मंशा जताई थी। इसके बाद जांच के दौरान मंगलवार सुबह होटल के सुरक्षा गार्ड ने आंगन में उनका शव पाया। जांच में सामने आया कि उन्होंने होटल की 22वीं मंजिल पर कमरा लिया था और खिड़की का सुरक्षा तंत्र जबरन खोला गया था। मौके से किसी संघर्ष, दवा या नशीले पदार्थ के निशान नहीं मिले। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने इस 'दुखद परिस्थिति' पर शोक व्यक्त किया और परिजनों के प्रति संवेदना जताई। विदेश मंत्रालय ने बताया कि मथेथ्वा को दिसंबर 2023 में फ्रांस का राजदूत नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे पुलिस मंत्री और खेल, कला एवं संस्कृति मंत्री रह चुके थे।

शिकागो में सैनिकों को तैनात कर सकता है प्रशासन, इलिनोइस के गवर्नर का बयान
अमेरिका के शिकागो में प्रसिद्ध स्थलों के पास सशस्त्र और मुखौटा पहने बॉर्डर पेट्रोल एजेंटों की गिरफ्तारी की खबरें आई हैं। इस कारण अमेरिकी शहरों में फेडरल हस्तक्षेप को लेकर चिंता बढ़ गई है। इमिग्रेशन अभियान ने विशेषकर लातिनो बहुल क्षेत्रों को लक्षित किया, जिससे निवासियों में डर और गुस्सा फैला। इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रिट्ज़कर ने कहा कि फेडरल सरकार 100 सैनिक तैनात कर सकती है। एजेंटों ने शिकागो रिवर में नावों का इस्तेमाल किया और मिचिगन एवेन्यू सहित पॉश इलाकों में मार्च किया। नेताओं और एक्टिविस्टों ने नस्लीय भेदभाव और अनियंत्रित जांचों पर चिंता जताई। सुप्रीम कोर्ट ने रोटिंग पेट्रोल पर रोक हटाई, जिससे एजेंटों को नस्ल और भाषा के आधार पर रोकने की अनुमति मिली।

ट्रंप के टैरिफ से राहत के लिए फाइजर अपनी सभी दवाइयों की कीमतों में लाएगी कमी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दवाइयों के आयात पर घोषित 100 फीसदी टैरिफ बुधवार से लागू हो जाएगा। इससे पहले मंगलवार को ट्रंप ने कहा कि दवा कंपनी फाइजर मेडिकेड बीमा कार्यक्रम को बेची जाने वाली अपनी सभी दवाओं की कीमत घटाएगी। कंपनी अमेरिका को सर्वाधिक पसंदीदा राष्ट्र मानते हुए सभी नई दवाओं की नई कीमत पेश करेगी। एक अधिकारी ने बताया कि व्हाइट हाउस अमेरिकियों के लिए दवाइयां खरीदने के लिए एक सीधे उपभोक्ता वेबसाइट ट्रंपआरएक्स शुरू करने की भी योजना बना रहा है। फाइजर इस वेबसाइट सेे कुछ दवाओं की बिक्री सीधे उपभोक्ताओं को शुरू करेगी। ट्रंप ने जुलाई में 17 प्रमुख दवा कंपनियों को पत्र भेजकर उनसे कीमतें विदेशों में दी जाने वाली कीमतों के बराबर करने को कहा था। फाइजर इस सौदे की घोषणा करने वाली पहली कंपनी है। 

अमेरिका: अगस्त 2023 की घटना पर राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने जारी की अंतिम रिपोर्ट
अमेरिका के सैन डिएगो के एक रनवे पर एक निजी विमान साउथवेस्ट एयरलाइंस के दूसरे विमान से करीब सौ फीट की दूरी पर आ गया था, क्योंकि टावर में मौजूद एयर ट्रैफिक
कंट्रोलर (एटीसी) का ध्यान भटक गया था। जांचकर्ताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने अगस्त 2023 में हुई इस घटना पर मंगलवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट जारी की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed