ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत पर दुनियाभर की मीडिया का रुख
इराक की राजधानी बगदाद में हवाई अड्डे के पास शुक्रवार को हुए अमेरिकी हवाई हमलों में ईरानी मेजर जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई। मिसाइल से किए इस हमले में कम से कम आठ लोग मारे गए। वहीं पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सिज (पीएमएफ) के डिप्टी कमांडर अबु महदी अल-मुहांदिस भी इस हमले में मारा गया।
कासिम को अमेरिका के बड़े दुश्मनों में शामिल किया जाता था। अमेरिका के कट्टर प्रतिद्वंद्वी ईरान के लिए कासिम कितना महत्वपूर्ण था इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता था कि पश्चिम एशिया के सभी अभियानों को वही अंजाम दिया करते थे।
आइए देखते है ईरानी कमांडर के मारे जाने पर विदेशी मीडिया ने क्या लिखा।
अमेरिका के अखबार 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने लिखा, 'अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि बगदाद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष सुरक्षा और खुफिया कमांडर को शुक्रवार तड़के मार दिया गया।'
अखबार ने लिखा, 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के शक्तिशाली कुद्स फोर्स का नेतृत्व करने वाले कमांडर मेजर जनरल कासिम सुलेमानी जो तेहरान द्वारा समर्थित इराकी मिलिशिया के कई अधिकारियों के दस्ते के साथ बगदाद हवाई अड्डे से निकल रहे थे, तभी एक अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन ने मिसाइल से हमला किया, जिससे कमांडर की मौत हो गई।'
न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा कि, 'जनरल सुलेमानी पिछले दो दशकों में ईरानी खुफिया और सैन्य बलों द्वारा लगभग हर महत्वपूर्ण ऑपरेशन के वास्तुकार थे और उनकी मौत भूराजनीतिक संघर्ष के दौर में ईरान के लिए एक बड़े झटके के समान है।'
ऑस्ट्रेलियाई अखबार 'सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' ने लिखा, 'पेंटागन का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के सबसे मजबूत माने जाने वाले बल प्रमुख मेजर जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या कर दी है। पेंटागन ने एक बयान में कहा कि यह हमला भविष्य की ईरानी हमले योजनाओं को रोकने के उद्देश्य से की गई।'
अखबार ने लिखा, 'इराकी मिलिशिया के प्रवक्ता ने कहा कि ईरानी सैन्य कमांडर और एक इराकी मिलिशिया कमांडर अबु महदी अल-मुहांदिस की बगदाद हवाई अड्डे पर उनके काफिले पर हवाई हमला कर हत्या कर दी गई।'
ब्रिटेन के अखबारों ने क्या लिखा?
ब्रिटेन की न्यूज एजेंसी 'बीबीसी' ने लिखा, 'ईरान के सबसे शक्तिशाली सैन्य कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी को इराक में अमेरिकी हवाई हमले में मार गिराया गया है। कुद्स फोर्स के कमांडर के रूप में 62 साल के ईरानी कमांडर ने मध्य पूर्व में कई ईरानी सैन्य अभियानों को एक प्रमुख के रूप में अंजाम दिया।'
बीबीसी' ने लिखा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के तहत शुक्रवार तड़के ईरान के समर्थन वाले अन्य सैन्य लड़ाकों के साथ बगदाद हवाई अड्डे पर उनकी हत्या कर दी गई। ट्रंप ने कहा कि जनरल लाखों लोगों की मौत के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार थे। सुलेमानी की हत्या वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव में बड़ी वृद्धि हो सकती है।'
ब्रिटेन के अखबार, 'द गार्जियन' ने लिखा, 'डोनाल्ड ट्रंप के शुक्रवार को दिए आदेश से अमेरिका ने हवाई हमला कर ईरान के सबसे ताकतवर जनरल को मार डाला। इस घटना से वाशिंगटन और तेहरान के बीच इस क्षेत्र में चल रहे खूनी संघर्ष में नाटकीय वृद्धि दर्ज की गई है।'
अखबार ने लिखा, 'पॉपुलर मोबलाइजेशन फोर्सेज (पीएमएफ) के स्थानीय सहयोगियों के साथ बगदाद हवाई अड्डे पर आए कासिम सुलेमानी ड्रोन हमले की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौत हो गई। इस हमले में पीएमएफ के नेता और सुलेमानी के करीबी सहयोगी अबु महदी अल-मुहांदिस भी मारे गए।'
खाड़ी देशों के अखबारों ने क्या लिखा?
खाड़ी देश कतर के न्यूज एजेंसी 'अल-जजीरा' ने अपनी बेवसाइट पर लिखा, 'ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की ताकतवर शाखा कुद्स फोर्स के जनरल कासिम सुलेमानी को शुक्रवार सुबह बगदाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिकी हवाई हमले में मार गिराया गया है।'
न्यूज एजेंसी ने लिखा, 'व्हाइट हाउस और पेंटागन ने इराक में सुलेमानी की हत्या की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर किया गया था और इसका उद्देश्य ईरान द्वारा कथित तौर पर भविष्य में किए जाने वाले हमलों को रोकना था। सुलेमानी के सम्मान में ईरान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक अवधि घोषित की गई है।'
संयुक्त अरब अमीरात के अखबार 'गल्फ न्यूज' ने लिखा, 'ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स की शाखा कुद्स फोर्स और उसके क्षेत्रीय सुरक्षा तंत्र के वास्तुकार जनरल कासिम सुलेमानी की एक अमेरिकी हवाई हमले में मौत हो गई है। ईरान के राज्य टेलीविजन और तीन ईराकी अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है।'
अखबार ने लिखा, 'अधिकारियों ने कहा कि इस हवाई हमले में इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया संगठन पॉपुलर मोबलाइजेशन फॉर्स (पीएमएफ) के डिप्टी कमांडर अबु महदी अल-मुहांदिस को भी मार डाला है। पीएमएफ मीडिया शाखा ने कहा कि दोनों अमेरिकी हवाई हमले में मारे गए, मिसाइल ने हवाईअड्डे की सड़क पर खड़े उनके वाहन को निशाना बनाया था।'
संयुक्त अरब अमीरात के अखबार 'खलीज टाइम्स' ने लिखा, 'अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने एएफपी को बताया कि एक अमेरिकी ड्रोन ने शुक्रवार को वरिष्ठ ईरानी कमांडर कासिम सुलेमानी और इराकी अर्धसैनिक प्रमुख अबु महदी अल-मुहांदिस को मारने के लिए सटीक हवाई हमला किया। इस हमले में कासिम सुलेमानी की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक सटीक ड्रोन हमले ने बगदाद हवाई अड्डे पर दो वाहनों को टक्कर मार दी।'