Updates: वर्जीनिया में सैकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने मनाई छठ पूजा; ब्रिटिश PM ने डोनाल्ड ट्रंप से की फोन पर बात
अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में सैकड़ों भारतवंशियों ने अपने परिवार की पीढ़ियों पुरानी परंपरा को जीवित रखते हुए छठ पूजा का उत्सव मनाया। छठ पूजा में सूर्य देवता की पूजा की जाती है। यह हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इस त्योहार के दौरान श्रद्धालु उपवास पर रहते हैं और नदियों व तालों के किनारे एकत्र होकर सूर्य देवता की पूजा करते हैं। चार दिन चलने वाली छठ पूजा छह नवंबर को शुरू हुई।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने ट्रंप से की फोन पर बात, बधाई दी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार की शाम रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रप से फोन पर बात की और राष्ट्रपति चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने रक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने अमेरिका और ब्रिटेन की विशेष साझेदारी को मजबूत बनाने पर सहमति जताई और यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई कि द्विपक्षीय संबंध भविष्य में भी मजबूत बने रहें।
जेल में बंद जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासिन मलिक की पत्नी मुशाल हुसैन मलिक ने बुधवार को संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा। उन्होंने राहुल से आग्रह किया कि वह उनके पति के मामले को संसद में उठाएं और बहस करें। मुशाल मलिक ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा कि उनके पति तीन दशक पुराने देशद्रोह के मामले में जेल में बंद हैं। वह दो नवंबर से भूख हड़ताल पर हैं।
मानवाधिकार की वकालत करने वाले किन योंगपेई 5 साल बाद चीन की जेल से रिहा
मानवाधिकार की वकालत करने वाले अधिवक्ता किन योंगपेई को चीन ने आखिरकार पांच साल की सजा काटने के बाद रिहा कर दिया है। उन्हें 2019 में सरकार की मुखर आलोचना के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वकालत समूह फ्रंट लाइन डिफेंडर्स ने कहा, 31 अक्तूबर को योंगपेई ने पांच साल की सजा पूरी की, जेल से रिहा हुए और चीन के स्वायत्त क्षेत्र गुआंग्शी प्रांत के नाननिंग में अपने घर लौट आए। सूमह ने कहा कि योंगपेई एक जाने माने वकील हैं और हमारा मानना है कि उनका कारावास उनके शांतिपूर्ण और वैध मानवाधिकार कार्यों के प्रति बदले की कार्रवाई थी।
ईरान : इस्राइल के लिए जासूसी करने के आरोप में चार को मौत की सजा
ईरान की अदालत ने इस्राइल के लिए जासूसी करने के आरोप में चार लोगों को मौत की सजा सुनाई है। ईरान की समाचार एजेंसी फार्स की रिपोर्ट के अनुसार चारों दोषियों की राष्ट्रीयता नहीं बताई गई है। लेकिन इन पर 2020 में ईरानी परमाणु वैज्ञानिक मोहसेन फखरीजादेह की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को ले जाने व इस्राइली खूफिया एजेंसी मोसाद की मदद करने का आरोप है। बता दें कि फखरीजादेह को परमाणु हथियार क्षमता विकसित करने के लिए एक गुप्त ईरानी कार्यक्रम का मास्टरमाइंड माना जाता था। बताया गया कि ईरान के लिए इस्राइस शुरू से एक शत्रु देश रहा है। ऐसे में देश के भीतर इस्राइली गतिविधियों को लेकर ईरान का प्रशासन काफी सतर्क रहता है। ईरान ने इससे पहले भी इस्राइली जासूसों पर कठोर कार्रवाई की है।
पहली मिस वर्ल्ड का 95 की उम्र में निधन
पहली मिस वर्ल्ड किकी हैकंसन का निधन हो गया। वह 95 साल की थीं। उन्होंने चार नवंबर को अपने कैलिफोर्निया निवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार ने बताया कि वह आराम से थीं मृत्यु के वक्त वह नींद में सो रही थीं। एजेंसी
पूर्व राष्ट्रपतियों का खर्च महंगा : श्रीलंका
श्रीलंका सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि एक समिति पूर्व राष्ट्रपतियों की सुरक्षा पर होने वाले खर्च की समीक्षा कर रही है तथा इसकी रिपोर्ट के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। विदेश मंत्री एवं मंत्रिमंडल के प्रवक्ता विजिता हेराथ ने कहा, पूर्व राष्ट्रपतियों का खर्च उठाना काफी महंगा है और सरकार इस पर सालाना 110 करोड़ श्रीलंकाई रुपये का खर्च कर रही है।
विमान में सहयात्रियों ने एक व्यक्ति को जमकर पीटा
VÍDEO — Passageiro tenta abrir porta de avião em voo Brasília–Panamá; Caso aconteceu na manhã da terça-feira (5), minutos antes de aeronave pousar na Cidade do Panamá. Passageiro foi detido pelas autoridades. pic.twitter.com/gDTyB5fwg3
— Nelson Carlos dos Santos Belchior (@NelsonCarlosd15) November 5, 2024
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर में अत्याधिक वायु प्रदूषण के कारण हजारों लोगों को अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। डॉक्टरों की सलाह पर अधिकारियों ने आगाह किया है कि अगर लोगों ने मास्क लगाने समेत अन्य निर्देशों का पालन नहीं किया तो पूर्ण लॉकडाउन लगाया जा सकता है।
यह चेतावनी तब दी गई जब लोग बिना मास्क लगाए सड़कों पर घूमते नजर आए। डॉक्टरों ने कहा है कि ज्यादातर लोगों को खांसी तथा आंखों में जलन की शिकायत है। पिछले एक हफ्ते में श्वास संबंधी परेशानी से जूझ रहे हजारों लोगों का अस्पतालों और क्लीनिक में इलाज किया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंधो को दोनों प्रमुख दलों का समर्थन हासिल है और यह संबंध रिपब्लिकन पार्टी की सरकार में और मजबूत होंगे। राजा कृष्णमूर्ति भारतीय मूल के तमिल भाषी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, उनका जन्म दिल्ली में हुआ था। राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस को हराकर जीत हासिल की है। ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद कृष्णमूर्ति का मानना है कि भारत-अमेरिका संबंध और गहरे व मजबूत होंगे।
अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी और डोनाल्ड ट्रंप की ऐतिहासिक जीत का असर कनाडा में दिखाई देने लगा है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर विपक्षी पीपु्स पार्टी के प्रमुख मैक्सिम बर्नियन ने निशाना साधा है। बर्नियर ने ट्रूडो पर बिना रोकटोक के प्रवासियों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका में सरकार बदलने के बाद कनाडा को अपनी नीतियों में बदलाव लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को खर्च कम करना चाहिए, कर को घटाना चाहिए, अनावश्यक नियमों को खत्म करना चाहिए और महंगी जलवायु नीतियों को खत्म करना चाहिए। साथ ही बड़े पैमाने पर हो रहे आव्रजन को रोकना चाहिए और ऐसा माहौल बनाना चाहिए जहां कामगार, उद्यमी और निवेशक प्रगति कर सकें।
दक्षिणी मेक्सिको में पुलिस को हाईवे पर 11 शव मिले
दक्षिणी मेक्सिको में पुलिस को हाईवे पर 11 शव मिले हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियां भी हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें बुधवार रात को राज्य की राजधानी चिलपेंसिंगो शहर के मुख्य मार्ग पर एक लावारिस पिकअप ट्रक के बारे में सूचना मिली, जब वह वहां गए तो उन्हें 11 शव मिले। पुलिस ने कहा कि 3 लाख की आबादी वाला यह शहर ड्रग गिरोह हिंसा का गढ़ है। इस क्षेत्र में ड्रग तस्करी के दो गिरोह बड़े स्तर पर सक्रिय हैं, जो अक्सर लड़ते रहते हैं। पुलिस ने अभी मृतकों की पहचान उजागर नहीं की है।