Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Sheikh Hasina Slams Bangladesh Government Recalls Pakistan Military Atrocities And Announces Return

हसीना को याद आए पाकिस्तान के बूट: बोलीं- आजादी नहीं मिलती तो क्या होता; 16 दिसंबर को ही क्यों लौटेंगी वतन?

Sun, 29 Nov 2026 05:26 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, ढाका/नई दिल्ली।
पीटीआई, ढाका/नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Sun, 29 Nov 2026 05:26 PM IST
सार

पाकिस्तान के बूटों की ठोकरों से लेकर बांग्लादेश की मौजूदा सत्ता तक...शेख हसीना ने एक ही संबोधन में कई मोर्चे खोल दिए। अब 16 दिसंबर को उनकी वतन वापसी और अदालत में सरेंडर के एलान ने बांग्लादेश की सियासत में नया सवाल खड़ा कर दिया है।

विज्ञापन
Sheikh Hasina Slams Bangladesh Government Recalls Pakistan Military Atrocities And Announces Return
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री को अचानक 1971 का मुक्ति संग्राम और पाकिस्तानी सेना के बूट याद आ गए। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश आजाद नहीं हुआ होता तो आज वहां के लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों की ठोकरें सहनी पड़तीं। लेकिन हसीना का निशाना सिर्फ पाकिस्तान नहीं था। उन्होंने अपने ही देश की मौजूदा सरकार पर स्वतंत्रता सेनानियों के उत्पीड़न, हिरासत में हत्याओं और अवामी लीग को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया। इस बीच उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने और अदालत में आत्मसमर्पण करने की बात कहकर सबको चौंका दिया है। सवाल है कि आखिर हसीना ने एक साथ पाकिस्तान की सेना, मौजूदा सरकार और अपनी वापसी का मुद्दा क्यों उठाया?
विज्ञापन


हसीना ने शनिवार को जूम के जरिए ऑडियो संबोधन दिया। यह बांग्लादेश अवामी लीग की 'दयामुक्ति' लाइव सीरीज का 98वां एपिसोड था। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके कुछ दिन पहले ही उन्होंने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा की थी।
विज्ञापन


पाकिस्तानी सेना को लेकर हसीना ने क्या कहा?
शेख हसीना ने 1971 के मुक्ति संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना की क्रूरता झेलनी पड़ती। हसीना ने कहा, 'उन्हें पाकिस्तानी सैन्य बलों के बूटों की ठोकरें सहनी पड़तीं।'
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने लोगों से मौजूदा अधिकारियों के खिलाफ एकजुट होने की अपील भी की। हसीना ने कहा, 'हमें उनके खिलाफ एक साथ खड़ा होना चाहिए। अगर हमें जीना है तो सम्मान के साथ जीना होगा।' उन्होंने आरोप लगाया कि आज स्वतंत्रता सेनानियों को एक-एक करके खत्म किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया।

हसीना ने और क्या आरोप लगाए? 
शेख हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में स्वतंत्रता सेनानियों और बंदियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उनके मुताबिक, हिरासत में लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाइयां और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं तक नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बंदियों को अस्पताल ले जाने के बाद उनके परिवारों को भी इसकी सही जानकारी नहीं दी जाती। हसीना ने यह भी आरोप लगाया कि एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर उसका शव पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, उन्होंने इस घटना के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वतंत्रता सेनानियों के साथ इससे ज्यादा अमानवीय व्यवहार क्या हो सकता है?

पिता मुजीबुर रहमान को याद कर क्या बोलीं हसीना?
अपने संबोधन में हसीना ने पिता शेख मुजीबुर रहमान के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने उन्हें बांग्लादेश का राष्ट्रपिता बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लोगों के लिए समर्पित कर दिया था। हसीना के मुताबिक, मुजीबुर रहमान ने बांग्लादेश को स्वतंत्र जमीन और अलग राष्ट्रीय पहचान दिलाई। वह देश के लोगों की किस्मत बदलना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने का मौका नहीं मिला। हसीना ने कहा कि अगर उनके पिता जीवित होते तो आजादी के 10 साल के भीतर बांग्लादेश एक विकसित देश बन गया होता।

1971 में बांग्लादेश की आजादी के बाद मुजीबुर रहमान जनवरी 1972 में पाकिस्तान की जेल से रिहा होकर लौटे थे। वह देश के पहले प्रधानमंत्री बने। इससे पहले वह बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति भी रह चुके थे। जनवरी 1975 में सांविधानिक बदलाव के बाद वह दोबारा राष्ट्रपति बने।

15 अगस्त 1975 को ढाका स्थित उनके आवास पर सैन्य तख्तापलट के दौरान उनकी और परिवार के ज्यादातर सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। उस समय उनकी बेटियां शेख हसीना और शेख रेहाना पश्चिम जर्मनी में थीं। इसलिए दोनों की जान बच गई थी। पिता की हत्या के समय हसीना 27 साल की थीं।

सत्ता में बैठे लोग देश को विनाश की ओर ले जा रहे: हसीना
हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में शुरू किए गए सामुदायिक क्लीनिक बंद किए जा रहे हैं। इन क्लीनिकों के जरिए आम लोगों, माताओं और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग देश को विनाश की ओर ले जा रहे हैं। हसीना ने यह भी कहा कि सरकार गरीबों को गरीब बनाए रखना चाहती है और ब्याज आधारित कारोबार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश में इंसान की जिंदगी सबसे सस्ती हो गई है, जबकि जरूरी सामान, बिजली और गैस की कीमतें बढ़ गई हैं।

अवामी लीग पर प्रतिबंध को लेकर क्या बोलीं हसीना?
हसीना ने अवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वे अवामी लीग को कैसे खत्म करेंगे? क्या अवामी लीग कोई छोटी-मोटी पार्टी है? उन्हें अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने का कोई अधिकार नहीं है।

बांग्लादेश में अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर मई 2025 से प्रतिबंध लगा हुआ है। यह प्रतिबंध उस अंतरिम सरकार के दौरान लगाया गया था, जिसने अगस्त 2024 में हसीना की 15 साल पुरानी सरकार के गिरने के बाद सत्ता संभाली थी। फरवरी 2026 में सत्ता में आई बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखा है।

हसीना कब और किन हालात में लौटना चाहती हैं बांग्लादेश?
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। वह 5 अगस्त 2024 से नई दिल्ली में रह रही हैं। नवंबर 2025 में उन्हें 2024 के प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। भारत ने कहा है कि इस अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है। इस मुद्दे पर दोनों देशों के संबंधों में तनाव भी सामने आया है। हसीना ने कहा है कि वह अपनी मर्जी से बांग्लादेश लौटेंगी और अदालत के सामने आत्मसमर्पण करेंगी। उनके वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग भी की थी। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने इसी महीने उनके नए यात्रा दस्तावेज जारी करने के अनुरोध को खारिज कर दिया। इसके बाद वहां फिर से अशांति की स्थिति बनी।

बांग्लादेश की राजनीति में दो परिवारों की लंबी लड़ाई
बांग्लादेश की राजनीति लंबे समय से शेख मुजीबुर रहमान और जियाउर रहमान के परिवारों के बीच टकराव से प्रभावित रही है। जियाउर रहमान ने 1978 में बीएनपी की स्थापना की थी। उनकी पत्नी खालिदा जिया बाद में पार्टी की प्रमुख बनीं और शेख हसीना की सबसे बड़ी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहीं। जियाउर रहमान ने 1971 में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ विद्रोह में हिस्सा लिया था। उन्होंने 27 मार्च 1971 को शेख मुजीबुर रहमान की ओर से बांग्लादेश की आजादी की घोषणा प्रसारित की थी। वहीं, शेख हसीना ने अपने पिता की पार्टी अवामी लीग का नेतृत्व किया।


खालिदा जिया तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनीं। 30 दिसंबर 2025 को 80 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। अब बीएनपी की सरकार का नेतृत्व उनके बेटे तारिक रहमान कर रहे हैं, जिन्होंने फरवरी में चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद संभाला।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed