Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   who-is-alice-huang-jensen-huang-affair-china-spy-allegations-4-8-billion-nvidia-chips-deal

कौन हैं एलिस हुआंग?: एंकर से बैंकर, फिर बनीं टेक कंपनी की एग्जीक्यूटिव; एनवीडिया सीईओ से कैसे बना रिश्ता

Mon, 09 Nov 2026 01:47 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 09 Nov 2026 01:47 PM IST
विज्ञापन
सार
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग के साथ कथित विवाहेतर संबंध को लेकर चर्चा में आईं एलिस हुआंग का नाम अब चीन के लिए जासूसी और अरबों डॉलर के चिप कारोबार से भी जुड़ गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि एलिस हुआंग चीन के सुरक्षा मंत्रालय के लिए जानकारी जुटा रही थीं।
loader
who-is-alice-huang-jensen-huang-affair-china-spy-allegations-4-8-billion-nvidia-chips-deal
4.8 अरब डॉलर के चिप सौदे की भी जांच - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग इन दिनों निजी रिश्तों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों के कारण चर्चा में हैं। उनके साथ कथित करीबी संबंध रखने वाली एलिस हुआंग पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह जताया गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को आशंका है कि एलिस ने एनवीडिया प्रमुख से जुड़ी जानकारियां जुटाने और कंपनी के चीन में चिप कारोबार को प्रभावित करने की कोशिश की।


इस मामले में करीब 4.8 अरब डॉलर के उन्नत एआई उपकरणों की खरीद का भी जिक्र है। एलिस हुआंग से जुड़ी कारोबारी कंपनियों ने दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर बनाए और एनवीडिया के चिप वाले उपकरण खरीदे। अमेरिकी एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इन उपकरणों को गैरकानूनी तरीके से चीन तो नहीं पहुंचाया गया।


विवाद के बीच जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने परिवार से माफी मांगते हुए कंपनी के निदेशक मंडल की ओर से शुरू की गई स्वतंत्र जांच में सहयोग करने का भरोसा दिया है।

कौन हैं एलिस हुआंग?
इस पूरे मामले में जिस महिला का नाम सामने आया है, वह एलिस हुआंग हैं। उनका उपनाम जेन्सेन हुआंग से मिलता है, लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। उन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में एलिस को जेन्सेन हुआंग के साथ देखा गया था। उस दौरान दोनों गीगाबाइट और नेटथंडर से जुड़े अधिकारियों के साथ मौजूद थे। वे वहां व्हिस्की पी रहे थे। इस मुलाकात की एक तस्वीर लिंक्डइन पर भी सामने आई थी।

मई 2025 में एआई आपूर्तिकर्ताओं के साथ रात्रिभोज के बाद ताइपे के एक रेस्तरां के बाहर भी एलिस, जेन्सेन हुआंग के पीछे खड़ी दिखाई दी थीं। उस समय एनवीडिया प्रमुख पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी अवधि में एलिस से जुड़ी एक कंपनी एनवीडिया के उन्नत उपकरण बड़े पैमाने पर खरीद रही थी।

पत्रकारिता से बैंकिंग और निवेश की दुनिया तक पहुंचीं एलिस
एलिस हुआंग के पेशेवर सफर के बारे में चीन के एक निजी फंड डेटाबेस में उपलब्ध प्रोफाइल से जानकारी मिलती है। इसके मुताबिक, उन्होंने हुनान टीवी और चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी में पत्रकार के रूप में काम किया था। इसके बाद वह एचएसबीसी से जुड़ीं। वहां उन्हें प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन के अध्यक्ष की सहायक बताया गया। बाद में उन्होंने सीआईटीआईसी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष का पद संभाला।

हालांकि, उनके पत्रकारिता करियर से जुड़े दावों पर सवाल भी उठे। न्यूयॉर्क पोस्ट ने हुनान टीवी के एक अधिकारी से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने एलिस हुआंग का नाम पहले कभी नहीं सुना। अखबार को सीसीटीवी की वेबसाइट पर भी उनके नाम से कोई प्रोफाइल नहीं मिली।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीन के लिए काम करने का संदेह
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को आशंका हुई कि एलिस हुआंग चीन की राजधानी बीजिंग तक सूचनाएं पहुंचा रही थीं। न्यूयॉर्क टाइम्स और फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्टों में एक गोपनीय ज्ञापन का हवाला दिया गया। इसमें दावा किया गया कि चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने एलिस को जेन्सेन हुआंग के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था।

आशंका यह भी जताई गई कि उन्हें एनवीडिया की ओर से चीन को उन्नत चिप बेचने की कोशिशों को प्रभावित करने का काम सौंपा गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि चीन ने एलिस को मेगास्पीड से जुड़ने से पहले भर्ती किया था या जेन्सेन हुआंग से परिचित होने के बाद। दोनों की पहली मुलाकात कब हुई, इस बारे में भी रिपोर्टों में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

कंपनी के दस्तावेजों से सामने आई कारोबारी गतिविधियां
कॉरपोरेट रिकॉर्ड के मुताबिक, चीन के मोबाइल गेमिंग कारोबार से जुड़ी सिंगापुर की कंपनी 7रोड इंटरनेशनल ने मार्च 2023 में अपना नाम बदलकर मेगास्पीड कर लिया था। इसी महीने एलिस हुआंग कंपनी की प्रबंध निदेशक बनीं। मार्च 2023 में कंपनी का स्वामित्व हुआंग ले लिमिटेड को सौंपा गया। नवंबर में यह स्वामित्व एक नई कंपनी स्विफ्टडेटा के पास चला गया। तब तक एलिस कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुकी थीं। इसके बावजूद अगले साल जून में वह ताइपे में उद्योग जगत की एक बैठक के दौरान जेन्सेन हुआंग के साथ दिखाई दीं।

एलिस का संबंध शंघाई के निवेश क्षेत्र से भी बताया गया है। एक प्रोफाइल में उन्हें शंघाई हेक्सी इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट से जुड़ा बताया गया। न्यूयॉर्क टाइम्स ने शंघाई और झेजियांग के निवेशकों तथा कंपनियों के नेटवर्क की पड़ताल की। रिपोर्ट के मुताबिक, इस नेटवर्क ने मोबाइल गेमिंग से आगे बढ़कर एआई डेटा सेंटर के कारोबार में निवेश किया था।

इस नेटवर्क का निवेश चाइना इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी ग्रुप कॉरपोरेशन की एक साइबर सुरक्षा इकाई में भी था। यह चीन का बड़ा सैन्य तकनीक समूह है। इस कारोबार से जुड़े निवेशकों ने अखबार को बताया कि एलिस और उनके सहयोगियों ने जेन्सेन हुआंग के साथ अपने संबंधों का इस्तेमाल निवेश जुटाने के लिए किया था।

4.8 अरब डॉलर के एनवीडिया उपकरणों की खरीद का मामला
मेगास्पीड ने 2024 की शुरुआत में मलेशिया में स्पीडमैट्रिक्स नाम से एक सहयोगी कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के जोहोर में दो कार्यालय थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मेगास्पीड ने एनवीडिया के उत्पाद खरीदने के लिए करीब दो अरब डॉलर खर्च करने की प्रतिबद्धता जताई थी।

लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स की ओर से उद्धृत व्यापारिक रिकॉर्ड में खरीद का आंकड़ा इससे काफी अधिक बताया गया। इन रिकॉर्ड के अनुसार, जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच मेगास्पीड की मलेशियाई सहयोगी कंपनी ने एनवीडिया के चिप वाले कम से कम 4.8 अरब डॉलर के उन्नत एआई उपकरण खरीदे।

मेगास्पीड ने मलयेशिया और इंडोनेशिया सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के कई हिस्सों में डेटा सेंटर विकसित किए। कंपनी चीन के ग्राहकों को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराती थी। उसके ग्राहकों में अलीबाबा भी शामिल था। इस कारोबारी मॉडल के तहत चीन की कंपनियां विदेश में स्थापित एनवीडिया के हार्डवेयर का इस्तेमाल किराये पर कर सकती थीं। इसके लिए चिप को सीधे चीन भेजने की जरूरत नहीं पड़ती थी।

अमेरिकी जांच एजेंसियां इस आशंका की भी जांच कर रही थीं कि कुछ उपकरणों को अवैध तरीके से चीन पहुंचाया गया हो सकता है। एनवीडिया ने हालांकि कहा है कि वह सभी कानूनों का पालन करती है और उसे चिप की तस्करी का कोई सबूत नहीं मिला है। अक्तूबर के आखिर तक मेगास्पीड एनवीडिया की क्लाउड पार्टनर सूची में शामिल थी। हालांकि, द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार तक कंपनी को पसंदीदा पार्टनर की सूची से हटा दिया गया था।

निगरानी के दौरान सामने आया जेन्सेन हुआंग का नाम
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने जो बाइडन प्रशासन के अंतिम दौर में मेगास्पीड की जांच शुरू की थी। इसी दौरान अमेरिकी खुफिया एजेंसियां एलिस हुआंग की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी कर रही थीं। इस निगरानी के दौरान उनका संपर्क एक अमेरिकी नागरिक से सामने आया। शुरुआत में उस व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी। बाद में अमेरिकी अधिकारियों ने 'अनमास्किंग' नाम की प्रक्रिया के तहत उसकी पहचान उजागर की। यह व्यक्ति एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग थे।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी डोनाल्ड ट्रंप को सार्वजनिक होने से करीब एक साल पहले ही दे दी गई थी। रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रंप ने एनवीडिया की बिक्री प्रभावित होने, बाजार में हलचल पैदा होने और चीन के साथ व्यापारिक रिश्तों पर असर पड़ने की आशंका के चलते कोई कदम नहीं उठाया।

शुरुआत में ट्रंप को जानकारी देने वाले अधिकारियों को नहीं लगता था कि जेन्सेन हुआंग को एलिस की कथित खुफिया भूमिका के बारे में जानकारी थी। हालांकि, बाद में प्रशासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने सवाल उठाया कि क्या एनवीडिया प्रमुख इस पूरे मामले से अनजान रह सकते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी खुफिया एजेंसियों के निशाने पर आए अमेरिकी नागरिकों को आमतौर पर औपचारिक चेतावनी दी जाती है, लेकिन जेन्सेन हुआंग को ऐसी कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। अक्टूबर के आखिर तक निगरानी जारी थी।

मई 2026 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की निगरानी से मिली जानकारी के आधार पर एक गोपनीय ज्ञापन तैयार किया गया था। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, यह दस्तावेज वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा था। फाइनेंशियल टाइम्स से बातचीत करने वाले लोगों ने बताया कि इसमें जेन्सेन और एलिस हुआंग के बीच प्रेम संबंध का भी उल्लेख था।

चिप निर्यात नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन पर दबाव
जेन्सेन हुआंग और अमेरिकी प्रशासन के बीच एनवीडिया चिप की बिक्री को लेकर भी चर्चा होती रही है। सितंबर में वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मान में व्हाइट हाउस में आयोजित राजकीय रात्रिभोज के दौरान प्रमुख मेज पर बैठे थे। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया ने ट्रंप के बॉलरूम फंड में कम से कम दो करोड़ डॉलर का योगदान दिया था।

हुआंग चीन को चिप निर्यात करने पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने के सबसे प्रभावशाली समर्थकों में शामिल रहे हैं। वर्तमान और पूर्व अधिकारियों ने अखबार को बताया कि ट्रंप तक उनकी पहुंच के कारण चिप निर्यात पर सख्त नियंत्रण लागू करना मुश्किल हो गया था। वाणिज्य विभाग की कुछ जांच और प्रस्तावित प्रतिबंध भी आगे नहीं बढ़ सके।

अमेरिकी कांग्रेस पहले से ही चीन को चिप बेचने के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग रही थी। इसमें एनवीडिया के H200 चिप की बिक्री की योजना भी शामिल थी। इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अमेरिकी सरकार को 25 प्रतिशत भुगतान किए जाने की बात थी।

एनवीडिया ने पहले बताया था सामान्य कारोबारी संपर्क
29 अक्तूबर को न्यूयॉर्क टाइम्स की पहली रिपोर्ट सामने आने के बाद एनवीडिया ने जेन्सेन और एलिस हुआंग की मुलाकातों को सामान्य कारोबारी संपर्क बताया था। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा था कि ग्राहकों को सामान्य कारोबारी जानकारी दी जाती है और उन्हें व्यापार से जुड़ी गोपनीय जानकारियों तक पहुंच नहीं होती। जेन्सेन हुआंग ने ब्लूमबर्ग से बातचीत में भी कहा था कि एलिस के साथ उनकी बातचीत मेगास्पीड से संबंधित थी और यह "पूरी तरह सामान्य और असामान्य नहीं" थी।

हालांकि, इसके करीब दस दिन बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र निदेशकों और बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से मामले की जांच शुरू करने का एलान किया। बोर्ड ने कहा कि उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है। साथ ही, उसने जेन्सेन हुआंग और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा जताया।

चीन और सिंगापुर ने आरोपों को किया खारिज
एलिस हुआंग पर लगाए गए आरोपों को चीन ने बेबुनियाद बताया है। बीजिंग स्थित चीनी दूतावास ने इन आरोपों को "बेबुनियाद आरोप और बदनामी" करार दिया। वहीं, सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने वॉल स्ट्रीट जर्नल की उस रिपोर्ट को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि वहां के अधिकारियों को एलिस पर चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह था और उन्होंने इस संबंध में जांच की थी।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि एलिस से 2025 में पूछताछ की गई थी और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था। सिंगापुर पुलिस ने हालांकि मेगास्पीड से जुड़ी एक अलग जांच जारी होने की पुष्टि की है। मेगास्पीड ने कहा है कि उसने मामले की जांच के लिए बाहरी कानूनी सलाहकार नियुक्त किए हैं और अमेरिकी सरकार को जांच में सहयोग करने की जानकारी दी है।

व्हाइट हाउस, सीआईए और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी ने न्यूयॉर्क टाइम्स के सवालों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अखबार के मुताबिक, अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने इस साल मेगास्पीड से जुड़ा मामला न्याय विभाग को भेजा था।

अमेरिकी संसद में भी उठा मामला
जेन्सेन हुआंग से जुड़े विवाद पर अमेरिकी संसद में भी सवाल उठने लगे हैं। रिपब्लिकन पार्टी की तीन समितियों के अध्यक्षों ने उन्हें 18 नवंबर को बंद कमरे में होने वाली बैठक में जानकारी देने के लिए बुलाया है। वहीं, डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने भी जेन्सेन हुआंग और एनवीडिया के निदेशक मंडल से इस मामले पर जवाब मांगा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed