{"_id":"62d892d4bd5b8a56ac7a3f2f","slug":"s-jaishankar-may-address-the-united-nations-general-assembly-session","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को संबोधित कर सकते हैं जयशंकर, चीन में गैस धमाका, पढ़ें अहम खबरें","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Big News: संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र को संबोधित कर सकते हैं जयशंकर, चीन में गैस धमाका, पढ़ें अहम खबरें
Thu, 21 Jul 2022 05:12 AM IST
Jeet Kumar
एजेंसी, संयुक्त राष्ट्र।
एजेंसी, संयुक्त राष्ट्र।
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 21 Jul 2022 05:12 AM IST
सार
प्रारंभिक सूची में जयशंकर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और 24 सितंबर की दोपहर को उच्च स्तरीय सत्र को संबोधित करेंगे। वहीं चीन के शहर तियांजिन शहर में एक छह मंजिला आवासीय भवन में गैस विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
एस जयशंकर
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विदेश मंत्री एस जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक उच्च स्तरीय वार्षिक सत्र को सितंबर में संबोधित कर सकते हैं। यहां विश्व निकाय द्वारा जारी एक प्रारंभिक सूची में यह जानकारी दी गई। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के लिए आम चर्चा 20 सितंबर से शुरू होनी है।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के, 193 सदस्यीय महासभा के इस सत्र में वैश्विक नेताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। यह चर्चा 26 सितंबर तक चलेगी। प्रारंभिक सूची में जयशंकर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और 24 सितंबर की दोपहर को उच्च स्तरीय सत्र को संबोधित करेंगे। गत वर्ष नरेंद्र मोदी ने महासभा के उच्च स्तरीय सत्र को संबोधित किया था।
विज्ञापन
पेशेवर शख्स ने की रिपुदमन सिंह की हत्या : पूर्व अधिकारी
ब्रिटिश कोलंबिया के पूर्व महाधिवक्ता काश हीड ने बताया कि कनाडा में 1985 के एयर इंडिया कनिष्क आतंकी बमबारी मामले में बरी हुए रिपुदमन सिंह मलिक की हत्या के पीछे एक पेशेवर शख्स शामिल हो सकता है। मलिक की हत्या 15 जुलाई को गोली मारकर की गई थी। पुलिस इस मामले में हत्यारों की तलाश कर रही है और उसने कुछ हिट लिस्ट वाले लोगों की पहचान की है। काश हीड ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों और रॉयल कनैडियन माउंटेड पुलिस के लिए यह एक कठिन जांच होने जा रही है। पुलिस को गोपनीय मुखबिर को खोजने की कोशिश करनी होगी।
विज्ञापन
भारतीय सेना प्रमुख जनरल पांडेय ने शेख हसीना से शिष्टाचार भेंट की
भारतीय सेना प्रमुख मनोज पांडेय ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने अपनी पहली यात्रा के दौरान शीर्ष सैन्य कमांडरों के साथ बातचीत भी की।
भारतीय सेना प्रमुख जनरल पांडेय इन दिनों बांग्लादेशी जनरल एसएम शफीउद्दीन अहमद के निमंत्रण पर बांग्लादेश के तीन दिनी दौरे पर हैं। ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, जनरल मनोज पांडे ने रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज, मीरपुर का दौरा किया और सशस्त्र बल युद्ध पाठ्यक्रम के प्रशिक्षु अधिकारियों और फैकल्टी के लिए भारत के सुरक्षा परिप्रेक्ष्य पर एक व्याख्यान दिया।
सेना प्रमुख ने ‘बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ पीस सपोर्ट एंड ऑपरेशन ट्रेनिंग’ के सदस्यों के साथ भी चर्चा की। यह संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के लिए बांग्लादेश के शांति सैनिकों को प्रशिक्षण देने वाला एक प्रमुख संस्थान है। भारतीय सेना प्रमुख जनरल पांडेय के साथ उनकी पत्नी अर्चना पांडेय और तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
चीन के तियांजिन शहर में गैस धमाका, 1 की मौत 12 घायल
चीन के शहर तियांजिन शहर में एक छह मंजिला आवासीय भवन में गैस विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। तियांजिन की सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई ‘तियांजिन डेली’ की खबर के अनुसार, धमाके के 10 घंटे बाद शाम 5:40 बजे फंसे हुए एक व्यक्ति को निकाला गया जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। फंसे हुए तीन और लोगों की तलाश जारी है तथा घायल हुए दर्जनभर अन्य लोगों के जीवन पर संकट नहीं है। शहर के बीचेन क्षेत्र में सुबह सवा सात बजे धमाका हुआ। धमाके के कारण की जांच की जा रही है।
सेज के कर्मचारियों को अधिकतम एक साल तक वर्क फ्रॉम होम की सुविधा
वाणिज्य मंत्रालय ने विशेष आर्थिक जोन (सेज) की किसी इकाई में काम करने वालों के लिए घर से काम करने (वर्क फ्रॉम होम) की सुविधा की अधिकतम अवधि एक साल तय कर दी है। इकाई के अधिकतम 50 फीसदी कर्मचारियों को यह सुविधा दी जा सकेगी। 50 फीसदी में ठेके पर काम कर रहे कर्मी शामिल माने जाएंगे। मंत्रालय ने सेज नियम, 2006 से संबंधित नए नियम 43ए को अधिसूचित करते हुए मंगलवार को यह जानकारी दी है।
मंत्रालय ने कहा कि उद्योगों की मांग पर पूरे देश में सेज इकाइयों के लिए एक समान वर्क फ्रॉम होम नियम लागू करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। नए नियम सेज इकाई में काम करने वाले कुछ विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को घर से काम करने की इजाजत देते हैं। इनमें आईटी, आईटीईएस कर्मचारी, अस्थाई रूप से अक्षम, यात्रा कर रहे या विदेश में काम कर रहे कर्मचारी शामिल हैं।
मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे नौ दिन के ईडी रिमांड पर
दिल्ली की एक अदालत ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) कर्मचारियों के अवैध फोन टैपिंग मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त संजय पांडे को नौ दिन के ईडी के रिमांड पर भेज दिया।
विशेष जज सुनैना शर्मा ने ईडी को अन्य आरोपियों के साथ पांडे से पूछताछ की इजाजत दे दी। ईडी की ओर से अदालत में पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने आगे की पूछताछ के लिए 14 दिन के रिमांड की मांग की थी।
अन्नाद्रमुक मुख्यालय से हटे सील, सौंपें चाबी : हाईकोर्ट
मद्रास हाईकोर्ट ने अन्नाद्रमुक मुख्यालय से सील हटाने और चाबी सौंपने का निर्देश दिया है। गत 11 जुलाई को पलानीस्वामी और ओ पनीरसेल्वम के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा के बाद सरकार ने मुख्यालय को सील कर दिया था। जस्टिस एन सतीश कुमार ने बुधवार को पलानीस्वामी की याचिका पर आदेश पारित करते हुए सरकार की कार्रवाई को रद्द कर दिया। कोर्ट ने सील हटाने और पलानीस्वामी को चाबी सौंपने का निर्देश दिया।
अग्निपथ के खिलाफ याचिकाओं पर 25 अगस्त को सुनवाई
दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को कहा, सुप्रीम कोर्ट से स्थानांतरित याचिकाओं की फाइल प्राप्त नहीं होने के कारण अग्निपथ योजना के खिलाफ याचिकाओं पर अब 25 अगस्त को सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद की पीठ को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने मामले में उसके पास लंबित याचिकाएं 19 जुलाई को हाईकोर्ट हस्तांतरित कर दी हैं।
साथ ही केरल, पंजाब-हरियाणा, पटना व उत्तराखंड हाईकोर्ट को भी लंबित याचिकाएं दिल्ली हाईकोर्ट के पास स्थानांतरित करने या इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला आने तक उन पर सुनवाई नहीं करने का निर्देश दिया था।