फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Singapore Politics Crime and Global events

World: जेलेंस्की और विशेष अमेरिकी दूत की प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द; काश पटेल को FBI प्रमुख बनाने पर सीनेट सहमत

Thu, 20 Feb 2025 11:10 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Thu, 20 Feb 2025 11:10 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Syria Singapore Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

भारत को अंतरराष्ट्रीय समुद्री नौवहन सहायता संगठन (आईएएलए) का उपाध्यक्ष चुना गया है। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि आईएएलए की पहली आम सभा में भारत को उपाध्यक्ष चुना गया। बयान के अनुसार, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव टीके रामचंद्रन ने सिंगापुर में जारी आईएएलए की पहली आम सभा में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त सचिव मुकेश मंगल, लाइटहाउसेज एंड लाइटशिप्स के महानिदेशक एन मुरुगनंदम और उप निदेशक एस सरवनन शामिल रहे।आईएएलए की पहली आम सभा इसके गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) से एक अंतर-सरकारी संगठन (आईजीओ) में परिवर्तित होने को भी चिह्नित करती है। यह टिकाऊ और सुरक्षित समुद्री नेविगेशन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए समुद्री मामलों में उसके मजबूत नेतृत्व और योगदान को रेखांकित करता है। 1957 में गैर सरकारी संगठन के रूप में स्थापित आईएएलए सुरक्षित और कुशल नौवहन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों और सर्वोत्तम प्रथाओं को आकार देने में अपनी भूमिका संवर्धित करने के लिए आईजीओ में परिवर्तित हुआ।

विज्ञापन


पोलियो एस्कॉर्ट की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को पोलियो टीका लगाने वालों की सुरक्षा में तैनात (एस्कॉर्ट) पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने अफगानिस्तान की सीमा से लगे बाजौर जिले के मामुंड तहसील के दमादोला इलाके में पोलियो टीका लगाने वालों को निशाना बनाया। टीका लगाने वालों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की हत्या कर आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।

विज्ञापन

सिंगापुर में मृत्युदंड के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला
सिंगापुर और मलयेशिया में अधिकार कार्यकर्ताओं ने मृत्युदंड के विरोध में बुधवार को मोमबत्ती जलाकर जुलूस निकाला। वे सिंगापुर में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए एक मलयेशियाई व्यक्ति को फांसी देने की तैयारी का विरोध कर रहे हैं। पन्नीर सेल्वम प्रांतमन को 2014 में 52 ग्राम (लगभग 1.8 औंस) हेरोइन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और 2017 में मौत की सजा सुनाई गई थी। उसे बृहस्पतिवार को फांसी दी जानी है।
विज्ञापन

भारतीय मतदाताओं के लिए 21 मिलियन अमेरिकी फंडिंग पर ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा के मियामी में FII प्राथमिकता शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने एक बार फिर भारत में मतदाताओं के लिए 21 मिलियन अमेरिकी फंडिंग के मुद्दे का जिक्र किया। ट्रंप ने कहा, 'हमें भारत में मतदान पर 21 मिलियन डॉलर खर्च करने की क्या जरूरत है? मुझे लगता है कि वे किसी और को निर्वाचित करने की कोशिश कर रहे थे। हमें भारत सरकार को बताना होगा... यह एक बड़ी सफलता है।
विज्ञापन

हमास के कब्जे से बंधकों-शवों की मुक्ति पर पीएम नेतन्याहू का वीडियो संदेश
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू शनिवार को हमास के कब्जे से बंधकों की रिहाई और मतकों के शव को रिसीव करने के मुद्दे पर भावुक हैं। इस्राइली प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, "कल इस्राइल के लिए बहुत मुश्किल दिन होगा। एक दर्दनाक दिन, दुखी करने वाला दिन होगा। हमारे चार प्रिय बंधकों के शव घर आएंगे। हम उनके परिवारों को सांत्वना देते हैं। पूरे देश का दिल टूट गया है। मेरा भी दिल टूटा है। आम लोगों का भी दिल टूट गया होगा।

ट्रंप स्वतंत्र नियामकों पर अधिक नियंत्रण चाहते हैं, नया कार्यकारी आदेश जारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश के स्वतंत्र नियामकों पर अधिक नियंत्रण चाहते हैं। उन्होंने मंगलवार को जिस कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, इसका मकसद प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग, संघीय व्यापार आयोग और संघीय संचार आयोग जैसे स्वतंत्र संघीय नियामकों का सीधा नियंत्रण व्हाइट हाउस को देना है। आदेश प्रभावी होने के साथ ही राष्ट्रपति को वित्तीय प्रणाली की निगरानी को आकार देने तथा परिवहन सुरक्षा, बुनियादी उपभोक्ता संरक्षण और वायरलेस, प्रसारण, उपग्रह और ब्रॉडबैंड संचार के लिए मानदंड निर्धारित करने की अधिक शक्तियां मिल जाएंगी।

अमेरिका ने अपनी स्थिति कमजोर की, रूस के साथ शांति वार्ता पर यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार  का दावा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के एडवाइजर ने कहा है कि अमेरिका ने यूक्रेन में युद्ध को सुलझाने और रूस को मजबूत करने में अपनी अग्रणी भूमिका छोड़ दी है। जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडोल्यक ने कहा, अमेरिका ने अपनी स्थिति कमजोर कर ली है। यूक्रेन पर किसी भी संभावित शांति वार्ता से पहले रूस को कूटनीतिक नेतृत्व सौंप दिया गया है। उन्होंने यह बयान सऊदी अरब में अमेरिका और रूस के शीर्ष राजनयिकों के बीच हुई बैठक के बाद दिया। बता दें कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमेरिका-रूस वार्ता यूक्रेन और उसके यूरोपीय सहयोगियों के बिना आयोजित की गई।

अमेरिका में संघीय कर्मचारियों की बर्खास्तगी के खिलाफ सड़क पर सैकड़ों लोग
अमेरिका में संघीय कर्मचारियों को बर्खास्त करने के कारण कई चिंताएं सामने आई हैं। सैकड़ों वर्तमान और पूर्व संघीय कर्मचारियों ने बुधवार को ट्रंप प्रशासन के इस फैसले के खिलाफ रैली निकाली। उन्होंने हाल ही में की गई बर्खास्तगी और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव का विरोध किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों में अधिकांश का गुस्सा एलन मस्क और उनकी एजेंसी- DOGE पर निकल रहा है। बता दें कि अमेरिकी सरकार के खर्च में कटौती के प्रयासों के तहत कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा रहा है। देश में कड़ाके की ठंड और हल्की बर्फबारी के बावजूद लोग 'खड़े हो जाओ... लड़ो' जैसे नारे लगाते दिखे। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर लिखा था कि सिविल सेवकों की रक्षा करें क्योंकि वे आपकी रक्षा करते हैं।

1,000 फुट लंबा ऐतिहासिक जहाज फिलाडेल्फिया से रवाना, दुनिया की सबसे बड़ी कृत्रिम चट्टान बनने की यात्रा
अमेरिका में 1,000 फुट लंबा जहाज- एसएस यूनाइटेड स्टेट्स बुधवार को दक्षिण फिलाडेल्फिया के डेलावेयर नदी तट से रवाना हुआ। यह इसकी अंतिम यात्रा का पहला चरण है। इस ऐतिहासिक और पुराने समुद्री जहाज को आने वाले दिनों में फ्लोरिडा का एक काउंटी दुनिया की सबसे बड़ी कृत्रिम चट्टान में बदलेगा। इस जहाज ने 1952 में अपनी पहली यात्रा में ट्रान्साटलांटिक गति का रिकार्ड तोड़ दिया था। जहाज की देखरेख करने वाली संस्था और उसके मकान मालिक के बीच सालों पुराने किराए का विवाद सुलझने के बाद अब इसे नष्ट करने की तैयारी की जा रही है। फ्लोरिडा में ओकालोसा काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक जहाज को खरीदने का सौदा लगभग 10 मिलियन अमरीकी डॉलर में पूरा होगा। जहाज़ की सफ़ाई, परिवहन और उसे डुबोने की लंबी प्रक्रिया में कम से कम डेढ़ साल लगने की उम्मीद है। एसएस यूनाइटेड स्टेट्स को कभी अमेरिकी इंजीनियरिंग का प्रतीक माना जाता था। इसे हजारों सैनिकों को ले जाने वाले सैन्य जहाज के रूप में भी जाना जाता था। ओकालोसा काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक एसएस यूनाइटेड स्टेट्स जहाज काउंटी की 500 से अधिक कृत्रिम चट्टानों के बीच एक बार्नकल-जड़ित आकर्षण का केंद्र बन जाएगा। गोताखोरी  के लिए विशिष्ट आकर्षण का केंद्र बनने के बाद स्कूबा जैसी गतिविधियां भी बढ़ेंगी। स्थानीय पर्यटन उद्योग को प्रतिवर्ष लाखों डॉलर की आय हो सकती है।

लाखों मृत लोगों के नाम पर भुगतान नहीं, अमेरिकी सामाजिक सुरक्षा प्रमुख ने मस्क के दावे का खंडन किया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में सामाजिक सुरक्षा प्रशासन के नए प्रमुख- ली डुडेक की नियुक्ति हुई है। कार्यवाहक एसएसए आयुक्त ली डुडेक ने इस दावे का खंडन किया कि 100 वर्ष से अधिक आयु होने के बावजूद लाखों ऐसे लोग जिनकी मौत हो चुकी है, उन्हें भी एजेंसी से भुगतान मिल रहा है। उन्होंने स्पष्टीकरण ऐसे समय में दिया है जब अरबपति कारोबारी और ट्रंप के सलाहकार एलन मस्क ने झूठा दावा किया कि 100, 200 और यहां तक कि 300 वर्ष की आयु वाले लोग अनुचित तरीके से और नियमित रूप से लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

अमेरिका के रक्षा विभाग के बजट में भी कटौती की तैयारी

ट्रंप प्रशासन ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे रक्षा विभाग पेंटागन के बजट में कटौती की योजना बताए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप सरकार अपने रक्षा बजट में आठ प्रतिशत की वार्षिक कटौती कर सकती है। यह कटौती अगले पांच साल में करीब 290 अरब डॉलर की हो सकती है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि पेंटागन ऐसी योजना बना रहा है, जिससे बजट में कटौती की जा सके। उल्लेखनीय है कि साल 2025 में पेंटागन का बजट करीब 850 अरब डॉलर है। हालांकि रिपोर्ट्स में ये नहीं बताया गया है कि ये कटौती किस मद में की जाने वाली है। 

नीदरलैंड नाइजीरिया को लौटाएगा 100 से अधिक कलाकृतियां 
यूरोपीय देश नीदरलैंड ने पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया को 119 कलाकृतियों का संग्रह लौटाने का वादा किया है। बेनिन ब्रॉन्ज़ के नाम से जानी जाने वाली ये कलाकृतियाँ, जो ज़्यादातर लीडेन के एक संग्रहालय में रखी गई हैं। 19वीं सदी के आखिर में ब्रिटिश सैनिकों ने आज के नाइजीरिया से इन कलाकृतियों को लूटा था। नाइजीरिया के राष्ट्रीय संग्रहालय और स्मारक आयोग के अनुरोध पर उन्हें वापस कर दिया जाएगा। कलाकृतियों में मानव और पशु आकृतियां, पट्टिकाएं, शाही चिह्न और एक घंटी शामिल हैं। यह घटनाक्रम इसलिए भी अहम है क्योंकि यूरोप और उत्तरी अमेरिका में सरकारें और संग्रहालय औपनिवेशिक काल के दौरान लूटी गई वस्तुओं के स्वामित्व संबंधी विवादों को सुलझाने के लिए तेजी से प्रयास कर रहे हैं।

ग्रीस में भी सड़कों पर किसान, ट्रैक्टर्स से रोका ट्रैफिक, पुलिस से भिड़ंत

ग्रीस में भी किसान सड़कों पर हैं। बुधवार को ग्रीस के दूसरे सबसे बड़े शहर थेसालोनिकी में किसानों ने ट्रैक्टर्स से ट्रैफिक को अवरुद्ध कर दिया। बुधवार देर शाम जब ग्रीस के प्रधानमंत्री क्रियाकोस मित्सोताकिस मीडिया से बात कर रहे थे तो किसानों ने वहां जाने की कोशिश की औऱ इस दौरान वे पुलिस से भिड़ गए। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी या किसी के चोटिल होने की खबर नहीं मिली है। एक हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारी 50 से ज्यादा ट्रैक्टर्स पर सवार होकर ग्रीस के उत्तरी इलाके से मध्य ग्रीस तक पहुंचे और काले झंडे दिखाए। प्रदर्शनकारियों ने थेसालोनिकी शहर का ट्रैफिक ब्लॉक कर दिया। ग्रीस के किसान बीते कई हफ्तों से प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी मांग है कि जलवायु परिवर्तन के चलते फसलों को हो रहे नुकसान की सरकार भरपाई करे और विभिन्न मुद्दों पर भी किसानों ने समर्थन मांगा है। 

चाकू से हमले में दो लोगों की मौत
चेक गणराज्य में स्टोर में चाकू से किए गए हमले में 2 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

जेलेंस्की और विशेष अमेरिकी दूत बीच होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन दूत के बीच होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को अमेरिका के अनुरोध पर रद्द कर दिया गया है। कीव के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति के प्रवक्ता सेरही निकिफोरोव ने कहा कि जेलेंस्की और यूक्रेन और रूस में ट्रंप के विशेष दूत सेवानिवृत्त अमेरिकी लेफ्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग की मीडिया में निर्धारित टिप्पणियां उनकी बैठक के बाद रद्द कर दी गईं।

काश पटेल के एफबीआई प्रमुख बनाने पर सीनेट ने दी मंजूरी
काश पटेल को एफबीआई प्रमुख के रूप में सीनेट की मंजूरी मिल गई। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के काश पटेल को संघीय जांच एजेंसी एफबीआई का नया निदेशक नियुक्त किया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed