ट्रंप समर्थकों की रैली के दौरान हिंसा का अंदेशा, वॉशिंगटन में नेशनल गार्ड तैनात
सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि डिस्ट्रिक्ट कोलंबिया के लगभग साढ़े तीन सौ नेशनल गार्ड्स को रैली के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। उनमें से 115 सड़कों पर मौजूद रहेंगे। ये गार्ड ट्रैफिक कंट्रोल के स्थलों पर खास ध्यान देंगे...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की बुधवार को होने वाली रैली को देखते हुए वॉशिंगटन में कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं। पूरे शहर में नेशनल गार्ड्स की तैनाती की गई है। ट्रंप समर्थकों ने ठीक उस समय रैली का आयोजन किया है, जब कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में राष्ट्रपति चुनाव के लिए इलेक्टोरल कॉलेज में हुए मतदान की गिनती की जाएगी। इलेक्टोरल कॉलेज में डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडन की स्पष्ट जीत हुई है। लेकिन ट्रंप और उनके समर्थक इस चुनाव परिणाम को लगातार चुनौती दे रहे हैं। इसी सिलसिले में यहां रैली का आयोजन किया जा रहा है। कुछ खबरों के मुताबिक बुधवार की रैली से पहले भी ट्रंप समर्थक यहां अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर सकते हैं।
यहां शहर के उस पूरे हिस्से में पुलिस ने पोस्टर चिपकाए हैं, जहां रैली का आयोजन होना है। पोस्टरों में चेतावनी दी गई है कि किसी भी तरह के हथियार को लेकर चलना गैर-कानूनी है। यहां के निवासियों से कहा है कि अगर वे किसी को खतरनाक हथियार लेकर चलते देखें, तो तुरंत पुलिस को उसकी सूचना दें।
पुलिस के मुताबिक उसे ये जानकारी मिली है कि बहुत से लोग हथियार लेकर वॉशिंगटन आ रहे हैं। इस बीच पुलिस ने ट्रंप समर्थक धुर-दक्षिणपंथी संगठन प्राउड बॉयज के नेता एनरिक टेरियो को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने का इल्जाम लगाया गया है। ये गिरफ्तारी वॉशिंगटन में कुछ समय पहले हुई रैली से जुड़े मामले में की गई है, जिसमें तोड़फोड़ और हिंसा की घटना हुई थी।
राष्ट्रपति ट्रंप लगातार अपने समर्थकों को रैली में आकर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि वे खुद भी रैली में जाएंगे। उन्होंने रैली के दिन को ‘एतिहासिक दिवस’ बताया था। उधर नए हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए चुनी गईं एक रिपब्लिकन सांसद ने खुलेआम एलान किया है कि वे अपनी हैंडगन को लेकर सदन में आएंगी। लेकिन सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि कोलोराडो राज्य से चुनी गईं लॉरेन बोएबर्ट ने ऐसा किया, तो उन पर भी वही कार्रवाई होगी, जो वॉशिंगटन की रैली में हथियार लेकर आने वालों पर की जाएगी।
सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि डिस्ट्रिक्ट कोलंबिया के लगभग साढ़े तीन सौ नेशनल गार्ड्स को रैली के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। उनमें से 115 सड़कों पर मौजूद रहेंगे। ये गार्ड ट्रैफिक कंट्रोल के स्थलों पर खास ध्यान देंगे। वॉशिंगटन, डिस्ट्रिक्ट कोलंबिया के तहत ही आता है। यहां गवर्नर ना होने के कारण यहां के नेशनल गार्ड्स आर्मी सेक्रेटरी के तहत आते हैँ। रक्षा अधिकारियों ने कहा है कि रैली के दौरान सैनिकों को तैनात नहीं किया जाएगा। ना ही सेना को हवाई निगरानी या खुफिया ड्यूटी में लगाया जाएगा। ये सारी ड्यूटी नेशनल गार्ड के कर्मी निभाएंगे।
पिछली रैली के दौरान प्राउड बॉयज के सदस्यों ने ब्लैक लाइव्स मैटर प्लाजा में तोड़फोड़ की थी। इस बार उस जगह को पहले से सील कर देने पर विचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि यहां कोई मसला खड़ा ना हो, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक रैली में आए लोग कैपिटल हिल (संसद स्थल) की तरफ कूच करेंगे। इसमें ट्रंप समर्थक कई नामी नेताओं के भाग लेने की संभावना है।