फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US China India Nepal Politics Crime and Global events

Updates: दक्षिण सूडान में विमान दुर्घटनाग्रस्त, 18 की मौत; कनाडा चुनाव में दखल के आरोप को भारत ने किया खारिज

Wed, 29 Jan 2025 03:13 PM IST
दीपक कुमार शर्मा वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 29 Jan 2025 03:13 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US China India Nepal Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
दक्षिण सूडान में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 18 लोगों की मौत हो गई। यह विमान बुधवार को देश के तेल समृद्ध यूनिटी स्टेट राज्य में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान में 21 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि विमान एक तेल क्षेत्र के पास से जूबा स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर उड़ान भर रहा था। दुर्घटना के तत्काल कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों को पीड़ितों की पहचान का खुलासा नहीं किया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, विमान में तेल कर्मी सवार थे। 
विज्ञापन


भारत ने कनाडा चुनाव में बाहरी हस्तक्षेप के आरोप खारिज किए
भारत ने एक कनाडाई आयोग की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है जिसमें उसमें कनाडा के चुनाव में हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया है। मंगलवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमने चुनाव में हस्तक्षेप पर कथित गतिविधियों के बारे में एक रिपोर्ट देखी है। वास्तव में यह कनाडा ही है जो भारत के आंतरिक मामलों में लगातार हस्तक्षेप करता रहा है। इससे अवैध प्रवास और संगठित आपराधिक गतिविधियों के लिए भी माहौल तैयार हुआ है। मंत्रालय ने कहा कि भारत पर आक्षेप लगाने वाली रिपोर्ट को खारिज करते हैं। उम्मीद करते हैं कि अवैध प्रवासन को सक्षम करने वाली सहायक प्रणाली को आगे बनाए नहीं रखा जाएगा। 
विज्ञापन


अमेरिकी वायु सेना का लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित
अलास्का के बेस पर मंगलवार को अमेरिकी वायु सेना का लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पायलट सुरक्षित है। बताया जाता है कि दुर्घटना ईल्सन एयरफोर्स बेस के रनवे पर हुई। हादसे के कारण की जानकारी नहीं मिल सकी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच चल रही है। सभी विवरणों की पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है। वायुसेना ने बताया कि हादसे में विमान को काफी नुकसान हुआ। पायलट सुरक्षित है और उसे बैसेट आर्मी अस्पताल ले जाया गया है। 354वें फाइटर विंग के कमांडर कर्नल पॉल टाउनसेंड ने कहा कि हमारे लोग सबसे महत्वपूर्ण संसाधन हैं और हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि संयुक्त राज्य वायु सेना दोबारा ऐसी घटनाओं की संभावना को कम करने की उम्मीद में गहन जांच करेगी।

स्कॉट बेसेंट बने अमेरिका के वित्त मंत्री
अमेरिकी सीनेट ने देश के वित्त मंत्री के रूप में अरबपति निवेशक स्कॉट बेसेंट की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। बेसेंट पर करों में कटौती और घाटे पर अंकुश के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ शुल्क संबंधी ऐसी योजना पेश करने की जिम्मेदारी होगी जिससे विकास को खतरा नहीं हो। दक्षिण कैरोलिना के बेसेंट यह पद संभालने वाले पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने अपने समलैंगिक होने को सार्वजनिक रूप से स्वीकारा है। पूर्व में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक रहे और अमेरिकी निवेशक जॉर्ज सोरोस के लिए काम कर चुके बेसेंट अब ट्रंप के समर्थक हैं।

दक्षिण कोरिया: उड़ान भरने से पहले यात्री विमान लगी आग, सभी सुरक्षित
दक्षिण कोरिया के एक हवाई अड्डे पर मंगलवार देर रात एक यात्री विमान में उड़ान भरने से पहले आग लग गई। तत्काल विमान में सवार सभी 176 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। परिवहन मंत्रालय ने कहा कि दक्षिण-पूर्व में गिमहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दक्षिण कोरियाई एयरलाइन एयर बुसान का विमान एयरबस विमान हांगकांग के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहा था। तभी उसके पिछले हिस्से में आग लग गई। विमान में सवार 169 यात्रियों, छह चालक दल के सदस्यों और एक इंजीनियर को एस्केप स्लाइड से बाहर निकाला गया। राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने कहा कि निकासी के दौरान तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। करीब एक घंटे बाद रात 11:31 बजे आग पूरी तरह से बुझ गई। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। परिवहन मंत्रालय ने बताया कि विमान A321 मॉडल का है।

व्हाइट हाउस प्रशासन ने संघीय कर्मचारियों से की पद छोड़ने की पेशकश
ट्रंप प्रशासन ने मंगलवार को संघीय कर्मचारियों को मेल भेजकर पद छोड़ने की पेशकश की है। कर्मचारियों को सात महीने के वेतन के बराबर भुगतान किया जाएगा। यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिकी सरकार में अभूतपूर्व बदलाव का हिस्सा है। सरकार की मानव संसाधन एजेंसी ने चार निर्देशों की सूची दी है। इसमें कहा गया है कि ट्रंप संघीय कार्यबल के लिए आदेश दे रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि अधिकांश कर्मचारी पूर्णकालिक रूप से अपने कार्यालयों में लौट आएं। ईमेल में लिखा गया है कि यदि आप संघीय कार्यबल में अपनी वर्तमान भूमिका को जारी नहीं रखना चुनते हैं, तो हम देश के लिए आपकी सेवा को धन्यवाद देते हैं। आप इस्तीफे का उपयोग करके संघीय सरकार से सम्मानजनक, निष्पक्ष प्रस्थान प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम 28 जनवरी से शुरू हो रहा है और 6 फरवरी तक सभी संघीय कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है। यदि आप इस्तीफा देते हैं, तो आप अपने दैनिक कार्यभार की परवाह किए बिना सभी वेतन और लाभ बरकरार रखेंगे और 30 सितंबर तक सभी लागू व्यक्तिगत कार्य आवश्यकताओं से छूट दी जाएगी।

ट्रंप के अभियोजनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को निकाला गया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अभियोजनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को निकाल दिया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा है कि ट्रंप के आपराधिक अभियोजनों पर काम करने वाले 12 से अधिक कर्मचारियों को निष्कासित किया गया है। विशेष वकील जैक स्मिथ की टीम में काम करने वाले अभियोजकों को अचानक बर्खास्त करने के बाद न्याय विभाग में उथल-पुथल की आशंका है। उन कर्मचारियों को बाहर निकाला जा रहा है, जिन्हें राष्ट्रपति के प्रति वफादार नहीं माना जा रहा है। 

इतालवी प्रधानमंत्री मेलोनी के खिलाफ जांच शुरू, लीबियाई व्यक्ति को वापस भेजने का मामला
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और उनकी सरकार के दो मंत्रियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। रोम के अभियोजकों ने हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय में वांटेड लीबियाई शख्स को वापस भेजने के मामले में कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार को पीएम ने बताया कि वारंट उस समय जारी किया गया था जब वह तीन अन्य यूरोपीय देशों में करीब 12 दिन बिताने के बाद इटली पहुंचा था। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी वारंट न्याय मंत्रालय को नहीं भेजा गया था जैसा कि कानून के अनुसार किया जाना चाहिए। इस कारण से रोम में अपीलीय अदालत ने गिरफ्तार नहीं करने का फैसला किया। बता दें कि लीबियाई नागरिक ओसामा अल-मसरी को इटली के ट्यूरिन में तब गिरफ्तार किया था जहां वह फुटबॉल मैच देखने गया था। 

सीरिया में सामूहिक कब्रों की खोज; सामने आई असद की क्रूरता
सीरिया में सुरक्षाकर्मियों ने ग्रामीण दमिश्क इलाके में दो अलग-अलग तहखानों में 26 जले हुए शव बरामद किए हैं।  बशर अल-असद सरकार के कार्यकाल के पतन के बाद से खोजी गई सामूहिक कब्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। माना जाता है कि अवशेषों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। शवों पर गोली लगने और जलने के निशान मिले हैं। राजधानी के दक्षिण-पश्चिम में स्बेनेह शहर में दो संपत्तियों के तहखाने से खंडित, क्षतिग्रस्त कंकाल और अवशेषों को भी निकाला गया है।

इस्राइल की गोलीबारी में दो फलस्तीनियों की मौत
युद्ध विराम समझौते के बाद भी इस्राइल की कार्रवाई जारी है। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पश्चिमी तट पर इस्राइल की ओर से की गई गोलीबारी में दो फलस्तीनी मारे गए। बताया गया कि तुलकेरेम में एक 23 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं जेनिन में एक हमले में एक 25 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि वह अपनी रिपोर्ट में नागरिकों और लड़ाकों के बीच अंतर नहीं करता है।  मंत्रालय का कहना है कि 800 से ज्यादा फलस्तीनी अब तक मारे गए हैं। 1967 में इस्राइल ने पश्चिमी तट, गाजा और पूर्वी येरूशलम पर कब्जा कर लिया था। फलस्तीनी अपने भविष्य के इन तीनों क्षेत्रों को चाहते हैं।

पाकिस्तान: पीटीआई अध्यक्ष ने शहबाज सरकार पर लगाया मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष गौहर खान ने पाकिस्तान सरकार पर बातचीत से बचने और न्यायिक आयोग की स्थापना की मांग को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। बुछवार को रावलपिंडी कचेरी के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि औपचारिक रूप से सरकार से प्रमुख चिंताओं के समाधान के लिए एक न्यायिक आयोग स्थापित करने का अनुरोध किया था। हालांकि, सरकार ने उनकी मांग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

प्रिंसेस बीट्रिस ने दूसरी बेटी को जन्म दिया: बकिंघम पैलेस
बकिंघम पैलेस ने बुधवार को जानकारी दी कि ब्रिटेन की प्रिंसेस बीट्रिस ने 22 जनवरी को अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया। उनकी बेटी का वजन चार पाउंड और पांच औंस था। बीट्रिस के पिता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी बेटी बहुत और पूरी तरह स्वस्थ है। शाही परिवार के अन्य सदस्य भी बेटी के जन्म पर बहुत खुश हैं। बीट्रिश सिंहा की लाइन में नौवें स्थान पर हैं और वह प्रिंस एंड्रयू और उनकी पूर्व पत्नी सारा की बड़ी बेटी हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed