Taiwan: 'हमारे द्वीप जैसे मॉडल बनाकर हमले की तैयारी कर रहा चीन', ताइवानी रक्षा मंत्रालय का बड़ा खुलासा
ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि चीन हमारे द्वीप जैसे मॉडल बनाकर हमले की तैयारी कर रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि चीन हमारे द्वीप जैसे मॉडल बनाकर हमले की तैयारी कर रहा है। ताइवान ने कहा कि चीन हमारी धरती पर हमले के लिए साजिश रच रहा है। समाचार एजेंसी एएफपी ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि, थोड़ी देर पहले भी ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा था कि कई चीनी विमानों और जहाजों को ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार करते हुए देखा गया था। बता दें कि अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के आने के बाद से ही चीन ताइवान को धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं लाइव फायर ड्रिल कर डराने की कोशिश कर रहा है। हालांकि अमेरिका ड्रैगन की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है।
ताइवानी सेना ने भी हवाई टोही गश्ती बलों व जहाजों को तैनात किया, मिसाइलें भी तैयार
ताइवान ने कहा है कि चीनी विमानों और युद्धपोतों ने शनिवार को भी द्वीप पर हमले का पूर्वाभ्यास किया। ताइवान के मुताबिक, चीन का सैन्याभ्यास स्वशासित द्वीप पर हमले की तरह प्रतीत होता है क्योंकि चीन के कई युद्धपोतों व लड़ाकू विमानों ने शनिवार को ताइवानी क्षेत्र की मध्य रेखा को पार किया।
इससे पहले अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी के दौरे से खफा चीन ने अमेरिका से हर मुद्दे पर वार्ता को रोक दिया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीन के कई जहाजों और विमानों ने ताइवान स्ट्रेट में युद्ध अभियान चलाए। ताइवानी सेना ने इन्हें एक हमले के रूप में वर्णित किया।
चीन की ईस्टर्न थिएटर कमांड ने भी ताइवान के उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और पूर्व में समुद्री तथा हवाई संयुक्त अभ्यास की पुष्टि की। चीन ने ताइवान के पूर्वी तट के पास और जापानी द्वीपों के करीब, चीनी युद्धपोतों व ड्रोन से अमेरिकी-जापानी युद्धपोतों पर नकली हमले भी किए। इसकी प्रतिक्रिया में ताइवानी सेना ने निगरानी के लिए हवाई टोही गश्ती बलों और जहाजों को तैनात करते हुए चेतावनी दी और तट पर मौजूद मिसाइलों को तैयार कर दिया।
चीन के सैन्य अभ्यास पर करीबी नजर : ताइवान
ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने कहा, हमारी सरकार व सेना चीन के सैन्य अभ्यास पर करीबी नजर रख रही है और जरूरत के अनुसार प्रतिक्रिया देने को तैयार है। मैं विश्व बिरादरी से लोकतांत्रिक ताइवान का समर्थन करने और क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति में तनाव बढ़ने से रोकने की अपील करती हूं।
किनमेन के पास तक युद्धाभ्यास
किनमेन ताइवान के शासन वाला द्वीप समूह है। चीन ने शनिवार को इसके नजदीक आकर युद्धाभ्यास किया। यह फुजियान प्रांत स्थित चीन के तटीय शहर शियामेन से महज 10 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। चीन का सैन्य अभ्यास बृहस्पतिवार को शुरू हुआ था और इसके रविवार तक चलने की संभावना है।
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान बोले- तुरंत सैन्याभ्यास बंद करे चीन
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने शनिवार को चीन द्वारा बैलेस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण की निंदा की और चीन से तुरंत सैन्याभ्यास बंद करने का आग्रह किया। ताइवानी स्ट्रेट के आसपास आज कई चीनी विमानों और जहाजों की मौजूदगी का पता चला है जो इस मुख्य द्वीप पर हमले की नकल दिखते हैं। ताइवानी रक्षा मंत्रालय ने कहा वह सशस्त्र बलों के किसी भी हमले का जवाब देने को तैयार है।
ताइवानी मिसाइल उत्पादन के उप प्रमुख की हृदयाघात से मौत
चीन-ताइवान तनाव के बीच ताइवानी रक्षा मंत्रालय की अनुसंधान और विकास इकाई के उप प्रमुख यांग ली-हिंग (57) शनिवार की सुबह एक कमरे में मृत पाए गए। वह मिसाइल उत्पादन कार्यक्रम देखते थे। आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘सीएनए’ ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके चलते उन्होंने दम तोड़ दिया। सैन्य स्वामित्व वाले नेशनल चुंग-शान इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के उप प्रमुख की दक्षिणी ताइवान में एक होटल के कमरे में मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि होटल के कमरे में किसी भी घुसपैठ के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
फिलीपीन में ब्लिंकेन-मार्कोस मिले
फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंस मार्कोस जूनियर ने अमेरिका-चीन रिश्तों में आई तल्खी के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन से मुलाकात की। ब्लिंकेन पद संभालने के बाद फिलीपीन की यात्रा करने वाले सर्वोच्च रैंक के पहले अमेरिकी राजनयिक हैं। मार्कोस ने कहा, वह इस सप्ताह नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से संबंधित घटनाक्रमों के पल-पल बदलते रहने को लेकर हैरान थे। उन्होंने कहा, यह दर्शाता है कि न केवल यह क्षेत्र, बल्कि विश्व राजनयिक परिदृश्य कितना अस्थिर है।
शुक्रवार को भी चीन ने किया था युद्ध अभ्यास
बता दें कि इससे पहले चीन ने शुक्रवार को भी युद्ध अभ्यास किया था। चीन ने इस दौरान 68 एयरक्राफट, 13 जहाज ताइवान के सीमा के पास समुद्र के चारों तरफ उड़ाए। वहीं चीन की इस तानाशाही से ताइवान भी भड़क गया और जलसंधि के उल्लंघन का आरोप लगा दिया। इसके अलावा चीनी ईस्टर्न थिएटर कमांड ने मिसाइलों के नए संस्करणों की लांचिंग करते हुए ताइवान स्ट्रेट में अज्ञात लक्ष्यों पर सटीक निशाना साधने का दावा किया । इनमें ताइवान पर प्रशांत क्षेत्र में दागे गए प्रोजेक्टाइल शामिल थे। चीनी सैन्याभ्यास के दूसरे दिन चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के वायुक्षेत्र में भी घुसे, जिनमें 20 जंगी विमान और 10 युद्धपोतों ने ताइवानी स्ट्रेट की मीडियन लाइन को पार कर लिया।
नैंसी पेलोसी ने कहा, ताइवान को अलग-थलग नहीं कर पाएगा चीन
अमेरिकी अधिकारियों को वहां की यात्रा करने से रोककर चीन ताइवान को अलग-थलग नहीं कर पाएगा, यूएस हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी ने शुक्रवार को टोक्यो में यह बात कही। पेलोसी ने कहा कि बीजिंग ने ताइवान को अलग-थलग करने की कोशिश की है, जिसमें स्वशासी द्वीप को विश्व स्वास्थ्य संगठन में शामिल होने से रोकना भी शामिल है। चीन ताइवान को अन्य स्थानों पर जाने या भाग लेने से रोकने की कोशिश कर सकता है, लेकिन वे हमें वहां की यात्रा करने से रोककर ताइवान को अलग-थलग नहीं कर सकते। पेलोसी ने अपनी यात्रा का बचाव करते हुए यह बात कही, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।