फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events

World Updates: अफगानिस्तान में भूकंप से मौत का आंकड़ा 2,205 पहुंचा; गाजा संघर्ष में मौत का आंकड़ा 64,000 पार

Thu, 04 Sep 2025 10:13 PM IST
बशु जैन वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: बशु जैन Updated Thu, 04 Sep 2025 10:13 PM IST
विज्ञापन
world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अफगानिस्तान में पिछले हफ्ते आए तेज भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,205 हो गई है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता हमदुल्लाह फिटरत ने बताया कि रविवार रात 6.0 तीव्रता के भूकंप ने पूर्वी पर्वतीय इलाकों में कई गांवों को तबाह कर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान कुनार प्रांत में हुआ है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लोगों के लिए तंबू और प्राथमिक सहायता भेजी जा रही है, लेकिन कठिन भूभाग और फंड की कमी राहत कार्य में बाधा डाल रही है।
विज्ञापन


म्यांमार में आया 4.7 तीव्रता का भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार गुरुवार को म्यांमार में 4.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 3 मिनट पर आया और इसकी गहराई 120 किलोमीटर रही। सेंटर ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसका केंद्र अक्षांश 23.97 उत्तर और देशांतर 94.50 पूर्व पर स्थित था। गहराई अधिक होने के कारण झटकों का असर सतह पर सीमित रहा। फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह भूकंप क्षेत्र की टेक्टॉनिक गतिविधियों का परिणाम है।
विज्ञापन


ट्रंप प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट से टैरिफ मामले में त्वरित सुनवाई की मांग की
ट्रंप प्रशासन ने बुधवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए राष्ट्रपति द्वारा लगाए गए टैरिफ को वैध ठहराने की त्वरित मांग की। इससे पहले, फेडरल सर्किट की अपील अदालत ने फैसला सुनाया था कि डोनाल्ड ट्रंप के अधिकांश टैरिफ आपातकालीन शक्तियों के कानून के तहत अवैध हैं, हालांकि अदालत ने उन्हें फिलहाल लागू रहने दिया। प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि वह जल्द हस्तक्षेप करे और राष्ट्रपति को संघीय कानून के तहत व्यापक व्यापारिक दंड लगाने का अधिकार स्पष्ट करे। यह मामला ट्रंप की व्यापार नीतियों और अमेरिकी राष्ट्रपति की शक्तियों के दायरे को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी मोड़ माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

भूकंप प्रभावित अफगानिस्तान को भारत ने भेजी 21 टन राहत सामग्री
अफगानिस्तान के भूकंप पीड़ितों के लिए भारत ने  21 टन राहत सामग्री भेजी है। रविवार देर रात पूर्वी अफगानिस्तान में आए 6 रिक्टर वाले शक्तिशाली भूकंप में 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 2,500 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारतीय राहत सामग्री अफगानिस्तान पहुंचने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। भारज से भेजे गए सामान में टेंट, कंबल, स्वच्छता किट, जल भंडारण टैंक, जनरेटर, बर्तन, वाटर प्यूरीफायर, स्लीपिंग बैग, दवाइयां व अन्य सामान शामिल हैं। तबाह हुए पूर्वी पहाड़ी इलाकों में घरों के मलबे से बचे लोगों को निकालने के लिए बुधवार को अफगानिस्तान ने हवाई मार्ग से कमांडो उतारे। साथ ही, उसने भोजन, आश्रय व चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

वेनेजुएला गिरोह का पुराने कानून से  निर्वासन न करें ट्रंप
अमेरिकी संघीय अपीलीय अदालत ने फैसला दिया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 18वीं सदी के युद्धकालीन कानून का इस्तेमाल करके उन लोगों को निर्वासित नहीं सकते, जिन पर उनकी सरकार वेनेजुएला के एक गिरोह का सदस्य होने का आरोप लगाती है। इस फैसले से ट्रंप प्रशासन की बड़ी पहल पर रोक लग गई है। देश की रूढ़िवादी संघीय अपील कोर्ट में तीन जजों की पीठ ने 2-1 से दिए फैसले में प्रवासी अधिकार कार्यकर्ताओं व निचली अदालतों की दलीलों से सहमति जताई। 

यूएन का दावा, यमन में हूतियों की हिरासत में हैं 19 कर्मचारी
विश्व निकाय के मुताबिक, यमन की राजधानी में उसके कार्यालयों पर धावा बोलने के दौरान ईरान समर्थित हूतियों ने 19 कर्मचारियों को हिरासत में लिया। यह शुरुआत में बताई गई संख्या से अधिक है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि हिरासत में लिए गए उसके कर्मचारियों में से 18 यमन के नागरिक हैं और एक अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी है। उन्होंने सभी को तुरंत रिहा करने की अपील की।

ग्लोबल स्टूडेंट प्राइज के टॉप-10 प्रतिभागियों में भारत के आदर्श
भारत का 18 वर्षीय छात्र बुधवार को अपनी उद्यमशीलता की भावना के लिए 1,00,000 अमेरिकी डॉलर के चेगऑर्ग ग्लोबल स्टूडेंट प्राइज 2025 के लिए टॉप-10 प्रतिभागियों में शामिल हुआ। बिहार के रहने वाले व जयपुर के जयश्री पेरीवाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदर्श कुमार को 148 देशों से प्राप्त 11,000 नामांकनों में से चुना गया है। यह पुरस्कार ऐसे असाधारण छात्र को दिया जाता है, जिसने शिक्षा और समग्र समाज पर वास्तविक प्रभाव डाला हो।

ब्रिटिश उप प्रधानमंत्री ने कम संपत्ति कर जमा किया, बर्खास्तगी की मांग
ब्रिटेन की उप-प्रधानमंत्री और आवास मंत्री एंजेला रेनर ने स्वीकार किया कि उन्होंने गलत कानूनी सलाह मिलने के बाद हाल ही में इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर खरीदे गए नए घर पर कम कर का भुगतान किया था। उनकी यह स्वीकारोक्ति कम स्टाम्प ड्यूटी को लेकर कई सप्ताह से मीडिया में गहन कवरेज के बाद आई है। इसके साथ ही विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी ने उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। रेनर ने कहा, मैं स्वीकार करती हूं कि वकीलों पर भरोसा करने के कारण गलती हुई। उन्होंने प्रावधानों को नहीं समझा। मैंने खरीद के समय उचित स्टाम्प शुल्क का भुगतान नहीं किया।

सीजेआई गवई आज नेपाल में न्यायिक संवाद में लेंगे हिस्सा
भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई बृहस्पतिवार को नेपाल जा रहे हैं। वे यहां होने वाले नेपाल इंडिया जुडिशियल डायलॉग में भाग लेंगे। साथ गी लुम्बिनी, ललितपुर जिले के पाटन और पशुपति क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। इससे पूर्व, नेपाल के मुख्य न्यायाधीश विश्वम्भर प्रसाद श्रेष्ठ के निमंत्रण पर पूर्व सीजेआई डीवाई चन्द्रचूड़ वर्ष 2024 में तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नेपाल आए थे।

इस्राइल ने संदिग्ध परमाणु स्थल पर तेज किया निर्माण, गाजा पट्टी में बम बरसाए
विशेषज्ञों द्वारा विश्लेषित उपग्रह चित्रों के अनुसार, इस्राइल के लंबे समय से संदिग्ध एटमी हथियार कार्यक्रम के लिए एक अहम सुविधा में नई संरचना पर निर्माण कार्य तेज हो गया है। उनका कहना है कि यह एक नया रिएक्टर या परमाणु हथियार बनाने की सुविधा हो सकती है। उधर, गाजा के सबसे बड़े दीर अल-बला शहर पर चारों और से तोपें और बम बरस रहे हैं। इस्राइल द्वारा सख्त हमले के संकल्प से फलस्तीनियों में डर फैला हुआ है। इस्राइल ने क्षेत्र के उत्तर में स्थित गाजा शहर को युद्ध क्षेत्र घोषित करने के बाद सेना हमास को अधीन करने के अभियान में इसे अपने कब्जे में लेने की योजना बना रही है। वहीं इस्राइल ने पूरे पश्चिम एशिया में निगरानी मजबूत करने के लिए नया जासूसी उपग्रह प्रक्षेपित किया है। रक्षा मंत्री ने कहा, यह शत्रुओं को एक संदेश है कि वे चाहे कहीं भी हो, हमारी नजरें उन पर हैं। इस्राइली ड्रोनों ने दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के करीब 4 ग्रेनेड गिराए। सड़क अवरोधों को हटा रहे कर्मी इसमें हताहत नहीं हुए।

भारतीय-अमेरिकी अमित क्षत्रिय नासा के नए एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त
भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक अमित क्षत्रिय को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का नया एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया गया है। यह एजेंसी की सर्वोच्च सिविल सर्विस भूमिका मानी जाती है। नासा के कार्यकारी प्रशासक शॉन पी डफी ने उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि क्षत्रिय की ईमानदारी और विशेषज्ञता उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाती है। क्षत्रिय लगभग 20 वर्षों से नासा से जुड़े हैं और हाल ही में 'मून टू मार्स' प्रोग्राम में डिप्टी प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने 'आर्टेमिस' अभियान के तहत चंद्रमा पर मानव मिशन की योजना और क्रियान्वयन का नेतृत्व किया। अमित क्षत्रिय का जन्म विस्कॉन्सिन में हुआ था। उन्होंने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास से पढ़ाई की। वे मिशन कंट्रोल फ्लाइट डायरेक्टर रह चुके हैं और नासा की शीर्ष नेतृत्व टीम में दुर्लभ अनुभव लेकर आए हैं।

इटली के विटेर्बो शहर में स्थानीय उत्सव से पहले दो हथियारबंद तुर्की के नागरिक गिरफ्तार
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने गुरुवार को बताया कि रोम के निकट मध्य इटली के विटेर्बो शहर में एक लोकप्रिय स्थानीय उत्सव से कुछ घंटे पहले दो हथियारबंद तुर्की के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। मेलोनी ने पुलिस और गृह मंत्री माटेओ पियांटेडोसी की त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशंसा की, जिसके कारण बुधवार रात ये गिरफ्तारियां हुईं। उन्होंने कहा कि इससे एक अनोखे आयोजन का सुरक्षित आयोजन संभव हो सका।ट

इतालवी मीडिया ने बताया कि दोनों व्यक्तियों पर बुधवार के उत्सव के दौरान हमले की योजना बनाने का संदेह है, जिसमें इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी भी शामिल हुए थे। विटेर्बो में पुलिस इन गिरफ्तारियों पर तुरंत कोई टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं थी। हजारों लोग विटेर्बो के मैकचिना डि सांता रोजा उत्सव में शामिल होते हैं, जो शहर के संरक्षक संत, सांता रोज़ा के सम्मान में हर साल 3 सितंबर को आयोजित होने वाला एक धार्मिक जुलूस और उत्सव है। मुख्य कार्यक्रम में 100 "फचिनी डि सांता रोजा" कुली शामिल होते हैं, जो शहर की संकरी मध्ययुगीन गलियों से लगभग 5 टन वज़नी मचिना नाम का एक विशाल, रोशन संरचना को ढोते हैं।

हार्वर्ड विश्वविद्यालय को दी जाने वाली अरबों डॉलर की कटौती गलत
बोस्टन के एक संघीय न्यायाधीश ने बुधवार को हार्वर्ड विश्वविद्यालय के लिए अनुसंधान अनुदान में ट्रंप प्रशासन द्वारा की गई कटौती को वापस लेने का आदेश दिया, जिससे अनुदान की राशि 2.6 बिलियन डॉलर से अधिक हो गई। अमेरिकी जिला न्यायाधीश एलिसन बरोज ने आइवी लीग स्कूल का पक्ष लेते हुए फैसला सुनाया कि यह कटौती हार्वर्ड द्वारा व्हाइट हाउस की प्रशासन और नीतियों में परिवर्तन की मांग को अस्वीकार करने के लिए अवैध प्रतिशोध के समान है।
 

इलिनोइस में सार्वजनिक परिवहन पर हथियार ले जाने पर प्रतिबंध को मंजूरी 
संघीय अपील अदालत ने इलिनोइस में सार्वजनिक परिवहन पर हथियार ले जाने पर प्रतिबंध को मंजूरी दे दी है। साथ ही निचली अदालत के उस फैसले को पलट दिया है जिसमें पाया गया था कि यह प्रतिबंध दूसरे संशोधन का उल्लंघन करता है। अमेरिकी अपील अदालत के न्यायाधीश जोशुआ कोलार ने तीन न्यायाधीशों वाले पैनल के बहुमत के मत में लिखा कि यह प्रतिबंध संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले, सीमित स्थानों पर हथियारों की सीमा तय करने की सदियों पुरानी प्रथा के अनुकूल है।

भारत-अमेरिका सैन्य अभ्यास 'युद्ध अभ्यास 2025' की शुरुआत
अलास्का के फोर्ट वेनराइट में भारत और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'युद्ध अभ्यास 2025' की भव्य शुरुआत हुई। अगले दो हफ्तों तक दोनों देशों के 450-450 सैनिक फील्ड और कमांड पोस्ट एक्सरसाइज के साथ-साथ विशेषज्ञ स्तर की गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इस अभ्यास का उद्देश्य दुनिया के सबसे बड़े और सबसे पुराने लोकतंत्रों के बीच रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। यह अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच आपसी समझ, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

सूडान में भूस्खलन से तरासिन गांव तबाह
सूडान के पश्चिमी क्षेत्र डारफुर में भूस्खलन से तरासिन गांव तबाह हो गया है। अब तक लगभग 100 शव बरामद किए गए हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 1,000 तक पहुंचने की आशंका है। यह हादसा 31 अगस्त को मारा पर्वत क्षेत्र में हुआ, जो अपनी ऊंचाई और भारी वर्षा के लिए जाना जाता है।

सूडान लिबरेशन मूवमेंट-आर्मी ने बताया कि संसाधनों और उपकरणों की कमी के बावजूद राहत अभियान जारी है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि इलाके तक पहुंचना मुश्किल है और मृतकों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। 300 से 1,000 लोगों की जान जाने की आशंका है। पोप लियो 14वें ने पीड़ितों के लिए प्रार्थना की और इसे मानवीय आपदा बताया। उन्होंने सभी पक्षों से गंभीर संवाद और शांति की दिशा में कदम उठाने का आह्वान किया।

नेपाल को अमेरिका ने दिए दो स्काइट्रक विमान
अमेरिका ने नेपाल की सेना को 37 मिलियन डॉलर की सैन्य मदद के तहत दो एम28 स्काइट्रक विमान सौंपे। अब नेपाल सेना के पास कुल पांच स्काइट्रक विमान हो गए हैं। इनमें से एक विमान को एयर एम्बुलेंस के रूप में तैयार किया गया है। अमेरिकी राजदूत डीन थॉम्पसन ने काठमांडू में आयोजित समारोह में यह विमान सौंपे। यह कदम नेपाल की आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करेगा।

युद्ध खत्म होने के बाद यूक्रेन में तैनात होंगे 26 देशों के सैनिक: मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को बताया कि 26 देशों ने यूक्रेन में शांति बहाल होने के बाद अपने सैनिक तैनात करने का वादा किया है। पेरिस में हुई बैठक के बाद मैक्रों ने कहा कि यह 'रिअश्योरेंस फोर्स' जमीन, समुद्र या आसमान में मौजूद रहकर यूक्रेन की सुरक्षा की गारंटी देगी। यह कदम रूस के साथ युद्धविराम या शांति समझौते के बाद उठाया जाएगा। इस पहल का मकसद यूक्रेन को स्थिरता प्रदान करना और भविष्य में किसी नए खतरे से बचाना है।

फलस्तीन में मौत का आंकड़ा 64,000 पार
गाजा में जारी संघर्ष के बीच फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मौत का आंकड़ा 64,000 को पार कर गया है। लगातार हो रही हिंसा और हवाई हमलों से हालात बेहद खराब हैं। इस्राइल और हमास दोनों अपने-अपने कड़े रुख पर कायम हैं और किसी समझौते के संकेत नहीं दिख रहे हैं। गाजा के कई इलाकों में मलबे के नीचे लोगों को खोजने का काम जारी है, जबकि अस्पतालों में घायलों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द संघर्ष नहीं रुका, तो मानवीय संकट और गहरा जाएगा।

पाकिस्तान में जून में 78 आतंकी हमले 
 पाकिस्तान में इस साल सैकड़ों आतंकी हमले हुए हैं। केवल जून में 78 आतंकी हमले हुए, जिनमें 100 लोग मारे गए। 189 घायल हुए। एक दूसरी रिपोर्ट के अनुसार सिर्फ खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इस साल अब तक 605 आतंकी हमले हुए हैं। इनमें 138 नागरिक मारे गए। 352 घायल हो गए।

खैबर पख्तूनख्वा पुलिस विभाग की हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलों में 79 पुलिसकर्मी मारे गए। 130 घायल हुए। अगस्त में 129 आतंकी हमलों में 17 नागरिकों और 13 पुलिसकर्मियों की जान गई। 51 नागरिक और 46 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इन घटनाओं में 351 संदिग्धों के नाम सामने आए, 32 को गोली मारी दी गई। 5 लोग गिरफ्तार हुए। वहीं, इस्लामाबाद स्थित थिंक टैंक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज ने बताया कि देश में जून में हुए हमलों के मृतकों में 53 सुरक्षाकर्मी, 39 नागरिक, छह आतंकवादी और स्थानीय शांति समितियों के दो सदस्य थे। घायलों में 126 सुरक्षाकर्मी और 63 नागरिक रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed