World Updates: यमन के पास खाड़ी में जहाज पर हमला; न्यूयॉर्क में कनाडा की विदेश मंत्री से मिले डॉ. जयशंकर
नेपाल में 8 और 9 सितंबर को हुए जेन-जी विरोध प्रदर्शन के दौरान देशभर के हिरासत केंद्रों से कुल 14,558 कैदी भाग गए थे। जेल प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 7,735 कैदी अपनी-अपनी जेलों में लौट आए हैं। जबकि, सुरक्षा बलों के साथ झड़प में 10 कैदियों की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि कुछ कैदी स्वेच्छा से लौटे हैं, जबकि अन्य को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। हालांकि, 6,813 कैदी अभी भी विभिन्न जेलों से फरार हैं। सरकार ने इन कैदियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
नेपाल में बस हादसे में दो की मौत, 20 से अधिक घायल
नेपाल में लुम्बिनी प्रांत के अर्घाखांची जिले में एक मिनी बस सड़क किनारे ढलान पर जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। स्थानीय समाचार पत्र में यह जानकारी दी गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसा तब हुआ, जब वाहन का ब्रेक फेल हो गया और वह एक तेज मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। यह बस बुटवल से पुरकोटदाहा जा रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में दो बच्चों (10 वर्षीय और 13 वर्षीय) की जान चली गई, जबकि अन्य घायल चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिनी बस में कुल 26 यात्री सवार थे, जबकि उसकी क्षमता केवल 16 सीटों की थी। पुलिस का कहना है कि ओवरलोडिंग और ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह हो सकती है।
चीन की अदालत ने म्यांमार आधारित गिरोह के 11 सदस्यों को सुनाई मौत की सजा
चीन की एक अदालत ने म्यांमार में सक्रिय एक परिवार आधारित अपराध गिरोह के 39 सदस्यों को विभिन्न गंभीर अपराधों में दोषी ठहराया है। झेजियांग प्रांत की वेनझोउ इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए 11 आरोपियों को मौत की सजा सुनाई, जिनमें सरगना म्ग म्यिन शाउन्त फ्यिन और मा थिरी माउंग शामिल हैं। अदालत ने पांच अन्य को दो साल की स्थगित मृत्युदंड सजा, 11 को आजीवन कारावास और शेष आरोपियों को पांच से 24 साल तक की कैद की सजा दी। अदालत के अनुसार, यह आपराधिक समूह 2015 से म्यांमार के कोकांग क्षेत्र में सक्रिय था। गिरोह ने वहां सशस्त्र गुट खड़ा किया और दूरसंचार धोखाधड़ी, ड्रग्स तस्करी, अवैध जुआ, वेश्यावृत्ति तथा अन्य अपराधों में शामिल रहा। इनके अपराधों के चलते 14 चीनी नागरिकों की मौत हुई और छह अन्य घायल हुए। अदालत ने बताया कि इस गिरोह ने जुआ और धोखाधड़ी से 10 अरब युआन (करीब 1.4 अरब डॉलर) से अधिक की कमाई की। सुनवाई के दौरान 160 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें आरोपियों के परिजन, राष्ट्रीय सांसद और राजनीतिक सलाहकार भी शामिल थे। अदालत ने कई दोषियों पर जुर्माना लगाया, उनकी संपत्ति जब्त की और कुछ को निर्वासन का आदेश भी दिया।
तूफान बुआलोई: वियतनाम में एक की मौत, चार लापता, करीब 30,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया
वियतनाम में तूफान बुआलोई के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार लोग लापता हैं। देश के मध्य हिस्से में 28 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। यह जानकारी 'वियतनाम न्यूज' ने दी है। वियतनाम न्यूज ने 'आपदा प्रबंधन विभाग' के हवाले से बताया कि निन्ह बिन्ह से क्वांग गाई तक के क्षेत्रों में 28,000 से अधिक लोगों को हटाया गया है। इनमें से लगभग सात हजार लोग थान होआ प्रांत में, 16,500 हा तिन्ह में और 2,100 से ज्यादा क्वांग त्री से निकाले गए। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ह्यू शहर में शनिवार देर रात एक महिला बाढ़ के पानी में बह गई थी। रविवार को उसका शव बरामद हुआ। वहीं, तीन लोग क्वांग त्री में और एक दा नांग में लापता हैं। तूफान के कारण 86 घरों को नुकसान पहुंचा है या उनकी छतें उड़ गई हैं।
जापान: टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट के पास लगी आग, हवाई यातायात पर असर नहीं
टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट के पास एक इमारत को गिराने के दौरान सोमवार को आग लग गई। हालांकि इससे हवाई यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा और किसी के घायल होने की खबर भी नहीं है। यह जानकारी क्योदो न्यूज ने दी। क्योदो न्यूज के मुताबिक, सुबह 9:10 बजे (स्थानीय समय) आपातकालीन कॉल आई, जिसमें काले धुएं और आग की सूचना दी गई। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जिस जगह आग लगी, वह हनेडा एयरपोर्ट के टर्मिनल तीन से करीब 1.2 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। टोक्यो पुलिस और दमकल विभाग ने बताया कि यह जगह पहले एक हैंगर (विमान रखने की जगह) के रूप में इस्तेमाल होती थी। आग से करीब 900 वर्ग मीटर की छत जल गई।
अफगान जेल से एक अमेरिकी नागरिक रिहा
तालिबान ने रविवार को एक अमेरिकी नागरिक को अफगान जेल से रिहा कर दिया। कुछ हफ्ते पहले तालिबान ने कहा था कि संबंधों को सामान्य बनाने के प्रयास के तहत कैदियों की अदला-बदली पर अमेरिकी दूतों के साथ उनका समझौता हो गया है। तालिबान विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता जिया अहमद तकाल ने उस व्यक्ति की पहचान आमिर अमीरी के रूप में की। उन्होंने यह नहीं बताया कि अमीरी को कब, क्यों या कहां हिरासत में लिया गया था।
ट्रंप मंगलवार को शीर्ष सैन्य अधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को वर्जीनिया स्थित क्वांटिको मरीन कॉर्प्स बेस में शीर्ष सैन्य नेताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। सूत्र के अनुसार, बैठक में सैकड़ों जनरल और एडमिरल और उनके प्रमुख सलाहकार बुलाया गया है। रक्षा मंत्री पीट हेजसेथ ने इस बैठक के लिए बहुत कम समय में नोटिस जारी किया। पेंटागन के शीर्ष प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि हेजसेथ अगले सप्ताह अपने वरिष्ठ सैन्य नेताओं को संबोधित करेंगे। अमेरिकी शीर्ष सैन्य सरंचना में कुल 800 जनरल और एडमिरल हैं।
छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद बांग्लादेश में सांप्रदायिक हिंसा, तीन की मौत
बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी पहाड़ी इलाके खगराछारी में रविवार को आदिवासियों और बंगाली समुदाय के बीच हिंसा भड़क गई, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। यह झड़पें एक आदिवासी स्कूली छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद शुरू हुईं। पुलिस ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की, लेकिन उनकी पहचान नहीं बताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के घरों और दुकानों में आग लगा दी। हिंसा में 13 सेना के जवान और तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
कराची में 30 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने 30 सितंबर को कराची के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। वहीं, सोमवार तक शहर का तापमान बढ़कर 38°C तक पहुंचने की उम्मीद है। पीएमडी ने कहा कि थारपारकर, उमरकोट, बदीन, सुजावल, थट्टा, टांडो मोहम्मद खान और हैदराबाद समेत कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 29 और 30 सितंबर के बीच जमशोरो, मटियारी, मीरपुरखास और संघर में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, कराची का मौसम गर्म रहने की उम्मीद है। रविवार को तापमान 36°C के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया, जो सोमवार को बढ़कर 38°C तक पहुंच सकता है।
अमेरिकी हितों को नुकसान पहुंचाए बिना भारत और ब्राजील को अपने बाजार खोलने की जरूरत : लुटनिक
अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि अमेरिका को ब्राजील और भारत जैसे देशों को सही दिशा में लाना पड़ेगा। उनका कहना है कि इन देशों को अमेरिकी हितों को नुकसान पहुंचाने वाले कदमों से बचते हुए अपने बाजार खोलने की जरूरत है।
लुटनिक ने एक साक्षात्कार में कहा, हमे स्विट्जरलैंड, ब्राजील, भारत जैसे कई देशों को फिक्स (सही दिशा में) करना है। ये देश अमेरिका के प्रति सही रुख अपनाएं, अपने बाजार खोलें और ऐसे कदम उठाना बंद करें जो अमेरिका को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए हम इनके साथ विवाद में हैं। उन्होंने आगे कहा, अगर आप अमेरिकी उपभोक्ताओं अपने सामान बेचना चाहते हैं, तो आपको राष्ट्रपति के साथ सहयोग करना होगा। लुटनिक ने भारत और ब्राजील के अलावा ताइवान और स्विट्जरलैंड जैसे देशों का भी जिक्र किया, जिनके साथ अमेरिका के व्यापारिक मुद्दे अभी अनसुलझे हैं।
उत्तरी नाइजीरिया के खदान में हादसा, 18 लोगों की मौत
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने रविवार को विश्व आयुर्वेद दिवस मनाया। इस दौरान राजदूत बिनय श्रीकांत प्रधान ने अमेरिका में आयुर्वेद की बढ़ती लोकप्रियता और इसके समग्र दृष्टिकोण के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, विश्व आयुर्वेद दिवस मानते हुए हमने आयुर्वेद के समय-परीक्षित सिद्धांत के संतुलित पोषण, समग्र स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण के मार्गदर्शन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि न्यूट्रिशन 360 का शुभारंभ सचेतन और साक्ष्य-आधारित पोषण को बढ़ावा देने वाली एक प्रमुख पहल है।
यूक्रेन में रूस की भीषण बमबारी, 4 की मौत
रूस ने शनिवार रात यूकेन पर 595 ड्रोन व 48 मिसाइलें दागीं। इस भीषण हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी कीव में हुआ।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इन हमलों पर आक्रोश जताते हुए कहा कि रूस युद्ध जारी रखना चाहता है। जेलेंस्की बोले, पूरी दुनिया को रूस पर सख्त दबाव बनाना चाहिए। इन हमलों के कारण पोलैंड को उसकी राजधानी वारसॉ के दक्षिण में वायुक्षेत्र को बंद करना पड़ा। कीव शहर प्रशासन के प्रमुख ताइमुर तकाचेंको ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिये हताहतों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शहर भर के नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर हमले किए गए। शहर के केंद्र के पास हुए विस्फोट से घना काला धुआं उठते देखा जा सकता था।
बांग्लादेश में कड़ी सुरक्षा के बीच हिंदुओं ने विधि विधान से शुरू की दुर्गा पूजा
बांग्लादेश में कड़ी सुरक्षा के बीच हिंदू समाज ने रविवार को मुख्य दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत की। दुर्गोत्सव से पहले हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ की घटना के मद्देनजर एहतियातन पूरे देश में दो लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों तैनात किया गया है।
राजधानी ढाका के ढाकेश्वरी राष्ट्रीय मंदिर में ढोल, जयकारे, शंख और मंदिर की घंटियों के बीच श्रद्धालु देवी दुर्गा का स्वागत करने के लिए उमड़ पड़े। मामूली बाधाओं के बीच महाषष्ठी के दिन देवी के चेहरे के अनावरण के साथ उत्सव का पहला दिन हर्षोल्लास के साथ शुरू हुआ। बताते चलें कि हालिया ही उपद्रवियों ने कुश्तिया जिले के मीरपुर उपजिले के स्वरूपदाह पालपाड़ा श्री श्री राखा काली मंदिर में तोड़फोड़ की थी। बांग्लादेश में दुर्गा पूजा हिंदुओं का सबसे बड़ा धार्मिक त्योहार है। बांग्लादेश पूजा उत्सव परिषद के अध्यक्ष बासुदेव धर का कहते हैं, हमें उम्मीद है कि इस साल पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। हम सरकार की दी मदद और सुरक्षा व्यवस्था से खुश हैं। उन्होंने कहा कि बीते साल के मुकाबले इस साल देश भर में पूजा मंडपों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
थाईलैंड के नए प्रधानमंत्री ने सोमवार को सांसदों को बताया कि उनकी सरकार देश की आर्थिक समस्याओं को हल करेगी, कंबोडिया के साथ चल रहे सीमा विवाद का कूटनीति के माध्यम से समाधान खोजेगी और एक नया और अधिक लोकतांत्रिक संविधान लाने के लिए प्रयास करेगी। अनुतिन चरनविराकुल के सामने खुद तय की हुई एक समयसीमा है। उन्होंने चार महीने में चुनाव कराने का वादा किया था, इसके बदले में पीपुल्स पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने का समर्थन दिया, जिसके पास संसद में सबसे अधिक सीटें हैं। उन्हें इस महीने की शुरुआत में संसद में चुना गया था।
यह पार्टी प्रगतिशील है और लंबे समय से सैन्य शासन द्वारा थोपे गए वर्तमान संविधान को बदलने की मांग करती रही है, ताकि वह अधिक लोकतांत्रिक बन सके। अनुतिन ने एक नए संविधान के मसौदे के लिए चुनी गई संविधान सभा के लिए जनमत संग्रह कराने का वादा किया था। उन्होंने सोमवार को संसद में अपनी शपथ भाषण में कहा कि उनकी सरकार जनमत संग्रह और जनता की भागीदारी का समर्थन करेगी ताकि देश की सांविधानिक राजशाही को बनाए रखा जा सके।अनुतिन ने भ्रष्टाचार और अपराध से निपटने और थाई लोगों में विश्वास और खुशी बहाल करने का भी वादा किया।
यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए संभावित मिसाइल हमले में सोमवार को अदन की खाड़ी में एक जहाज में आग लग गई। किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। यमन के मीडिया ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के नियंत्रित क्षेत्र से संभावित बैलिस्टिक मिसाइल छोड़े जाने की सूचना दी। ब्रिटिश सेना के ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर’ (यूकेएमटीओ) ने बताया कि कुछ ही देर बाद, अदन की खाड़ी में अदन के तट से लगभग 235 किलोमीटर दूर एक जहाज ने धमाके और धुआं छाने की सूचना दी। यूकेएमटीओ ने इस घटना को एक हमला बताया और निजी सुरक्षा फर्म एम्ब्रे की तरह ही क्षेत्र में मौजूद जहाजों से सावधानी बरतने का आग्रह किया। बाद में यूकेएमटीओ ने कहा, ‘एक जहाज पर किसी अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ है। जहाज में आग लगने की सूचना है।’
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि देश में मौजूद सभी धर्मों को समाजवादी समाज के अनुरूप और अधिक ढालने की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि धर्मों को चीनी संस्कृति और विचारधारा के साथ जोड़कर आगे बढ़ाना चाहिए। शी जिनपिंग 2012 से सत्ता में हैं और लगातार धर्म संबंधी नीतियों को मार्क्सवादी विचारधारा के अनुसार बदल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने तिब्बत और शिंजियांग का दौरा किया, जहां अब भी बौद्ध और उइगर मुस्लिमों की गहरी धार्मिक पहचान मौजूद है। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने शिंजियांग में उइगरों की हिरासत को लेकर चीन की आलोचना की है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में नए हाई कमिश्नर की नियुक्ति रिश्तों को सुधारने की दिशा में अहम कदम है। जयशंकर ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए बताया कि भारत-कनाडा संबंधों को मजबूत करने के लिए आगे के कदमों पर चर्चा हुई। उन्होंने अनीता आनंद के भारत दौरे का स्वागत करने की इच्छा भी जताई। हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था, जिसे कम करने के लिए यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
EAM Dr S Jaishankar tweets, "A good meeting with the Foreign Minister of Canada, Anita Anand, this morning in New York. The appointment of High Commissioners is welcome as we rebuild ties. Discussed further steps in that regard today. Look forward to welcoming FM Anand in India." pic.twitter.com/YGkEp6F2fu
— ANI (@ANI) September 29, 2025
अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना हवाई अड्डे पर यूरोप से आए अमेरिकन एयरलाइंस के विमान के लैंडिंग गियर डिब्बे में एक यात्री का शव मिला है। शार्लेट डगलस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह विमान रखरखाव कर्मचारियों ने सबसे पहले शव देखा। शार्लेट-मेक्लेनबर्ग पुलिस विभाग ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। न एयरलाइन और न पुलिस ने मृतक के बारे में कोई जानकारी दी है। अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा कि वह अपनी जांच में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही। विशेषज्ञों का मानना है कि तीन-चौथाई अवैध यात्री विमान के अंडरकैरिज में छिपकर बच नहीं पाते, क्योंकि ऊंचाई पर विमान के पहुंचने पर उन्हें अत्यधिक ठंड और ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ता है। जनवरी में फोर्ट लॉडरडेल-हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक जेटब्लू विमान के लैंडिंग गियर कंपार्टमेंट में दो शव मिले थे।
उत्तर-मध्य नाइजीरिया में एक समुदाय पर बंदूकधारियों द्वारा किए गए हमले के दौरान कम से कम 12 वन रक्षक मारे गए। स्थानीय पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता एडेटोउन एजिर-एडेमी ने एक बयान में कहा कि क्वारा प्रांत के ओके-ओडे समुदाय में रविवार को हुई हत्याओं की जिम्मेदारी फिलहाल किसी समूह ने नहीं ली है।
उत्तर कोरिया ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि हम अपना परमाणु कार्यक्रम कभी नहीं छोड़ेंगे। उप विदेश मंत्री किम सोन ग्योंग ने इसे अपने देश की संप्रभुता और अस्तित्व के अधिकार को त्यागने की मांग करने के समान बताया। 2018 में देश के विदेश मंत्री के न्यूयॉर्क दौरे के बाद से यह पहली बार था, जब उत्तर कोरिया ने महासभा में विश्व नेताओं की वार्षिक सभा को संबोधित करने के लिए प्योंगयांग से किसी अधिकारी को भेजा था।