Thailand: 217 डिजाइनर बैग, 75 लग्जरी घड़ियां, जानें कितनी अमीर हैं थाईलैंड की सबसे युवा पीएम शिनावात्रा
थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा के पास 162 मिलियन बहत की कीमत की 75 घड़ियां, 76 मिलियन बहत के 217 हैंडबैग हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपनी संपत्ति की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी। पैटोंगटार्न के पास 13.8 बिलियन बहत (लगभग 400 मिलियन डॉलर) की संपत्ति है।
विस्तार
थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा ने शुक्रवार को अपनी संपत्ति की घोषणा की। उनकी 400 मिलियन डॉलर से ज्यादा की संपत्ति में 217 डिजाइनर हैंडबैग, 75 लग्जरी घड़ियां शामिल हैं। उनकी राजनीतिक पार्टी ने यह जानकारी राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (एनएसीसी) को दी है। गौरतलब है कि शिनावात्रा थाईलैंड की अब तक की सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पैटोंगटार्न की कुल संपत्ति 13.8 बिलियन बहत (लगभग 400 मिलियन डॉलर) है। इसमें 11 बिलियन बहत के निवेश और एक बिलियन बहत नकद और जमा शामिल हैं। उनकी संपत्ति में 162 मिलियन बहत की कीमत की 75 घड़ियां, 39 अन्य टाइमपीस और 76 मिलियन बहत की कीमत के 217 हैंडबैग शामिल हैं। इसके अलावा, उनके पास लंदन और जापान में भी संपत्ति है।
स्थानीय मीडिया द्वारा साझा किए गए NACC के दस्तावेज के अनुसार, पैटोंगटार्न ने लगभग 5 बिलियन बहत की देनदारियों की जानकारी दी है, जिसके बाद उनकी कुल संपत्ति 8.9 बिलियन बहत (258 मिलियन डॉलर) रह गई है।
कौन हैं पैटोंगटार्न शिनावात्रा?
पैटोंगटार्न थाइलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा की सबसे छोटी बेटी हैं। इंग उपनाम से जानी जाने वाली पैटोंगटार्न ने थाईलैंड के प्रतिष्ठित चुलालोंगकोर्न विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान और ब्रिटेन से होटल मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री की। 17 साल की उम्र में वह तब सुर्खियों में आई थी जब मास्टर की पढ़ाई के दौरान उन्होंने मैकडॉनल्ड्स में पाार्ट टाइम नौकरी की। इसी दौरान थाईलैंड के तत्कालीन प्रधानमंत्री और उनके पिता के कार्यस्थल पर अचानक उतार-चढ़ाव आने से वह सुर्खियों में आ गई।
होटल के सीईओ के रूप में भी किया काम
पैटोंगटार्न का सफर यहीं नहीं रुका। उन्होंने रैंड डेवलपमेंट कंपनी होटल के सीईओ के रूप में भी काम किया, जहां उन्होंने अपने नेतृत्व कौशल को निखारा। वे इस पद पर तब तक रहीं जब तक कि उन्होंने राजनीति में पूरी तरह से कदम नहीं रखा।
दो बच्चों की मां हैं नई पीएम
पैटोंगटार्न ने कमर्शियल पायलट पिडोक सूकसावास से शादी की। दंपती के दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटे को उन्होंने ने पिछले साल चुनाव प्रचार के दौरान जन्म दिया था।
साल 2021 में आई राजनीति में
2021 में, उन्होंने फिउ थाई पार्टी के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इस कदम ने उनके जीवन में एक नया मोड़ लाया, और जल्द ही वे पार्टी के भीतर एक प्रमुख नेता बन गई। 2023 के चुनाव में, वे फिउ थाई पार्टी का महत्वपूर्ण चेहरा बनीं। उन्होंने कम उम्र में ही देखा कि कैसे उनके पिता को राजनीतिक संघर्षों के कारण देश छोड़ना पड़ा और परिवार को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
साल 2023 के चुनावों में जब वह फेउ थाई के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों में से एक थीं। अपनी गर्भावस्था के आखिर तक पैटोंगटार्न शिनावात्रा पूरे थाईलैंड में चुनाव प्रचार करती नजर आई थीं। मगर, मतदान के दिन से ठीक दो हफ्ते पहले उन्होंने बच्चे को जन्म दिया था।
इस कंपनी के शेयर में बड़ी हिस्सेदारी
एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में वह फर्म एससी एसेट कॉर्प पीसीएल की सबसे बड़ी शेयरधारक हैं, जिनकी 28.5 फीसदी हिस्सेदारी (लगभग 152 मिलियन डॉलर) है।
पैटोंगटार्न के पिता थाईलैंड के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति
फोर्ब्स के अनुसार, पैटोंगटार्न के पिता थाकसिन शिनावात्रा की अनुमानित संपत्ति 2.1 बिलियन डॉलर है। वह थाईलैंड में 10वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। थाकसिन कभी मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब के मालिक थे। उन्होंने अपनी दूरसंचार कंपनी से प्राप्त धन से राजनीति में प्रवेश किया और तख्तापलट के बाद निर्वासन में रहने के दौरान भी उनके परिवार का महत्वपूर्ण प्रभाव बना रहा।