फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US ship reaches South Korea for joint exercise read big news

Big News: साझा अभ्यास के लिए दक्षिण कोरिया पहुंचा अमेरिकी जहाज, सऊदी समकक्ष से मिले एस जयशंकर, पढ़ें अहम खबरें

Sat, 24 Sep 2022 01:15 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, बुसान।
एजेंसी, बुसान। Published by: Jeet Kumar Updated Sat, 24 Sep 2022 01:15 AM IST
सार

उत्तर कोरिया के बड़े हथियारों के परीक्षण और दक्षिण कोरिया एवं अमेरिका पर बढ़ते परमाणु खतरों के मद्देनजर इस साल ये सहयोगी देश बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास करेंगे।

विज्ञापन
US ship reaches South Korea for joint exercise read big news
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच ‘साझा सैन्य अभ्यास’ से पहले परमाणु हथियार से लैस अमेरिकी जहाज यूएसएस रोनाल्ड रीगन शुक्रवार को दक्षिण कोरिया के बुसान तट पर पहुंचा। इस अभ्यास का लक्ष्य उत्तर कोरिया से बढ़ते खतरे के खिलाफ अपनी ताकत का प्रदर्शन करना है।

विज्ञापन


संयुक्त अभ्यास में 2017 के बाद पहली बार अमेरिका के विमानवाहक जहाज को शामिल किया गया है, जब अमेरिका ने उत्तर कोरिया के परमाणु एवं मिसाइल परीक्षणों के जवाब में तीन विमान वाहक जहाजों और रीगन को दक्षिण कोरिया के साथ नौसेना अभ्यास के लिए भेजा था। 
विज्ञापन


उत्तर कोरिया के बड़े हथियारों के परीक्षण और दक्षिण कोरिया एवं अमेरिका पर बढ़ते परमाणु खतरों के मद्देनजर इस साल ये सहयोगी देश बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास करेंगे। दक्षिण कोरियाई नौसेना ने कहा कि साझा प्रशिक्षण से संगठन की सैन्य तत्परता में वृद्धि होगी और यह कोरियाई प्रायद्वीप में शांति-स्थिरता को दृढ़ करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


अमेरिका में सऊदी समकक्ष से मिले विदेश मंत्री जयशंकर
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की बैठक में भाग लेने के लिए अमेरिका गए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इससे इतर सऊदी समकक्ष प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से मुलाकात की।

एक ट्वीट में यह जानकारी देते हुए जयशंकर ने कहा, पूरा विश्वास है कि रणनीतिक साझेदारी परिषद हमारे संबंधों को और ऊंचे स्तर तक पहुंचाएगी। पिछले कुछ साल के दौरान सऊदी अरब के साथ राजनीतिक, सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, सांस्कृतिक और रक्षा क्षेत्र में भारत के संबंध मजबूत हुए हैं। कोविड महामारी के दौरान भी दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व में करीबी संबंध बना रहा। यह बैठक जयशंकर की 10-12 सितंबर तक हुई सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा के कुछ ही दिन बाद हुई है। विदेश मंत्री के रूप में यह उनकी पहली सऊदी यात्रा थी। 

चीन : राष्ट्रपति शी विरोधी गुट के सुरक्षा अधिकारी को दो वर्ष विलंबित मृत्युदंड
अगले महीने होने वाली सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी की कांग्रेस में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के लगातार तीसरी बार सत्ता पर काबिज होने का विरोध कर रहे राजनीतिक गुट से संबद्ध एक और उच्च अधिकारी सुन लिजुन (52) को भ्रष्टाचार के आरोप में दो साल विलंबित मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है। इससे पहले दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को रिश्वत और पद का दुरुपयोग करने के आरोप में सजा सुनाई गई थी। 

पूर्व उपमंत्री नागरिक सुरक्षा सुन पर राष्ट्रपति के खिलाफ गुट बनाने, रिश्वत लेने, शेयर बाजार को मनमुताबिक चलाने की कोशिश और अवैध रूप से आग्नेयास्त्र रखने के आरोप लगाए गए हैं। उत्तर पश्चिम चीन के जिलिन प्रांत में चेंगचुन की माध्यमिक पीपुल्स अदालत ने सुन को जीवनभर के लिए राजनीतिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया है। उनकी व्यक्तिगत संपत्तियां भी जब्त कर ली गई हैं।  

बुकर पुरस्कार विजेता लेखक हिलेरी मंटेल का 70 वर्ष की उम्र में निधन
सबसे ज्यादा बिकने वाली किताबों में शामिल वुल्फ हाल ट्रियोलॉजी की लेखक बुकर पुरस्कार विजेता हिलेरी मंटेल का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। ब्रिटेन के प्रकाशक हार्परकोलिंस ने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से बताया कि उनका निधन 22 सितंबर को हुआ। एक बयान में प्रकाशक ने कहा, हमारी संवेदनाएं उनके मित्रों और परिजनों, खासकर पति गेराल्ड, के साथ हैं। हम ऐसी शानदार पुस्तक देने के लिए उनका धन्यवाद अदा करते हैं। 

ब्रिटेन के डर्बीशायर स्थित ग्लोसोप में 1952 में जन्मी मंटेल को दो बार बुकर पुरस्कार मिला। पहली बार 2009 में थॉमस क्रोमवैल की सीरीज ‘वुल्फ हाल’ के लिए और दूसरी बार 2012 में ‘ब्रिंग अप द बॉडीज’ के लिए। 2020 में आई उनकी पुस्तक ‘द मिरर एंड द लाइट’ की खूब प्रशंसा हुई। वह उपन्यास श्रेणी में सर्वाधिक बिक्री वाली किताबों में शामिल हुई। यह लंबे समय तक उस साल के बुकर पुरस्कार की दौड़ में भी रही। एजेंसी

स्वतंत्र व खुले हिंद-प्रशांत के अमेरिकी दृष्टिकोण के केंद्र में भारत : अधिकारी
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के हिंद-प्रशांत सुरक्षा मामलों के सहायक सचिव डॉ. इले इस. रेटनर का कहना है कि भारत से सहभागिता स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के केंद्र में है। चीन की आक्रामकता के मद्देनजर हमारा ध्यान भारत के साथ लंबे समय की साझेदारी कर उसकी क्षमता बढ़ाकर शक्ति संतुलन उसके पक्ष में झुकाना है। उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका भारतीय सेना के आधुनिकीकरण में मदद कर रहा है।

पत्रकारों और थिंकटैंक विशेषज्ञों के एक समूह संग वर्चुअल गोल मेज वार्ता के दौरान रेटनर ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी की सड़क पर साथ चलते समय उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, लेकिन वास्तव में हमारा ध्यान लंबे समय की साझेदारी पर है। उन्होंने कहा कि सोमवार को पेंटागन में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मिलेंगे। हाल ही में ऑस्टिन की भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। 

सिंगापुर : जहाजरानी सौदों में भ्रष्टाचार पर भारतीय दोषी
देश में 51 वर्षीय एक भारतीय नागरिक अनंतकृष्णन नंदा को यहां एक अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी कंपनी के एक विभाग के प्रबंध निदेशक के तौर पर कार्य करने के दौरान भ्रष्टाचार का दोषी ठहराया गया। नंदा ने भ्रष्टाचार, नशीले पदार्थों की तस्करी व अन्य गंभीर अपराधों को स्वीकार किया है।

‘सिनोचेम शिपिंग सिंगापुर’ के ‘आओक्सिंग शिप मैनेंजमेंट सिंगापुर’ विभाग के प्रबंध निदेशक अनंतकृष्णन नंदा की नवंबर 2015 में मरीन केयर सिंगापुर के निदेशक एवं महाप्रबंधक कुणाल चड्ढा से मुलाकात हुई थी। ‘मरीन केयर सिंगापुर’ पोतों की सफाई व रखरखाव के लिए समुद्री रसायनों और उपकरणों की आपूर्ति करती है। दोनों में कई समझौते हुए लेकिन बाद में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया। नंदा की अब फरवरी 2023 में अदालत में पेशी के दौरान उसकी सजा पर सुनवाई होगी। नंदा पर लगे सात आरोपों में उसे पांच वर्ष तक कैद और करीब 70,000 डॉलर जुर्माना लगाया जा सकता है।

सैकड़ों लोगों ने की आबे का राजकीय अंतिम संस्कार नहीं कराने की मांग
एक पार्क में जमा हुए सैकड़ों लोगों ने जापान के सबसे लंबे समय प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार का कार्यक्रम रद्द करने की मांग लेकर प्रदर्शन किया और बैनर फहराया। प्रदर्शनकारियों में शामिल मेयुमी इशिदा ने कहा, आबे की नीतियां युद्ध समर्थक थीं। वह रक्षा पर खर्च बढ़ाने की मांग करते रहे। मुझे डर है कि आबे का दृष्टिकोण जापान को दूसरे विश्व युद्ध से पहले के सैन्यवाद की ओर ले जाने की शुरुआत है। 

पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की जुलाई में हत्या कर दी गई थी। वह युद्ध के दौर के अनुभवों के कारण सशक्त सेना का समर्थन करते थे। आलोचक उन्हें निरंकुश और युद्धवादी कहते थे। राजकीय अंतिम संस्कार का विरोध इसलिए भी बढ़ रहा है, क्योंकि नेताओं के एकीकृत चर्च के साथ करीबी रिश्ते हैं। आबे की हत्या करने वाला अपनी जिंदगी बर्बाद करने के लिए चर्च को जिम्मेदार ठहराता है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र के विकास व समृद्धि से जुड़ी है समुद्री सुरक्षा : क्वाड नेता
क्वाड देशों भारत, जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका ने यह धारणा दोहराई कि समुद्री के मामले में अंतरराष्ट्रीय कानून, शांति और सुरक्षा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास और समृद्धि से जुड़ी है। उन्होंने स्थिति में एकतरफा बदलाव कर क्षेत्र में तनाव बढ़ाने की किसी भी कोशिश का तीखा विरोध किया।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, जापानी विदेश मंत्री योशिमाशा हायेषी और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेन्नी वोंग शुक्रवार सुबह यूएनजीए के 77वें सत्र से इतर क्वाड मंत्रिस्तरीय बैठक में मिले। बैठक से पहले मंत्रियों ने मई 2022 में क्वाड नेताओं की ओर से हिंद-प्रशांत के लिए घोषित मानवीय मदद और आपातकालीन सहायता सहभागिता संचालन के दिशा-निर्देशों पर हस्ताक्षर किए। साथ ही, अपने क्षेत्र में रैनसमवेयर पर लगाम कसने के लिए भी एक बयान जारी किया। 

जॉर्जिया मेलोनी हो सकती हैं इटली की पहली महिला पीएम
एक महिला जॉर्जिया मेलोनी देश की राजनीति के केंद्र में हैं। धुर दक्षिणपंथी मेलोनी रविवार को होने वाले चुनाव के बाद इटली की प्रधानमंत्री बन सकती हैं। एक समय वह सात माह की गर्भवती होते हुए मेयर का चुनाव लड़ी थीं, क्योंकि एक आदमी ने उनसे कहा था कि वह यह नहीं कर सकतीं।

उनके भाषण में यह वक्तव्य मशहूर है, ‘मैं एक महिला और मां हूं।’ वह अक्सर गर्व से बताती हैं कि उन्होंने किस तरह ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ पार्टी शुरू की और किसी के विशिष्ट व्यवहार के बिना ही राष्ट्रीय राजनीति में आ गईं। 

महिला अधिकार कार्यकर्ता खुश हैं कि आखिर एक महिला को इटली पर राज करने का मौका मिल सकता है। लेकिन मेलोनी के धुर दक्षिणपंथी एजेंडे से डरते भी हैं। उनके गर्भपात पर रोक लगाने, कोटे के विरोध और अन्य उपायों से महिलाओं को ही समस्या हो सकती है।

मेक्सिको में क्लॉडिया के पहली महिला राष्ट्रपति बनने के आसार
प्रशिक्षित भौतिक विज्ञानी और मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी की मेयर क्लॉडिया शीइनबियम (60) देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनने की होड़ में हैं। उन्हें उम्मीद है कि पर्यावरण के लिए काम और अपराध नियंत्रण में कामयाबी 2024 में सर्वोच्च पद के लिए मार्ग प्रशस्त करेंगे। देश के वामपंथी राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडर की वफादार सहयोगी क्लॉडिया को हाल में हुए जनमत सर्वेक्षणों में प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त मिली है।

नया दूरसंचार बिल छह से 10 महीने में आ सकता है: वैष्णव
दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि नया दूरसंचार बिल छह से 10 महीने के भीतर लाया जा सकता है। हालांकि, इसे लेकर सरकार किसी जल्दबाजी में नहीं है। अंतिम रूप से बिल के क्रियान्वयन की समयसीमा के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि विचार-विमर्श की प्रक्रिया के बाद इसका अंतिम मसौदा तैयार किया जाएगा। 

इसके बाद इसे संबंधित संसदीय समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। वहां से इसे संसद में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, मेरे ख्याल से इसमें छह से 10 महीने का समय लग सकता है। दूरसंचार विभाग ने मसौदा विधेयक के लिए 20 अक्तूबर की समयसीमा तय की है। यह विधेयक तीनों कानूनों भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम-1885, भारतीय वायरलेस टेलीग्राफ अधिनियम-1933 और टेलीग्राफ वायर्स (विधि विरुद्ध कब्जा) अधिनियम-1950 का स्थान लेगा। 

हालांकि, संभावित नए अधिनियम के तहत काम को सुचारु रूप से चलाने और किसी भी संभावित व्यवधान से बचने के लिए निरस्त कानूनों के तहत की गई कार्रवाइयों की निरंतरता को बरकरार रखा जाएगा। इसके लिए निरस्त कानूनों को उस समय तक जारी रखा जाएगा, जब तक कि नए नियम तैयार नहीं हो जाते।

नया भारत स्वास्थ्य क्षेत्र के खतरों से निपटने को तैयार : मांडविया
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को दावा किया कि नया भारत स्वास्थ्य क्षेत्र के हर खतरे से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने स्वास्थ्य नीतियों पर चर्चाओं के राजनीतिकरण से बचने और बुनियादी ढांचा विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, देश में सभी को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए अधिक समग्र दृष्टिकोण अपनाना होगा।

सात साल बाद कल लालू के साथ सोनिया से मिलेंगे नीतीश कुमार
विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम चला रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार शाम को राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं की साल 2015 के बाद यह पहली मुलाकात होगी।

मुलाकात में विपक्ष को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने पर चर्चा होगी। उधर, नीतीश कुमार ने बिना कांग्रेस के क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने के ममता बनर्जी और के चंद्रशेखर राव के फार्मूले को अस्वीकार कर दिया है। उनके साथ एनसीपी नेता शरद पवार का भी मानना है कि कांग्रेस के बिना विपक्षी एकता का कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed