भारत-वियतनाम के बीच हवाई सेवाएं बहाल: नए रूट भी खोले गए, दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन के मौक बढ़ेंगे
कोरोना महामारी के कारण दोनों देशों के बीच निलंबित चल रही हवाई सेवाओं के बहाल होने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि वियतनाम और भारत के बीच नई और बढ़ी कनेक्टिविटी से व्यापार और पर्यटन के अवसर पैदा होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत और वियतनाम के बीच हवाई सेवाओं को नया आयाम देने में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के वियतनाम दौरे को यादगार बना दिया है। कोरोना महामारी के बाद से दोनों देशों के बीच स्थगित चल रही सीधी हवाई सेवाओं को ओम बिरला और वियतनाम की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष वुओंग दिन्ह ह्यू ने मंगलवार को न सिर्फ बहाल किया बल्कि नए रूट्स पर हवाई सेवाओं की शुरुआत भी की।
कोरोना महामारी से पहले वियतनाम की एयरलाइंस वियतजेट, हनोई और हो चिन मिन्ह सिटी से नई दिल्ली के लिए नियमित उड़ानों का संचालन कर रही थी। इसके अलावा बौद्ध आध्यात्मिक केंद्र बोधगया के लिए भी चार्टर उड़ानों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन महामारी आने के बाद से यह सेवाएं स्थगित थीं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की यात्रा के दौरान मंगलवार को ये उड़ानें फिर से बहाल हो गईं। हो ची मिन्ह सिटी तथा हनोई और नई दिल्ली के बीच दो मौजूदा सेवाएं 29 अप्रैल और 30 अप्रैल को फिर से शुरू होंगी।
नई उड़ानाें का भी एलान
इसके अलावा चार नए मार्ग हनोई-मुंबई, हो ची मिन्ह सिटी-मुंबई और फु-क्वोक के दक्षिणी रिसॉर्ट द्वीप को नई दिल्ली और मुंबई से जोड़ेंगे। वियतजेट एयर 2 जून से एचसीएम सिटी-मुंबई मार्ग पर हर हफ्ते चार राउंड-ट्रिप उड़ानें संचालित करेगी और 3 जून से हनोई-मुंबई मार्ग पर तीन साप्ताहिक राउंड-ट्रिप उड़ानें संचालित करेगी। इसी तरह फु क्वोक-मुंबई मार्ग पर हर हफ्ते चार राउंड-ट्रिप उड़ानें उपलब्ध होंगी और फु क्वोक-नई दिल्ली मार्ग तीन उड़ानें 8 और 9 सितंबर से उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर ओम बिरला ने कहा कि वियतनाम और भारत के बीच नई और बढ़ी हुई कनेक्टिविटी दोनों देशों के बीच व्यापार और पर्यटन के मौके उत्पन्न करेगी, जिससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को बढ़ावा मिलेगा।
गैलेक्सी डिजिटल और टेक महिंद्रा के बीच एमओयू
स्पीकर बिरला और एनए के अध्यक्ष हुए की मौजूदगी में वियतनाम की गैलेक्सी डिजिटल होल्डिंग्स, सोविको समूह और भारत के टेक महिंद्रा लिमिटेड के बीच एक संयुक्त उद्यम बनाने के समझौते के लिए दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी हुआ। इस समझौते के तहत टेक महिंद्र और गैलेक्सी डिजिटल वियतनाम में एक वैश्विक सॉफ्टवेयर विकास केंद्र स्थापित करने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा डेटा एक्सचेंज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) सेवाएं, अनुसंधान और नवाचार केंद्रों और आईटी प्रशिक्षण केंद्रों पर भी काम होगा।
वियतनाम की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, बिरला हो ची मिन्ह समाधि पर माल्यार्पण भी करेंगे और हो ची मिन्ह सिटी के पार्टी सचिव, न्ग्युएन वान नेन से मुलाकात करेंगे। वह गुरुवार को हो ची मिन्ह सिटी में एक समुदाय-सह-व्यावसायिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
घरेलू उड़ानों के यात्रियों की संख्या बढ़ी
वहीं, भारत में मार्च 2022 के दौरान करीब 1.06 करोड़ यात्रियों ने घरेलू उड़ानों से यात्रा की। यह आंकड़ा फरवरी की तुलना में 38 फीसदी अधिक है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि मार्च में सभी एयरलाइंस की सीटें भरने की दर 80 फीसदी से अधिक रही। डीजीसीए के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट, इंडिगो, विस्तार, गो फर्स्ट, एयर इंडिया और एयरएशिया इंडिया की सीटों की बुकिंग दर क्रमश: 86.9 फीसदी, 81 फीसदी, 86.1 फीसदी, 81.4 फीसदी, 85 फीसदी और 81.3 फीसदी रही। वहीं केंद्र संचालित क्षेत्रीय विमानन कंपनी अलायंस एयर की सीटों की बुकिंग 74 फीसदी रही।